Raksha Bandhan 2026: Gen Z ने बदला राखी और गिफ्टिंग का अंदाज

Raksha Bandhan 2026: पर Gen Z का नया अंदाज देखने को मिल रहा है। जानें QR Code, फोटो, LED और बीज वाली राखी से लेकर नए गिफ्टिंग ट्रेंड तक।

Jyotsana Singh
Published on: 12 Aug 2026 4:21 PM IST
Raksha Bandhan 2026: How Gen Z Is Changing the Way We Celebrate Rakhi
X

Raksha Bandhan 2026: How Gen Z Is Changing the Way We Celebrate Rakhi

Raksha Bandhan 2026: भाई बहन के बीच गहरे प्यार और सुरक्षा की बुनियाद बुलंद करता रक्षाबंधन का त्योहार इस साल फिर अनगिनत रौनकों के साथ आने को तैयार है। रेशम की नाजुक डोर से बंधने वाला यह मजबूत रिश्ता हमेशा यूँ ही खूबसूरती बिखेरता रहेगा लेकिन समय के बदलाव के साथ इसको जाहिर करने का अंदाज जरूर बदल रहा है। कभी रक्षाबंधन पर बाजार जाकर परिवार में बड़े बाजार से चुन चुन कर सुंदर राखियां खरीदकर घर लाते थे, वहीं आज Gen Z अपने भाई-बहन की पसंद, साझा यादों और व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर राखी चुन रही है। कहीं कलाई पर फोटो वाली राखी सज रही है, तो कहीं क्यूआर कोड स्कैन करते ही पुरानी यादों का वीडियो सामने आ रहा है। इस तरह आधुनिक पीढ़ी रक्षाबंधन की पुरानी परंपरा में भावनाओं के साथ स्टाइल, तकनीक और पर्यावरण जागरूकता भी जोड़ रही है।

अब सिर्फ राखी नहीं, रिश्ते की कहानी है

Gen Z के लिए राखी महज एक धागा नहीं है। यह भाई-बहन के रिश्ते को अपनी तरह से व्यक्त करने का माध्यम बन गई है। यही वजह है कि बाजार में नाम के पहले अक्षर, फोटो, राशि, पसंदीदा किरदार और खास संदेश वाली राखियों की मांग देखने को मिल रही है। किसी भाई को क्रिकेट पसंद है तो उसके लिए उसी थीम की राखी चुनी जा रही है और किसी बहन को कोई खास कार्टून या वेब सीरीज पसंद है तो राखी में उसी की झलक दिखाई दे रही है। इस तरह राखी एक जैसी दिखने वाली पारंपरिक चीज से निकलकर व्यक्तिगत पसंद और रिश्ते की पहचान बन रही है।

पर्यावरण का भी रखा जा रहा है ध्यान

Gen Z की रक्षाबंधन पर राखियों और गिफ्ट्स की खरीदारी में पर्यावरण को लेकर जागरूकता का असर भी दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि बीज वाली राखी, कॉटन और पुनर्चक्रित धागों से बनी राखियां युवाओं को आकर्षित कर रही हैं। ऐसी राखियों का मकसद सिर्फ खूबसूरत दिखना नहीं, बल्कि त्योहार के बाद कचरा कम करना भी है। बीज वाली राखी इसका खास उदाहरण है। इसे इस्तेमाल के बाद मिट्टी में लगाया जा सकता है और इससे पौधा उगाया जा सकता है। यानी कलाई पर बंधा रिश्ता त्योहार खत्म होने के बाद भी एक नई शुरुआत का प्रतीक बन सकता है।

दूर हैं तो डिजिटल तरीके से जुड़ रहे भाई-बहन

आज पढ़ाई और नौकरी के कारण भाई-बहन अलग-अलग शहरों और देशों में रहना आम बात है। ऐसे में Gen Z ने डिजिटल दुनिया को भी रक्षाबंधन का हिस्सा बना लिया है। ई-राखी, डिजिटल कार्ड, वीडियो मैसेज और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दूर बैठे भाई-बहन एक-दूसरे तक अपनी भावनाएं पहुंचा रहे हैं।

ऑनलाइन खरीदारी ने भी त्योहार को आसान बनाया है। घर बैठे राखी पसंद करने से लेकर उसे सीधे भाई या बहन के पते पर भेजने तक की सुविधा ने दूरियों को काफी हद तक कम कर दिया है। दूरी भले हजारों किलोमीटर की हो, लेकिन एक वीडियो कॉल और ऑनलाइन भेजी गई राखी उस दिन को खास बनाने के लिए काफी है।

मिठाई से आगे बढ़ा गिफ्टिंग का ट्रेंड

रक्षाबंधन पर मिठाई, चॉकलेट और सूखे मेवे देने की परंपरा आज भी पहले की तरह ही ट्रेंड में बनी हुई है, लेकिन Gen Z ने गिफ्टिंग का अंदाज बदल दिया है। अब उपहार ऐसा चुना जा रहा है जो सामने वाले की पसंद और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा हो।

स्किनकेयर प्रोडक्ट, कॉफी, हेल्थ से जुड़े सामान, मोमबत्तियां, किताबें, स्टेशनरी और पसंदीदा स्नैक्स से बने गिफ्ट हैम्पर युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र हैं। खास बात यह है कि ऐसे उपहारों में महंगी चीज से ज्यादा व्यक्तिगत पसंद का ध्यान रखा जाता है। भाई को क्या पसंद है और बहन किस चीज का इस्तेमाल करती है, अब गिफ्ट चुनते समय इन बातों को महत्व दिया जा रहा है।

राखी का रिश्ता सिर्फ भाई तक सीमित नहीं

रक्षा बंधन की पारंपरिक तस्वीर में भाई की कलाई पर बहन की राखी दिखाई देती है, लेकिन नई पीढ़ी ने इस रिश्ते की परिभाषा को थोड़ा और अधिक विस्तार दिया है। इस पीढ़ी में अब कई युवा बहनों, करीबी दोस्तों और ऐसे लोगों को भी राखी बांधते हैं जिनके साथ उनका गहरा भावनात्मक रिश्ता है। इसके पीछे Gen-z का विचार यह है कि सुरक्षा, भरोसा और साथ निभाने का वादा केवल जैविक रिश्तों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इस सोच ने रक्षाबंधन को अधिक सामाजिक मेलजोल का रूप दिया है। इस नई पीढ़ी के ट्रेंड में राखी किसी रिश्ते को नाम देने से ज्यादा उस रिश्ते की अहमियत बताने का माध्यम बन रही है।

एलईडी और क्यूआर कोड वाली राखियां बनीं आकर्षण

तकनीक के साथ बड़ी हुई Gen Z की राखियों में भी टेक्नोलॉजी दिखाई दे रही है। एलईडी राखियां रोशनी के साथ उत्सव में नया रंग ढंग भरने का काम कर रही हैं। इन्हें खास तौर पर वे युवा पसंद कर सकते हैं जो पारंपरिक राखी से हटकर कुछ अलग तलाशते हैं।

क्यूआर कोड वाली राखियां इससे भी एक कदम आगे हैं। राखी पर मौजूद कोड को स्कैन करने पर कोई खास संदेश, वीडियो, तस्वीर या प्लेलिस्ट दिखाई जा सकती है। इस तरह राखी कलाई पर बंधी एक छोटी सी याद में बदल जाती है, जिसे खोलने पर भाई-बहन के बीच जुड़ी कोई खास कहानी सामने आती है।

पॉप कल्चर से लेकर मिनिमल डिजाइन तक

Gen Z की पसंद में पॉप कल्चर का प्रभाव साफ दिखाई देता है। सुपरहीरो, कार्टून, फिल्मों, वेब सीरीज और दूसरे लोकप्रिय किरदारों से प्रेरित राखियां युवाओं के बीच एक अलग आकर्षण पैदा करती हैं। ये राखियां उन भाई-बहनों के लिए खास हैं जिनकी साझा पसंद किसी किरदार या शो से जुड़ी होती है। वहीं दूसरी ओर मिनिमल डिजाइन वाली राखियां भी पसंद की जा रही हैं। हल्के रंग, छोटे प्रतीक और साफ-सुथरे डिजाइन उन युवाओं को पसंद आते हैं जो ज्यादा चमक-दमक के बजाय सादगी को प्राथमिकता देते हैं।

फोटो और चांदी की राखियां भी खास

कुछ भाई-बहन अपनी साझा यादों को राखी का हिस्सा बनाना पसंद कर रहे हैं। फोटो वाली राखी इसी भावना को सामने लाती है। इसमें भाई-बहन की पसंदीदा तस्वीर को राखी के डिजाइन में शामिल किया जाता है। यह सामान्य राखी से अलग इसलिए महसूस होती है क्योंकि उसमें सीधे कोई व्यक्तिगत याद जुड़ी होती है। चांदी की राखी भी उन लोगों के लिए आकर्षक विकल्प है जो राखी को लंबे समय तक संभालकर रखना चाहते हैं। इसकी मजबूती इसे सामान्य धागे वाली राखी से अलग बनाती है। इसी तरह राशि आधारित राखियां भी ज्योतिष में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए एक व्यक्तिगत विकल्प बन रही हैं।

परंपरा वही, नजरिया बदला

Gen Z का रक्षाबंधन दरअसल परंपरा से दूरी बनाने की शुरुआत नहीं है। बल्कि यह उस परंपरा को अपनी जिंदगी, पसंद और सोच के मुताबिक नया रूप देने की कोशिश है। राखी आज भी प्यार और सुरक्षा के रिश्ते का प्रतीक है, लेकिन अब उसमें व्यक्तिगत यादें, पर्यावरण की चिंता, डिजिटल तकनीक और आधुनिक गिफ्टिंग भी शामिल हो गई है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story