TRENDING TAGS :
आयुर्वेद की 'महा-औषधि' है सोंठ...लेकिन अधिक सेवन बन ना जाएं आपके जान का दुश्मन, इस्तेमाल से पहले जान लें ये गंभीर नुकसान
Sonth Benefits: सोंठ एक आयुर्वेदिक औषधि है जो पाचन, जोड़ों के दर्द और सर्दी-खांसी में फायदेमंद है। जानिए इसके फायदे और सावधानियां।
Sonth Benefits
Sonth Benefits: हमारी रोजमर्रा की रसोई सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत का भी बड़ा खजाना है। इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं, लेकिन उनके फायदों के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। ऐसा ही एक चमत्कारी मसाला है सोंठ, जो देखने में साधारण जरूर लगती है, लेकिन आयुर्वेद में इसे एक प्रभावशाली औषधि माना गया है।
क्या है सोंठ और क्यों है खास
सोंठ दरअसल अदरक का सूखा रूप होती है, जिसे सुखाकर बारीक पीस लिया जाता है। आयुर्वेद के प्रसिद्ध ग्रंथ चरक संहिता में सोंठ के अनेक औषधीय लाभों का उल्लेख मिलता है। आयुर्वेद के अनुसार, सोंठ जठराग्नि को संतुलित करती है, पाचन शक्ति बढ़ाती है और शरीर को अंदर से गर्म रखती है। यह कब्ज दूर करने और कफ-वात दोष को संतुलित करने में भी मददगार मानी जाती है।
पाचन से लेकर भूख बढ़ाने तक लाभकारी
सोंठ में मौजूद जिंजरोल और शोगोल जैसे सक्रिय तत्व पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। यदि भूख न लगने की समस्या हो, तो सोंठ का सीमित मात्रा में सेवन भूख बढ़ाने में मदद करता है। यह पेट के भारीपन को कम करती है और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक होती है, जिससे समय पर भूख लगती है और पाचन सुधरता है।
जोड़ों के दर्द और सूजन में राहत
सोंठ में भरपूर मात्रा में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो जोड़ों के दर्द और गठिया जैसी समस्याओं में राहत देते हैं। यह सूजन को कम करने के साथ-साथ दर्द निवारक की तरह काम करती है, जिससे शरीर को प्राकृतिक रूप से आराम मिलता है।
सर्दी-खांसी और श्वसन समस्याओं में असरदार
जाती हुई सर्दी या बसंत ऋतु में सोंठ का सेवन खास तौर पर फायदेमंद होता है। यह फेफड़ों में जमा कफ को ढीला करती है और सांस की नलियों को साफ करने में मदद करती है। खांसी, जुकाम और सांस लेने में परेशानी होने पर सोंठ राहत प्रदान करती है।
किन लोगों को सोंठ से परहेज करना चाहिए
सोंठ की तासीर गर्म होती है, इसलिए गर्मी के मौसम में इसका सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे पेट में जलन हो सकती है। इसके अलावा, पाइल्स, हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों और गर्भवती महिलाओं को भी सोंठ से परहेज करना चाहिए, क्योंकि यह समय से पहले डिलीवरी का कारण बन सकती है।


