TRENDING TAGS :
Kya hai Viral 'Zip Coding Dating’ Trend: जानिए क्यों लोग अब अपने ही पिन कोड में ढूंढ रहे सोलमेट?
Kya hai Viral 'Zip Coding Dating’ Trend: ऑनलाइन डेटिंग की थकान और लंबी दूरी के रिश्तों के दबाव के बीच युवाओं में ‘पिनकोड-वाला प्यार’ तेजी से ट्रेंड कर रहा है। अपने ही इलाके में सोलमेट ढूंढने की यह नई आदत रिश्तों को आसान, वास्तविक और कम तनावपूर्ण बना रही है।
Viral 'Zip Coding Dating’ Trend: कबूतरों से लेकर खतों किताबत और लैंड लाइन फोन की घंटी से आगे निकलता हुआ मोहब्बत के इजहार का तरीका अब आधुनिकता के साथ परवान चढ़ रहा है। रंग-ढंग बदलते इस इश्क की रवायत आज ऑफलाइन से आगे बढ़कर ऑनलाइन डेटिंग पर जाकर सिमट चुकी है। हालांकि अब इस नई परम्परा में भी रद्दोबदल जारी है। असल में ऑन लाईन डेटिंग जितनी आसान दिखती है, असल में उतनी ही थकाने वाली भी हो चुकी है। लगातार प्रोफाइल्स की भरमार, बार-बार मैसेजिंग, लंबी दूरी वाले रिश्तों का दबाव और इमोशनल थकान ये सब मिलकर लोगों को एक आसान और कम तनाव वाले रिलेशनशिप की ओर ले जा रहे हैं। इसी बदलती मानसिकता के बीच एक ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है वह है ‘जिप कोडिंग डेटिंग’। इसका मतलब है कि लोग अब अपने ही इलाके, मोहल्ले या पोस्टल कोड में रहने वाले लोगों को पार्टनर के तौर पर चुनना पसंद कर रहे हैं। ट्रेवल, दूरी और प्लानिंग के झंझट कम होने से यह ट्रेंड युवाओं के बीच बड़ी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। आइए जानते हैं रिलेशन शिप की इस नई परम्परा जिप कोडिंग के बारे में विस्तार से -
जिप कोडिंग डेटिंग क्या है?
जिप कोडिंग डेटिंग का असल में अर्थ बेहद सरल है मतलब रिश्ता वहीं ढूंढो, जहां जिंदगी पहले से चल रही है। यानी कि लोग अब ऐसे पार्टनर पसंद कर रहे हैं जो उनके ही आसपास रहते हों। इससे हर छोटी डेट के लिए प्लानिंग, लम्बी ड्राइव या ट्रेवल की जरूरत नहीं रहती। पास रहने वाला पार्टनर मिलने को आसान बना देता है और रिश्ते में बनावटीपन की जगह वास्तविकता जाहिर होने से सहजता आ जाती है। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में यह तरीका लोगों को ज्यादा प्रैक्टिकल और आरामदायक लग रहा है।
जिप कोडिंग क्यों तेजी से चर्चा में है?
यह ट्रेंड इसलिए वायरल हो रहा है क्योंकि इससे रिश्ते संभालना आसान हो जाता है। पास रहने पर दोनों लोग बिना किसी बड़ी तैयारी के मिल सकते हैं, जिससे रिलेशनशिप में तनाव कम और स्वाभाविकता ज्यादा रहती है। खर्च भी कम होता है यानी न ट्रेवल का खर्च, न सफर में लगने वाले टाइम की भी बचत होती है। साथ ही, पास-पास रहने से रोजमर्रा की लाइफ के अनुभव साझा होते हैं, जिससे एक-दूसरे को समझना आसान होता है। छोटे-छोटे पलों की वजह से जुड़ाव जल्दी बनता है और रिश्ता अधिक वास्तविक लगता है। कई लोग इसे इसलिए भी पसंद कर रहे हैं क्योंकि लंबी दूरी के रिश्तों में समय, ऊर्जा और भावनाओं का दबाव ज्यादा रहता है, जबकि जिप कोडिंग रिश्ते को हल्का और सहज बनाती है।
मनोविज्ञान के अनुसार पास रहने के फायदे
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि पास रहना रिश्तों में एक गहरी मानसिक सहजता लाता है। मनोवैज्ञानिक रशी गुरनानी बताती हैं कि पास रहने वाले लोगों से जुड़ना आसान होता है क्योंकि मिलने में कोई बाधा नहीं रहती। उनके अनुसार, एक ही इलाके में होने से जीवन के अनुभव मिलते-जुलते होते हैं। जिससे बातचीत सहज बन जाती है और सुरक्षा की भावना पैदा होती है। वे इसे mere exposure effect से जोड़ती हैं। यानी, बार-बार मिलना या दिखना, अपने आप पसंद बढ़ा देता है। जितना आप किसी व्यक्ति को बार-बार देखते हैं या मिलते हैं, उतनी ही जल्दी उसके साथ सहज और जुड़ा हुआ महसूस करने लगते हैं। यही वजह है कि पास रहने वाले लोगों के रिश्ते अक्सर तेजी से मजबूत होते हैं।
ऑनलाइन डेटिंग के ओवरलोड के बीच जिप कोडिंग का उभार
आज की ऑनलाइन डेटिंग दुनिया में इतनी अधिक प्रोफाइल्स और विकल्प मौजूद हैं कि लोग ‘डेटिंग फटीग’ महसूस करने लगे हैं। लगातार स्वाइप करना, चैट में एनर्जी लगाना और फिर पता लगना कि व्यक्ति काफी दूर रहता है। ये सब लोगों का उत्साह कम कर देता है। ऐसे माहौल में जिप कोडिंग एक राहत की तरह महसूस होती है। पास में रहने वाला संभावित पार्टनर रिश्ता शुरू करने और निभाने दोनों को सरल बना देता है। मेट्रो शहरों में जहां ट्रैफिक और दूरी बड़ी समस्या है, वहां यह ट्रेंड और भी ज्यादा लॉजिकल साबित हो रहा है। कई डेटिंग ऐप्स भी अब लोकेशन-बेस्ड मैचिंग को और मजबूत बना रहे हैं ताकि लोग अपने आसपास रहने वालों से जल्दी जुड़ सकें।
भविष्य में जिप कोडिंग का बढ़ता असर
विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे शहरी जिंदगी और तेज होगी, वैसे-वैसे लोग उन रिश्तों को तवज्जो देंगे जिन्हें संभालना आसान हो। जिप कोडिंग इसी जरूरत को पूरा करती है। यानी कम दूरी, कम तनाव और अधिक वास्तविक नजदीकियां इस रिश्ते की खूबियां होती हैं। डेटिंग ऐप्स, सोशल मीडिया और लोकल कम्युनिटीज की वजह से लोग अपने ही पड़ोस में संभावित पार्टनर तलाशने को ज्यादा तैयार हैं। इस ट्रेंड से रिश्तों में एक तरह की सादगी लौट रही है, जो लंबे समय से डिजिटल शोर में खो गई थी।
जिप कोडिंग यह साबित कर रही है कि तकनीक भले ही लोगों को दूर-दराज जोड़ दे, लेकिन दिल आज भी नजदीकियों को ही प्राथमिकता देता है। पास रहने वाला पार्टनर जीवन की भागदौड़ में वह छोटे-छोटे पल देता है जो रिश्तों को मजबूत बनाते हैं। यही जिप कोडिंग को इतना खास और चर्चा में बना रहा है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की सलाह देना नहीं है। डेटिंग से जुड़े निर्णय पूरी तरह व्यक्तिगत पसंद और परिस्थितियों पर निर्भर करते हैं।


