TRENDING TAGS :
शादी का ऐसा क्रेज कि होटल नहीं मिल रहे! नवंबर फुल, 2027 तक एडवांस बुकिंग
Wedding Season Hotel Bookings: नवंबर 2026 की कई तारीखों पर होटल और रिजॉर्ट फुल हैं। फरवरी और नवंबर 2027 के लिए भी एडवांस बुकिंग और पूछताछ बढ़ी।
Wedding Season Hotel Bookings: Hotels Booked for November, Early 2027 Reservations Rise
Wedding Season Hotel Bookings: दिवाली की रौनक खत्म होते ही देशभर में शहनाइयों की आवाज सुनाई देने लगेगी। शादी का सीजन शुरू होने से पहले ही होटल और रिजॉर्ट की बुकिंग ने कारोबारियों को उत्साहित कर दिया है। जयपुर,उदयपुर,दिल्ली-एनसीआर समेत कई बड़े शहरों में नवंबर की तारीखों के लिए होटल और बैंक्वेट हॉल लगभग फुल हो चुके हैं। इतना ही नहीं, फरवरी 2027 की तारीखों को लेकर भी लोगों ने अभी से बुकिंग करा ली है। शादी के बढ़ते खर्च के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है। होटल कारोबारियों के मुताबिक, इस साल शादी से जुड़े कारोबार में पिछले साल की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि कई परिवार 2027 की शादियों के लिए भी अभी से होटल तलाश रहे हैं। कुछ बड़े होटलों में नवंबर 2027 तक की तारीखों के लिए पूछताछ पहुंच रही है।
दिवाली के बाद शुरू होगा शादियों का सिलसिला
इस साल दिवाली 8 नवंबर 2026 को है। इसके बाद 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी होगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद मांगलिक कार्य दोबारा शुरू होते हैं। इसी के साथ शादी-ब्याह का सीजन भी रफ्तार पकड़ता है। नवंबर में 21, 24, 25, 26 और 27 तारीख को विवाह के प्रमुख मुहूर्त बताए जा रहे हैं। दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को भी शादी के लिए शुभ समय है। इसके बाद 16 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा, जिसके कारण कुछ समय के लिए विवाह आयोजनों पर ब्रेक लगेगा। नए साल 2027 में शुभ मुहूर्त के साथ एक बार फिर शादियों की रौनक लौटेगी।
नवंबर की तारीखों के लिए होटल में जगह मिलना मुश्किल
शादी के सीजन की सबसे ज्यादा मांग नवंबर में दिखाई दे रही है। कई बड़े होटल और रिजॉर्ट में इस महीने की ज्यादातर तारीखें पहले ही बुक हो चुकी हैं। परिवार अपनी पसंद की तारीख और वेन्यू पाने के लिए काफी पहले से होटल बुक करा रहे हैं। होटल कारोबारियों के मुताबिक,होटल में विवाह कारोबार पिछले साल के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत बढ़ा है। उनके मुताबिक, अब लोग सिर्फ मौजूदा वेडिंग सीजन के लिए ही नहीं, बल्कि 2027 के लिए भी पहले से बुकिंग करा रहे हैं।
सबसे खास बात यह है कि नवंबर 2027 तक की तारीखों के लिए भी लगातार पूछताछ की जा रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बड़े वेन्यू को लेकर लोगों में कितनी जल्दी बुकिंग कराने की होड़ है।
फरवरी 2027 के लिए भी बढ़ी मांग
शादी की बुकिंग का असर केवल नवंबर और दिसंबर तक सीमित नहीं है। उदयपुर में शानदार शादियों और कार्यक्रमों के आयोजन के लिए रैफल्स उदयपुर जैसे प्रसिद्ध लग्जरी रिसॉर्ट्स के जनरल मैनेजर और इवेंट गुरु जैसी शीर्ष वेडिंग प्लानिंग टीमें जो आयोजन स्थलों का प्रबंधन संभालती हैं साथ ही दिल्ली स्थित रोजिएट होटल्स एंड रिजॉर्ट्स के सीईओ कुश कपूर के अनुसार, उनके रिजॉर्ट्स में इस बार सर्दियों के वेडिंग सीजन की मांग उम्मीद से कहीं ज्यादा है। उनके मुताबिक नवंबर का पूरा महीना लगभग बुक हो चुका है। फरवरी 2027 की भी ज्यादातर तारीखें पहले से आरक्षित हैं। यानी परिवार अब शादी के लिए होटल चुनने का काम आखिरी समय पर नहीं छोड़ना चाहते। मनपसंद होटल और तारीख आसानी से मिल जाए, इसके लिए लोग शादी से कई महीने पहले ही वेन्यू लॉक कर रहे हैं।
शादी का तरीका भी बदल रहा
इवेंट प्लानर्स के मुताबिक,आजकल शादी सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं रह गई है। परिवार दो से तीन दिन तक चलने वाले कार्यक्रमों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। मेहंदी, हल्दी, संगीत और शादी जैसे अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए होटल और रिजॉर्ट में अलग व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही पर्सनलाइज्ड वेडिंग का चलन भी बढ़ रहा है। परिवार अपनी पसंद की थीम, सजावट, खाना और मेहमानों के मनोरंजन की व्यवस्था चाहते हैं। यही वजह है कि होटल में केवल कमरा या बैंक्वेट हॉल बुक करने के बजाय पूरी वेडिंग सर्विस लेने का चलन बढ़ रहा है। इस बदलाव से होटल कारोबारियों की कमाई भी बढ़ रही है। एक शादी से होटल को सिर्फ कमरों की बुकिंग से ही कमाई नहीं होती, बल्कि बैंक्वेट हॉल, खाने-पीने, सजावट और इवेंट मैनेजमेंट जैसी सेवाओं से भी अच्छी आय होती है।
होटल कारोबार के लिए बेहतरीन सीजन
शादी का सीजन होटल इंडस्ट्री के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण समय में से एक होता है। जब किसी होटल में शादी होती है तो बड़ी संख्या में मेहमान कमरे बुक करते हैं। इसके साथ ही खाने-पीने और अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए होटल की दूसरी सेवाओं का इस्तेमाल भी होता है। शादी ब्याह के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुके देश के ऐसे कई बड़े होटलों में कुल कारोबार का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा विवाह से जुड़े आयोजनों से आने की जानकारी सामने आई है। यही कारण है कि होटल कंपनियां वेडिंग सीजन की बुकिंग को काफी गंभीरता से लेती हैं और महीनों पहले से तैयारी शुरू कर देती हैं।
महंगाई के बावजूद शादी पर जमकर कर रहे खर्च
शादी का बजट पहले के मुकाबले बढ़ गया है। खाने, होटल, सजावट और दूसरी सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद परिवार शादी के आयोजन को छोटा करने के बजाय अपनी प्राथमिकताओं के हिसाब से खर्च कर रहे हैं।
अब परिवार ऐसी सेवाओं पर ज्यादा पैसा खर्च करना चाहते हैं जिनसे मेहमानों को बेहतर अनुभव मिले। अच्छी लोकेशन, आरामदायक कमरे, बेहतर खाना और आकर्षक सजावट शादी की प्लानिंग का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
यही वजह है कि महंगाई के बावजूद होटल और वेडिंग कारोबार में मांग मजबूत बनी हुई है।
एक शादी से कई कारोबारों को मिलता है काम
शादी का फायदा सिर्फ होटल मालिकों को नहीं मिलता। एक बड़े विवाह समारोह के साथ कैटरिंग, डेकोरेशन, फूलों की सजावट, लाइटिंग, मेकअप, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े कारोबार को भी काम मिलता है।
अगर शादी दो या तीन दिन तक चलती है तो इन सेवाओं की जरूरत भी बढ़ जाती है। मेहमानों के आने-जाने के लिए गाड़ियों की व्यवस्था से लेकर रहने और खाने तक कई तरह की सेवाएं एक साथ जुड़ जाती हैं। इसलिए शादी का सीजन होटल के साथ-साथ उससे जुड़े दूसरे कारोबारों के लिए भी कमाई का बड़ा मौका लेकर आता है।
2027 की बुकिंग ने बढ़ाई होटल कारोबारियों की उम्मीद
2027 के लिए अभी से बुकिंग और पूछताछ शुरू होना होटल इंडस्ट्री के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है। खासकर लोकप्रिय होटल और रिजॉर्ट में मनपसंद तारीखें जल्दी भर रही हैं।
परिवारों का यह बदला हुआ रवैया होटल कारोबारियों के लिए भी फायदेमंद है। पहले जहां शादी की तारीख के आसपास होटल बुक किए जाते थे, वहीं अब कई परिवार महीनों या एक साल पहले ही वेन्यू तय कर रहे हैं।
इससे होटल कंपनियों को आने वाले महीनों और साल के कारोबार का अंदाजा पहले ही हो जाता है। वे स्टाफ, कैटरिंग और दूसरी व्यवस्थाओं की तैयारी भी समय रहते कर सकती हैं।
दिवाली के बाद होटल इंडस्ट्री में दिखेगी शादी की चमक
दिवाली के बाद देवउठनी एकादशी के साथ शादी का सीजन शुरू होते ही होटल, रिजॉर्ट और बैंक्वेट हॉल में चहल-पहल बढ़ने वाली है। नवंबर की तारीखों के लिए पहले से हो रही बुकिंग और 2027 तक की पूछताछ बताती है कि इस बार वेडिंग सीजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। महंगाई ने शादी का खर्च जरूर बढ़ाया है, लेकिन परिवारों की शादी को खास बनाने की इच्छा पर इसका बड़ा असर नहीं दिख रहा है। दो-तीन दिन के कार्यक्रम और पर्सनलाइज्ड वेडिंग का बढ़ता चलन होटल कारोबार को और मजबूती दे रहा है।


