TRENDING TAGS :
गोरखनाथ की विरासत और गोरखपुर
Gorakhnath's Legacy: गुरु गोरखनाथ की विरासत ने भारतीय अध्यात्म को नई दिशा दी। जानिए कैसे गोरखनाथ ने जातिभेद, अंधविश्वास और कर्मकांड का विरोध कर प्रेम, समानता और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया। गोरखपुर से जुड़ी उनकी आध्यात्मिक विरासत की पूरी कहानी।
Gorakhnath's Legacy: मध्यकाल का वह समय मानो अंधकार में डूबा हुआ था। बुद्ध का धम्म, महावीर का जैनमत और लोकायतिक विचारधारा के क्षय, अस्त या संहार का वह काल था। समता, विवेक, न्याय, करुणा की धाराएँ क्षीण हो रही थीं। शाक्त, कापालिक, व्रजयानी, तंत्रयोगी, स्वयंघोषित सिद्ध, कर्मकांडी ब्राह्मण सभी पंथ वामाचार की ओर मुड़ गए थे। उस अंधकार को चीरते हुए भारत के आध्यात्मिक क्षितिज पर विवेक-मार्तंड का उदय हुआ। दूसरे सहस्राब्द की शुरुआत उस तेजपुंज महाप्रवर्तक के आगमन से हुई। गुरु गोरक्षनाथ। उनके ‘अलख निरंजन’ उद्घोष की प्रतिध्वनियाँ अगले हजार वर्ष गूँजती रहीं।
भागवत धर्म के प्रवर्तक, महाराष्ट्र की माऊली संत ज्ञानेश्वर स्वयं नाथपंथी थे। गोरक्षनाथ का गौरव करते हुए उन्होंने दो विशेषण इस्तेमाल किए हैं। पहली उपमा ‘योगाब्जिनि-सरोवर!’ योगरूपी कमलों से खिले हुए सरोवर। आत्मज्ञान, ध्यान, वैराग्य और आत्मानुभूति के कमलों से भरा सरोवर यानी गोरक्षनाथ। ज्ञानेश्वर गोरक्षनाथ को विषय-इंद्रियों पर विजय पाने वाले महावीर की दूसरी उपमा देते हैं। ‘विषयविध्वंसैकवीर!’ स्वार्थ, लोभ, मोह, आसक्ति और उनसे पैदा होने वाली विद्रूपता-विकृति का विध्वंस करने वाले वीर। ये वामाचारी मार्गों को उद्ध्वस्त करने वाले वीर हैं गोरखनाथ। लेकिन गोरक्षनाथ का यह मार्ग अहिंसा, क्षमा, संयम, अस्तेय, दया और करुणा से भरा है। उनकी दृष्टि व्यापक और तेजस्वी थी। आकाश को भी अपनी बाँहों में समेट लेने वाली।
गोरक्षनाथ ने धर्म और अध्यात्म पर चढ़ी अनाचार, कर्मकांड और अंधविश्वास की परतें हटाईं। अविवेक की कालिख साफ की। भेदभाव, विकृत साधनाओं और वामाचार का मैल दूर कर अध्यात्म की धारा को निष्कलंक और प्रवाही बनाया।
अलख निरंजन पद का अर्थ इससे अलग नहीं है। निर्गुण, निराकार परमशिव की अनुभूति देने वाला वह मंत्रोच्चार है। अलख जो सामान्यतः लक्षित नहीं होता। जिस पर कोई मैल या दाग नहीं। अहंकार और अज्ञान का विकार नहीं। निर्मल, निष्कलंक आध्यात्मिक विचार।
गोरक्षनाथ ने पूरे भारत को व्याप लिया था। उत्तर भारत में जन्मे कबीर, रविदास, मीरा, नानक और दादू जैसे महामानवों के विचार-विश्व पर गोरखनाथ का अमिट प्रभाव है।
इस प्रवाह की गंगा गोदावरी-कावेरी से मिलते हुए भी नहीं सूखती। वह चक्रधरों के महानुभाव में पाई जाती है। चक्रधरों द्वारा गाई गई चौपदी गोरक्षगीत ही है
अलख नीरंजनी लोक कर हो : भावा ना भाव होइ :
गोरखबाणी बसवेश्वर के वचनों में भी अनुभव होती है। निवृत्ति, ज्ञानदेव, तुकाराम और महाराष्ट्र की पूरी संत-परंपरा गोरखनाथ से नाता जोड़ती है, ऋण व्यक्त करती है। गहिनीनाथ ने वह विरासत ज्ञानेश्वर के बड़े भाई निवृत्तिनाथ को दी। निवृत्तिनाथ ने उसे ‘प्रेममुद्रा’ कहा।
गोरक्षी कंदर ब्रह्म माझे॥
यह ‘प्रेममुद्रा’ महाराष्ट्र ही नहीं, दक्षिण भारत के ‘ब्रह्म’ को भी व्याप लेती है।
गोरखनाथ की परंपरा नवनाथों तक सीमित नहीं रहती। देश के हर दिशा के प्रांत में यह संप्रदाय पहुँचा। कभी बारह पंथी, कभी चौरासी पंथी। कभी रामनाथी। कच्छ के रण में धर्मनाथी। पंजाब का टीला लक्ष्मणनाथी। पेशावर में ध्वजनाथी। उज्जैन के राजा को भी बैरागी बना देती है। नाथ-परंपरा सिर्फ पुरुषों की मक्तेदारी नहीं है। गोरखनाथ की शिष्या विमलादेवी आईपंथ का प्रवर्तन करती हैं। नाथ जातिभेद नहीं मानते। पूर्वास्पृश्यों और चांडालों को भी वहाँ सम्मान का स्थान मिलता है। नाथपंथ कर्मकांड नहीं मानता। वेद-प्रामाण्य भी उन्हें स्वीकार्य नहीं। तंत्रपंथ की विकृति स्वीकार्य नहीं। बाह्य आडंबर को भी थारा नहीं। नाथ बाहरी वेश से जोगी बनने को नहीं मानते। चर्पटीनाथ कहते हैं ‘लंब जटा… भस्म घटा… सूत जनेऊ तिलक ठटा… कानिफटा। यह सब ‘स्वांग नटा’ है। इन नटों को योगी नहीं कहते।’ संत तुकाराम ने भी ऐसे सोंगों का धिक्कार किया है।
डॉ. हजारीप्रसाद द्विवेदी अपने प्रबंध में कहते हैं ‘गोरखनाथ ज्ञान के उपासक थे। उन्हें भक्ति मान्य नहीं थी।’ ‘अंधभक्ति’ नाथ भारत की परंपरा कतई नहीं है।
धर्म और श्रद्धा के नाम पर होने वाले वामाचार से गोरखनाथ भारतीय अध्यात्म को मुक्त करते हैं। वामाचार से होने वाले स्त्री-शोषण का भी विरोध करते हैं। आईपंथ, माईपंथ को नाथ संप्रदाय में प्रतिष्ठा है। गोरखनाथ ने स्वयं अपने गुरु मच्छिंद्रनाथ को कर्दलीवन के मायाजाल से बाहर निकाला। ‘जाग मच्छिंदर, गोरख आया!’ रा. चि. ढेरे के शब्दों में वे स्त्री-शूद्रों के उद्धारक हैं। आज की भाषा में पिछड़ों, दलितों, अकलियतों के कैवारी हैं। नाथ संप्रदाय के संस्थापक मच्छिंद्रनाथ से लेकर सभी नाथों की जन्म-कथाएँ देखो। हाशिये पर खड़े समुदायों से उनका नाता है, समाज ने जिन्हें घूर समझ लिया। ‘चल गोरख मच्छिंदर आया’ गुरु की पुकार सुनकर गोरखनाथ वही से खड़े हो जाते हैं। सबके लिए अध्यात्म का अवकाश मुक्त करते हैं।
गोरखनाथ की परंपरा में मुस्लिम नाथ भी हुए। नाथपंथी होने में धर्म आड़े नहीं आया। नागनाथी रावलपंथी का पीठ रावलपिंडी में था। उसमें मुस्लिम योगियों की संख्या बड़ी थी। स्वयं गोरखनाथ एक बार मुस्लिम काजी से बोले ‘पैगंबर साहब के हाथ की तलवार लोहे की नहीं, प्रेम की है।’ गोरखनाथ की प्रेममुद्रा ने मुस्लिम फकीरों और बैरागियों से नाता जोड़ा। भर्तृहरि ने राजत्याग कर नाथपंथ अपनाया। उससे बैरागी शाखा जन्मी। रतननाथ उनके मुस्लिम शिष्य थे। उन्होंने नाथ-परंपरा का झंडा काबुल तक पहुँचाया। इन्हीं हाजी रतन ने बादशाह को हिंदू-मुस्लिम एकता का अनुरोध करने के लिए ‘काफिरबोध’ ग्रंथ लिखा
जिस पाणीसे कुल आलम उतपानां।
ते हिन्दू बोलिए कि मुसलमानां॥
हिन्दू मुसलमान खुदाइके बंदे।
हम जोगी न रखें किस ही के छंदे॥
डॉ. रा. चि. ढेरे कहते हैं ‘नाथ संप्रदाय की रावल शाखा में आज भी मुसलमानों की संख्या बड़ी है। धर्मनाथ की परंपरा में मुस्लिम पीर-जोगियों का एक वर्ग ही है। बुनकरों में जुगी जाति बड़ी है। कबीर और नानक की हिंदू-मुस्लिम एकता की प्रेरणा नाथ-प्रभाव से ही पैदा हुई है।’ डॉ. ढेरे गोरखनाथ को हिंदू-मुस्लिम एकता का पहला प्रणेता मानते हैं।
गोरखनाथ की नैतिकता और चरित्र स्फटिक की तरह स्वच्छ, सुंदर और पारदर्शी था। उसमें न सत्ता का मोह था, न संपत्ति का लोभ। गोरखबाणी में छल, कपट और नफरत को जगह नहीं। शुद्ध आत्मिक साधना तभी संभव होती है। सच्चा अध्यात्म उसी राह से विकसित होता है। कोई भी धर्म उस राह को रोक नहीं सकता यह बताने वाले गोरखनाथ पहले थे। गोरखपुर में गोरखनाथ द्वारा कार्तिक त्रिपुरारी पूर्णिमा को प्रज्वलित की गई एकता की यह धुनी भारतीय जनमन में आज भी अखंड जल रही है।
(लेखक महाराष्ट्र विधान परिषद के पूर्व सदस्य हैं)


