TRENDING TAGS :
Teachers Day 2026: शिक्षक दिवस पर मिलती औपचारिक शुभकामनाएं -एक अलार्म
Teachers Day 2026: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा को तेजी से बदल रहा है, लेकिन क्या AI भविष्य में शिक्षक की जगह ले सकता है? जानिए AI से व्यक्तिगत शिक्षा, परीक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सोच और शिक्षक की बदलती भूमिका पर इसका असर।
Teachers Day 2026 Artificial Intelligence in Education
Teachers Day 2026: 5 सितंबर को पूरे भारत भर में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। एक बार फिर शिक्षकों की भूमिका और शिक्षा की गुणवत्ता पर चर्चा हुई। शुभकामनाएं दी गई , उनके लिए अलग-अलग कार्यक्रम किए गए और उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। लेकिन साथ ही साथ कुछ सवाल भी उठ खड़े होते हैं जैसे क्या आज का शिक्षक समाज का निर्माता हैं या व्यवस्था का अनुसरण करने वाला एक कर्मचारी। साथ ही
सरकारी स्कूल, निजी स्कूल, ऑनलाइन शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, शिक्षकों पर बढ़ता प्रशासनिक व कागजी बोझ और विद्यार्थी-शिक्षकों के संबंध। सबसे बड़ी की चुनौती जो मिल रही है, वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता से है। क्या हम कल्पना कर सकते हैं एक ऐसी क्लास की जहां पर ब्लैक बोर्ड के सामने एक शिक्षक के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी छात्रों के बीच मौजूद हो। अगर कोई विद्यार्थी गणित का सवाल पूछता है तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तुरंत उसको उसकी समझ के स्तर के अनुसार उसका उत्तर दे देता है। हम यह मान लेते हैं कि इतिहास विषय की कक्षा चल रही है और उसमें पढ़ते-पढ़ते किसी घटना के बारे में कोई विद्यार्थी जानना चाहे तो ए आई उस घटना की पूरी पृष्ठभूमि बता देता है। कहीं अगर कविता कोई कठिन लगी, उसमें दिक्कत हुई तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उसको कहानी, चित्रों या संवाद के माध्यम से समझा देता है। सवाल यह उठता है कि इस स्थिति में अब शिक्षक की क्या भूमिका रह जाती है? अब वह केवल पाठ पढ़ाने वाला शिक्षक न रह कर इस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विद्यार्थियों के बीच जो सीखने की पूरी प्रक्रिया हो रही है, उसका सिर्फ मार्गदर्शक बनकर रह जाएगा? यही वह भविष्य है, जिसकी खट-खट दस्तक अब हमारे विद्यालय और हमारी कक्षाओं में सुनाई देने लगी है।
तो क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा को बदलने की क्षमता रखता है? तो अब हमें इस प्रश्न पर विचार नहीं करना चाहिए कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्या-क्या कर सकता है। बल्कि असली मुद्दा तो यह है कि इसके आने के बाद एक शिक्षक क्या करेगा और विद्यार्थी कैसे सीखेगा? और इन सब बदलती परिस्थितियों के बीच शिक्षक दिवस की क्या भूमिका रह जाएगी और इसका अर्थ ही कहीं खत्म तो नहीं हो जाएगा? आज की शिक्षा व्यवस्था में जो हम देखते हैं कि एक ही कक्षा में अलग-अलग क्षमता, रुचि और सीखने की गति वाले विद्यार्थी होते हैं। शिक्षक के लिए यह एक बड़ी चुनौती होती है कि हर विद्यार्थी को उसकी व्यक्तिगत आवश्यकता के अनुसार समय दे और उसकी क्षमता को देखकर उसके साथ में व्यवहार करे। लेकिन क्या यह संभव हो पाता है? बिल्कुल भी नहीं। तो क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इस समस्या को हल कर सकता है? शायद हां, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इस समस्या को काफी हद तक हल कर सकता है। किसी विद्यार्थी की कमजोरियों को पहचानकर उसके लिए एक अलग मॉड्यूल तैयार करने का काम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कर सकता है। और इसी तरह किसी होशियार विद्यार्थी को बनस्पत मुश्किल प्रश्न दे सकता है।
लेकिन इससे हमें क्या समझना चाहिए? कि भविष्य में हमारी कक्षाओं में विद्यार्थियों के लिए समान पाठ्यक्रम और समान किताबें जरूर होंगी लेकिन उसे समझने के या समझाने के तरीके अलग-अलग होंगे। इसका यह अर्थ हो गया जैसे एक जिम में व्यक्तिगत ट्रेनर होता है वैसे ही शिक्षा पहली बार व्यक्तिगत हो जाएगी। तब तो हमें यह भी मान लेना चाहिए कि विद्यालयों में शिक्षकों की जरूरत ही खत्म हो जा रही है। पर शायद हमें रुकना पड़ेगा, ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। अगर हम यह समझते हैं कि शिक्षा का अर्थ या पढ़ाने का अर्थ सिर्फ सूचनाओं या जानकारी को विद्यार्थियों को देना ही होता है तो ऐसा नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिर्फ वह ही कर सकता है, जिसके लिए उसको कमांड दिया जाता है या सूचना दी जाती है। वह एक विद्यार्थी के मनोभावों को न तो पढ़ सकता है और न समझ सकता है। न ही एक शिक्षक के जैसे वह अपने विद्यार्थियों के बीच छिपी हुई प्रतिभा को पहचान सकता है और न ही उन्हें आत्मविश्वास दे सकता है, न ही वह उन्हें उनके साथ खुद के खड़े होने का आश्वासन दे सकता है। विद्यार्थी जब गलती करता है तब एक शिक्षक ही उसको सुधार सकता है और उसका एक सही या गलत वाक्य किसी भी विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा या गलत दिशा में ले जा सकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ज्ञान का, जानकारियों का वर्तमान में एक बहुत ही शक्तिशाली टूल है और बहुत ही प्रयोग भी आ रहा है। लेकिन एक जो बड़ा अंतर शिक्षक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बीच में दिखाई देता है वह है मानवीय संबंध। अपने विद्यार्थियों के लिए शिक्षक मानवीय संबंध का वह केंद्र होता है जिसकी धुरी पर विद्यार्थियों के सही और गलत जीवन की बुनियाद टिकी होती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कभी भी शिक्षक का विकल्प नहीं है। हां, उसका एक सहयोगी जरूर हो सकता है जो कि शिक्षकों और विद्यार्थियों को यह चुनाव में मदद करेगा कि विद्यार्थियों को क्या सीखना है, कैसे सीखना है, क्यों सीखना है और जो सीख रहा है उसका प्रयोग कैसे करना है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किसी भी सवाल का जवाब दे सकता है लेकिन एक शिक्षक ही बता सकता है उस सवाल के जवाब का उसके जीवन में क्या महत्व है और उसका क्या अर्थ है।
अब दूसरा प्रश्न यह उठता है कि क्या भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और शिक्षकों के बीच का यह सहयोग परीक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित करेगा? बिल्कुल करेगा। किसी भी जानकारी को याद कर लेना, खाली इतना ही पर्याप्त नहीं होता है। क्योंकि कोई भी जानकारी जब हम आज के समय में ढूंढते हैं तो कुछ ही सेकंड में हमारे सामने उपलब्ध हो जाती है। लेकिन शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ जानकारी संग्रह करना नहीं होता है। बदलते समय में शिक्षा का उद्देश्य भी तो बदलना पड़ेगा, बदलना भी चाहिए। आज का विद्यार्थी ए आई के जमाने में इतना जानकारी रखता है कि उसको अगर प्रश्न किया जाए कि तुम क्या जानते हो, तो वह बता देगा। लेकिन अब जरूरी यह है कि उसको पूछा जाए कि तुम क्या सोचते हो और यह एक समस्या है इसका समाधान कैसे करोगे व उसको करने के पीछे तुम्हारे अपने तर्क क्या होंगे। मतलब अभी यह जरूरी है कि भविष्य में जो शिक्षा प्रणाली है वह उसे रटने की जगह सोचने , सवाल करने, उनका विश्लेषण करने और उसमें कितनी रचनात्मकता या सृजनात्मकता की जा सकती है, का महत्व होना चाहिए। इस समय हमारे आस-पास में जितने भी विद्यार्थी हैं चाहे वे छोटी कक्षा के हों या वह बड़ी कक्षाओं के हों, वे सभी अपने हर छोटे-बड़े सवालों का उत्तर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेने लगे हैं, जिसके कारण उनकी अब सोचने-समझने की और तर्क करने की जो क्षमता है, वह कम होती जा रही है। मतलब कि विद्यार्थियों को अब सिर्फ उत्तर पाने वाला बना दिया है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने। अपने होमवर्क, अपने प्रोजेक्ट्स, अपने असाइनमेंट्स, अपने समर हॉलिडे होमवर्क सब कुछ में तो अब ए आई का ही सहारा है। विद्यार्थी अपनी सोचने- समझने की क्षमता को या यूं कहें कि अपनी बुद्धि को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के हवाले कर चुके हैं। उन्हें यह सीखना होगा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से किसी सवाल का जवाब लेना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से किसी सवाल के जवाब तक पहुंचना दोनों में फर्क है। और यह भी जरूरी नहीं है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हर जानकारी को सही दे रहा हो तो इसलिए विद्यार्थियों को यह भी चाहिए कि वह अपनी तर्क करने की क्षमता, सोचने की क्षमता को खत्म न करें और जो जानकारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से ले रहे हैं उसके सही होने का पता लगाएं।
विद्यार्थियों को इस डिजिटल दुनिया में सही और गलत के बीच का फर्क करना सीखना होगा।
दूसरी बात यह है कि हमारे देश में शिक्षा में असमानता भी एक बड़ी चुनौती है। नगरों के महंगे और बड़े विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के पास में इंटरनेट और तकनीक की सुविधा हो सकती है, लेकिन गांव और दूर-दूर के क्षेत्र में जो लोग हैं, जो विद्यार्थी हैं उनके पास में इस तरह की डिजिटल साधनों की सुविधा नहीं हो सकती है। कहीं ऐसा तो नहीं कि है तकनीकी दोनों तरह के विद्यार्थियों के बीच की खाई को और अधिक बड़ा और गहरा कर दे। एक और बात यह भी है कि सभी लोगों की मातृभाषा अलग-अलग होती है क्योंकि भारत एक बहुभाषी देश है एवं यहां पर अलग-अलग भाषाओं में शिक्षा होती है तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अलग-अलग भाषाओं से जुड़ना होगा और उसके विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग तरह के कोर्स को भी तैयार करना होगा। फिर भी शिक्षक का महत्व बना रहेगा। यह नहीं भूलना चाहिए कि भाषा केवल शब्दों का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति और अपने अनुभव की अभिव्यक्ति भी है। पढ़ाने का अर्थ यह नहीं कि सिर्फ कैसे भी सिलेबस को पूरा कर दिया जाए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आने के बाद में भी शिक्षकों के लिए यह आवश्यक हो गया है कि वह बच्चों की जिज्ञासा का उत्तर दें । शिक्षकों को चाहिए कि वे विद्यार्थियों के साथ संवाद बनाए रखें और खुद के काम को भी पहले से बेहतर और अधिक महत्वपूर्ण और बनाएं जिससे कि विद्यार्थी उनके साथ में बंधे रहें।
आगे आने वाला समय शिक्षकों के लिए कैसा रहेगा? हो सकता है कि भविष्य में कक्षाओं में अध्यापक के हाथ में किताब हो और विद्यार्थी के सामने स्क्रीन। आने वाले समय में सबसे अच्छी कक्षा वह नहीं होगी जहाँ शिक्षक की जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बैठा हो। बल्कि एक अच्छी कक्षा बनाने के लिए शिक्षक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस दोनों को अपनी अपनी क्षमता के हिसाब से साथ में काम करना होगा। मशीन चाहे जितनी भी बुद्धिमान क्यों न हो लेकिन वह इंसान नहीं बन सकती और न ही वह हमारे बच्चों को इंसान बनाए रख सकती है। वह उन्हें अपने जैसा मशीन जरूर बना सकती है। इसलिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर नियंत्रण तो इंसान का ही होना जरूरी है। शिक्षक दिवस पर
मिली हुई औपचारिक शुभकामनाएं कहीं हमें यह अलार्म तो नहीं दे रही हैं कि अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षक की जगह लेता जा रहा है? तो शिक्षकों को और अधिक रचनात्मक बनने की जरूरत है तभी अगला शिक्षक दिवस उनके लिए बेहतर शुभकामनाएं लेकर आएगा।


