Teenage Mental Health: घर के भीतर पनपती खामोशी, बाहर आती भयावह त्रासदी

Teenage Mental Health: गुवाहाटी की दर्दनाक घटना ने किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और बच्चों पर पढ़ाई के दबाव जैसे सवाल उठाए हैं। जानिए बच्चों की भावनाओं को समझना क्यों जरूरी है।

Anshu Sarda Anvi
Published on: 16 Nov 2026 12:53 PM IST
Teenage Mental Health | Teen Mental Health | Adolescent Psychology | Newstrack Hindi News
X

Teenage Mental Health | Teen Mental Health | Adolescent Psychology | Newstrack Hindi News

Teenage Mental Health: गुवाहाटी की एक हृदय विदारक घटना ने परिवार, किशोर मनोविज्ञान और हमारी सामाजिक संवेदनहीनता पर एक बार फिर से कई असहज और गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसी मां के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि जिस बच्चे को उसने अपनी गोद में खिलाया, जिसकी उंगली पकड़कर उसे चलना सिखाया और जिसके भविष्य के सपने संजोए, उसी बच्चे के हाथों उसे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करना पड़े। और साथ ही, उस बच्चे का अंत भी इतना दुखद रहा कि मां अस्पताल में ज़िंदगी और मौत के बीच जूझ रही है और बेटा दुनिया हमेशा के लिए छोड़ चुका है।

​13 नवंबर को सामने आई इस घटना ने समाज को भीतर तक झकझोर दिया है। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक विद्यार्थी ने अपनी मां पर हमला किया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। मां स्थानीय अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। यह कोई सामान्य अपराध की खबर नहीं है, जिसे कुछ दिनों की चर्चा के बाद भुला दिया जाए। यह हमारे घरों, परिवारों, स्कूलों और सामाजिक व्यवस्था के सामने खड़ा एक बेहद गंभीर सवाल है। आखिर एक बच्चे के मन में ऐसा क्या घट रहा था कि बात यहां तक पहुंच गई?

​​यद्यपि इस घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां और कारण क्या रहे, यह फिलहाल जांच का विषय है। इसलिए अभी किसी पारिवारिक विवाद, मानसिक बीमारी, मोबाइल या पढ़ाई के दबाव को इसका एकमात्र कारण बताना जल्दबाजी होगी। लेकिन एक बात पूरी तरह तय है कि इस घटना को केवल एक साधारण अपराध या आत्महत्या के रूप में दर्ज करके आगे बढ़ जाना एक बड़ी भूल होगी।

जब वर्तमान समय की बात करते हैं, तो यह साफ दिखाई देता है कि आज के माता-पिता अपने बच्चों की भौतिक ज़रूरतें तो बखूबी जानते हैं, लेकिन उनकी आंतरिक परेशानियां उनसे कोसों दूर होती हैं। अगर यह कहा जाए कि आज के माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य को लेकर पहले से कहीं अधिक चिंतित हैं, तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। अच्छे स्कूलों में प्रवेश, बेहतर शिक्षा, ट्यूशन, प्रतियोगी परीक्षाएं, करियर और आर्थिक सुरक्षा यानी बच्चों के जीवन की लगभग हर योजना बचपन से ही तय होने लगती है। यह अच्छी बात है कि उनकी हर छोटी-बड़ी उपलब्धि पर परिवार खुश होता है और असफलता पर चिंता व्यक्त करता है। लेकिन इस सारी दौड़-भाग और कवायद में एक बहुत बड़ा सवाल पीछे छूट जाता है कि उनका बच्चा भीतर से कैसा है? उसके मन में क्या चल रहा है और किन बातों को लेकर उसका अंतर्द्वंद्व जारी है?

​हर माता-पिता को अपने बच्चे के परीक्षा परिणामों की पूरी जानकारी होती है, अधिकांशत: उन्हें उसके दोस्तों के नाम भी मालूम होते हैं। वे उसकी पसंद के मोबाइल, कपड़ों और खान-पान के विषय में भी सब कुछ जानते हैं। लेकिन क्या उन्हें यह पता होता है कि वह किस बात से आहत है? वह किससे नाराज है? वह किस डर के साथ सोता है और किस समस्या को लेकर सुबह उठता है? कौन सी ऐसी परेशानी है जिसे वह किसी से कह नहीं पा रहा? ​अक्सर अभिभावक बच्चों से सवाल करते हैं, उनके बारे में ज़्यादा जानकारी हासिल करने के चक्कर में उनके मन की बात जबरन उगलवाना चाहते हैं ताकि वह कोई बात छिपा न सकें। लेकिन कोई उनसे पूछे कि क्या वे उन्हें अपनी बात कहने का पर्याप्त अवसर भी देते हैं? कई घरों में बातचीत तो खूब होती है, मगर सार्थक संवाद गायब होता है। माता-पिता एकतरफा बोलते हैं और बच्चे केवल सुनते हैं। जब बच्चे अपनी बात रखना चाहते हैं, तो उन्हें यह कहकर चुप करा दिया जाता है कि 'अभी तुम छोटे हो, तुम्हें दुनिया की समझ नहीं है।' ​बच्चों को यह महसूस कराया जाता है कि चूंकि उनके माता-पिता ने अपने बड़ों की बात सुनी थी, इसलिए उन्हें भी बिना सवाल किए सुनना चाहिए। इसके बाद धीरे-धीरे बच्चे अपनी भावनाएं बताना ही बंद कर देते हैं।

​एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि कई बार बच्चे अपने माता-पिता की बात चुपचाप सुन तो लेते हैं, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं देते। माता-पिता को लगता है कि उनके बच्चे उनकी बात को पूरी संतुष्टि के साथ सुन और समझ रहे हैं, लेकिन वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत होती है। बच्चों की यह चुप्पी हमेशा उनकी संतुष्टि का प्रमाण नहीं होती; बल्कि कई बार यह उनके भीतर चल रहे मानसिक संघर्ष का सबसे खामोश और खतरनाक संकेत होती है। ​किशोर मन को कभी भी केवल कड़े अनुशासन से नहीं समझा जा सकता। किशोरावस्था एक ऐसा नाजुक दौर है, जब बच्चा न तो पूरी तरह बच्चा रहता है और न ही वयस्क की तरह हर परिस्थिति को समझ पाने में सक्षम होता है। उसका मन अपनी एक स्वतंत्र पहचान बनाना चाहता है। उसे यह उम्मीद होती है कि उसकी भावनाओं, इच्छाओं और फैसलों को भी परिवार में उचित महत्व दिया जाए। यही वह समय होता है जब उनके भीतर असुरक्षा, गुस्सा, असफलता का डर और समाज या परिवार द्वारा स्वीकार किए जाने की इच्छा तेजी से बढ़ती है।

​मनोविज्ञान के अनुसार, इस उम्र में भावनाओं को नियंत्रित करने और अपने अंदर उठते आवेग पर काबू पाने की क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं हुई होती, बल्कि हो रही होती है। यही कारण है कि बड़ों की नजर में जो बात बहुत छोटी या मामूली दिखाई देती है, वही किशोर मन के लिए पहाड़ जैसी बड़ी बन सकती है। इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि हर गुस्सैल या चुप रहने वाला बच्चा किसी गंभीर संकट में है, लेकिन व्यवहार में आने वाले अचानक बदलाव, असामान्य आक्रामकता, लगातार निराशा और सामाजिक दूरी को 'बढ़ती उम्र का सामान्य असर' मानकर टाल देना भी खतरनाक हो सकता है। ​अक्सर अभिभावकों की यह शिकायत रहती है कि बच्चे उनकी बात नहीं मानते। लेकिन समस्या यह है कि वे बच्चों से आज्ञाकारी होने की पूरी अपेक्षा तो रखते हैं, लेकिन उन्हें अपनी भावनाएं स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने की आज़ादी देने में हिचकिचाते हैं। उन्हें ऐसा बच्चा चाहिए जो उनकी हर बात माने, उनकी उम्मीदों पर खरा उतरे और उनके द्वारा तय किए गए रास्ते पर ही चले।

​लेकिन जब वही बच्चा अपनी अलग राय या असहमति रखता है, तो अभिभावकों को उसकी यह स्वतंत्रता अनुशासनहीनता लगने लगती है। बच्चों में अनुशासन का होना बेशक ज़रूरी है, लेकिन अनुशासन के नाम पर उनकी भावनाओं और स्वाभिमान को कुचलना कहां तक उचित है?

​आज की इस नई पीढ़ी के पास दुनिया से जुड़ने के अनगिनत साधन मौजूद हैं। उनके पास मोबाइल पर सैकड़ों संपर्क हैं, सोशल मीडिया पर दोस्त हैं, ऑनलाइन चैटिंग है और मनोरंजन के हजारों विकल्प हैं। इसके बावजूद, अकेलापन कम होने के बजाय कई बच्चों के जीवन में और अधिक गहराता जा रहा है। हाथ में मोबाइल है, लेकिन उनके मन की बात सुनने वाला कोई अपना पास नहीं है।

​हर गलती के लिए केवल अभिभावकों को दोषी ठहराना सही नहीं है, और न ही इसके लिए पूरी तरह बच्चों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। यह वह पीढ़ी है जिसने बहुत कम उम्र में डिजिटल दुनिया को बेहद करीब से देखा और इस्तेमाल किया है। इस आभासी दुनिया ने बच्चों के सामने तुलना का एक अंतहीन संसार खोल दिया है। दूसरों के अच्छे अंक, उनकी लोकप्रियता, उनकी आकर्षक जीवनशैली और उपलब्धियां हर समय बच्चों की आंखों के सामने रहती हैं। वे कब अपने जीवन की तुलना दूसरों से करने लगते हैं, उन्हें खुद भी इसका अहसास नहीं होता। यह डिजिटल इंद्रजाल उन्हें कब अपने चक्रव्यूह में जकड़ लेता है, इसका अंदाजा किसी को नहीं हो पाता। ​फिर भी, हर समस्या का आसान दोष केवल मोबाइल पर मढ़ देना सही नहीं है। यह रवैया उतना ही गलत है जितना कि बच्चों की मानसिक परेशानियों को पूरी तरह नज़रअंदाज करना। असली सवाल यह है कि क्या डिजिटल दुनिया से बाहर बच्चों के पास ऐसा कोई भरोसेमंद इंसान है, जिसके सामने वे बिना किसी डर के अपना मन खोल सकें? जो माता-पिता बच्चों के मोबाइल पर बिताए गए एक-एक घंटे का हिसाब रखते हैं, क्या वे उनके साथ बिताए जाने वाले भावनात्मक समय का भी कोई हिसाब रखते हैं?

​

​वर्तमान समय में हमारी शिक्षा व्यवस्था में बच्चों की सफलता का मुख्य पैमाना उनकी अंक तालिका, ग्रेड, रैंक और प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम हैं। स्कूलों में परीक्षा की तैयारी कराई जाती है, करियर के विकल्प सुझाए जाते हैं और काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाते हैं, लेकिन एक स्वस्थ और भावनात्मक शिक्षा पर बातचीत का दायरा अभी भी बहुत सीमित है। इसे अभी तक वह प्राथमिकता नहीं मिली है जो कि आज की आवश्यकता है। ​यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव आता है, वह गुमसुम रहने लगता है, दोस्तों से दूरी बना लेता है, कक्षाओं में अनुपस्थित रहने लगता है या पढ़ाई से ध्यान हटाने लगता है, तो क्या हमारे स्कूलों के पास उसे समझने और सही समय पर सहायता देने की कोई प्रभावी व्यवस्था है? अधिकांश जगह उत्तर 'नहीं' में मिलता है। ​औपचारिकता के लिए कई बार मनोचिकित्सकों की नियुक्ति कर दी जाती है, लेकिन स्कूलों का मुख्य ध्यान अंकों और परिणामों पर ही रहता है, बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर नहीं। हर स्कूल में प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक या काउंसलर की उपलब्धता केवल कागजी औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। शिक्षकों को भी यह समझना होगा कि हर समस्या का समाधान डांट-फटकार, चेतावनी या माता-पिता को शिकायत करना नहीं होता। कभी-कभी एक संवेदनशील शिक्षक की बातें भी उस बच्चे के लिए बहुत बड़ा मानसिक संबल बन सकती हैं।

​​सबसे महत्वपूर्ण बात जो है वह यह है कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मदद या परामर्श को अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा या 'शर्म' का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। जिस तरह शरीर में बुखार होने पर डॉक्टर के पास जाने में कोई संकोच नहीं होता, गाड़ी खराब होने पर मैकेनिक के पास जाने में झिझक नहीं होती, कपड़ों के फटने से टेलर के पास जाने और कपड़ों के खराब होने से ड्राई क्लीन वाले के पास जाने में कोई संकोच नहीं होता उसी तरह मानसिक उलझन या परेशानी होने पर किसी विशेषज्ञ की मदद लेना पूरी तरह सामान्य बात होनी चाहिए।

​ इस घटना का सबसे विचलित करने वाला पहलू मां पर हुआ हमला है। किसी भी परिस्थिति और तर्क के माध्यम से हिंसा को सही नहीं ठहराया जा सकता। मां के साथ जो कुछ हुआ, उसकी पीड़ा और भयावहता को शब्दों में पूरी तरह बयां करना मुश्किल है। उसे शारीरिक उपचार के साथ-साथ लंबे समय तक मजबूत भावनात्मक सहारे की भी आवश्यकता होगी।‌ ​लेकिन हिंसा की निंदा करने और उसके पीछे छिपी मनोवैज्ञानिक परिस्थितियों को समझने में फर्क होता है। केवल यह कहकर पल्ला झाड़ लेना कि 'आजकल के बच्चे बिगड़ गए हैं, उनमें सहनशीलता खत्म हो गई है', किसी भी तरह से इस समस्या का समाधान नहीं है। कोई भी बच्चा अचानक एक ही दिन में भावनात्मक रूप से नहीं टूटता। उसके भीतर तनाव, असुरक्षा, घुटन और निराशा का सैलाब लंबे समय से इकट्ठा होता रहता है। हालांकि यह ज़रूरी नहीं कि हर हिंसक घटना के पीछे एक ही तरह के मनोवैज्ञानिक कारण हों, इसलिए इस विशिष्ट घटना की सही वजह जानने के लिए गहन जांच और विशेषज्ञों की पड़ताल बेहद ज़रूरी है।

​हर माता-पिता की यह प्रबल इच्छा होती है कि उनका बच्चा डॉक्टर, इंजीनियर, बड़ा अधिकारी या सफल उद्यमी बने। वे उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनगिनत योजनाएं बनाते हैं। लेकिन क्या उन्होंने कभी यह सोचा है कि जिस बच्चे को वे भविष्य की आर्थिक चुनौतियों के लिए तैयार कर रहे हैं, उसे वर्तमान की मानसिक और भावनात्मक परेशानियों से निपटना भी सिखा रहे हैं? ​क्या वे उन्हें यह समझा रहे हैं कि असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि सीखने का एक अवसर है? क्या वे उन्हें यह बता रहे हैं कि किसी बात पर असहमति या विवाद होने का अर्थ कभी भी रिश्तों का अंत नहीं होता? क्या उन्हें यह सिखाया जा रहा है कि गुस्से में उठाया गया या लिया गया कोई भी फैसला जिंदगी भर का पछतावा बन सकता है? बच्चों को यह विश्वास दिलाना होगा कि मुश्किल समय में दूसरों से मदद मांगना कोई कमजोरी नहीं, बल्कि खुद को फिर से संभालने का एक बड़ा साहस है।

अभिभावकों को भी यह गहराई से समझना होगा कि किसी भी बच्चे को एक 'सफल प्रोफेशनल' बनाने से पहले उन्हें एक स्वस्थ और संवेदनशील मनुष्य बनाना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। परिवारों को बच्चों के साथ ऐसा खुला और आत्मीय रिश्ता विकसित करना होगा, जहां वे बिना किसी भय के अपनी गलतियां स्वीकार कर सकें और अपनी तकलीफ साझा कर सकें। स्कूलों में नियमित मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की व्यवस्था हो, माता-पिता और शिक्षकों को किशोर मनोविज्ञान की बुनियादी समझ दी जाए, और आत्महत्या या हिंसक प्रवृत्तियों से जुड़े प्रारंभिक संकेतों को पूरी गंभीरता से लेते हुए समय रहते विशेषज्ञों की मदद ली जाए।

​इस घटना में एक मां अस्पताल में जिंदगी-मौत के बीच संघर्ष कर रही है और उसके किशोर बेटे की जीवन-यात्रा हमेशा के लिए समाप्त हो चुकी है। जिस तरह से बेटे ने मां पर जानलेवा हमला करने के बाद अपने दोस्तों के व्हाट्सएप समूह में इस बात की जानकारी दी और फिर खुद आत्महत्या कर ली, इसका अर्थ यह है कि उसको जब यह भान हुआ होगा कि उसने यह एक बड़ी गलती की है तो शायद उसने मानसिक रूप से या शारीरिक रूप से प्रताड़ना के डर से, उससे बचने के लिए खुद आत्महत्या कर ली। लेकिन अब पीछे रह गए हैं कई सवाल, जिनके जवाब शायद जांच में मिलें, जिनसे उठी सामाजिक जिम्मेदारी समाज की है। यह त्रासदी केवल एक परिवार का निजी दुख नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए एक गंभीर आईना है, जिसमें सभी को अपनी पारिवारिक व्यवस्था, अपने व्यवहार और अपनी परवरिश के तरीकों पर गहराई से झांककर देखने की ज़रूरत है। ​असल सवाल यह नहीं है कि आज के बच्चे इतने बदल क्यों गए हैं, बल्कि यह है कि क्या यह समाज उनके बदलते और विचलित मन को समझने के लिए खुद को बदलने को कितना तैयार है?

Anshu Sarda Anvi
ABOUT THE AUTHOR

Anshu Sarda Anvi

anshusardaanvi.newstrackpr@gmail.com
Next Story