TRENDING TAGS :
UPI ट्रांजैक्शन कैसे काम करता है:पैसा सेकंडों में एक अकाउंट से दूसरे में कैसे पहुंचता है? जानिए सब कुछ
UPI Transaction: UPI से पैसा सेकंडों में एक बैंक खाते से दूसरे में कैसे पहुंचता है? जानिए UPI Transaction की पूरी प्रक्रिया, NPCI, UPI PIN, बैंक और सुरक्षा का सिस्टम।
UPI Transaction (Image Credit-Social Media)
UPI Transaction: चाय की दुकान पर QR कोड स्कैन करना हो या दोस्त को 500 रुपये भेजने हों, आज हर भारतीय दिन में कई बार UPI का इस्तेमाल करता है। जुलाई 2026 में UPI ने अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया। इस महीने कुल 23.66 अरब ट्रांजैक्शन हुए जिनकी कीमत 29.88 लाख करोड़ रुपये रही। यानी औसतन हर दिन 76.3 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए। लेकिन कभी सोचा है कि जब आप 'Pay' बटन दबाते हैं तो पर्दे के पीछे सेकंडों में क्या-क्या होता है, जिससे पैसा एक बैंक अकाउंट से दूसरे तक पहुंच जाता है?
UPI है क्या, और यह बना किसने
यूपीआई (UPI) यानी यूनाइटेड पेमेंट्स इंटरफेस (Unified Payments Interface) को भारतीय रिज़र्व बैंक और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन की पहल नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीपआई) चलाती है जो देश में रिटेल पेमेंट और सेटलमेंट सिस्टम की शीर्ष संस्था है। साल 2016 में लॉन्च हुआ यूपीआई सिस्टम अलग-अलग बैंकों के बीच पैसे भेजने के पुराने झंझटों को खत्म करने के लिए बनाया गया था। इसकी सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह एक ऐसा पुल है जो अलग-अलग बैंकों और ऐप्स को आपस में जोड़ता है ताकि कोई भी व्यक्ति किसी भी बैंक खाते में किसी भी यूपीआई ऐप से पैसा भेज या पा सके।
क्या पर्दे के पीछे की पूरी प्रक्रिया?
जब आप फोन पे (PhonePe), गूगल पे (Google Pay) भीम (BHIM) या पेटीएम (Paytm) जैसे ऐप पर किसी को पैसे भेजते हैं, तो यह पूरा सफर कुछ इस तरह पूरा होता है:
1. वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (वीपीएP) की पहचान: आपका यूपीआई आईडी (जैसे name@bank) असल में आपके बैंक अकाउंट का एक कोड नेम है। यह आपकी असली बैंक डिटेल्स को छुपाकर रखता है जिससे लेनदेन सुरक्षित रहता है।
2. रिक्वेस्ट का ऐप से एनपीसीआई तक जाना: जैसे ही आप पैसा भेजने का बटन दबाते हैं वैसे ही आपका ऐप (जिसे PSP ऐप यानी Payment Service Provider कहा जाता है) यह रिक्वेस्ट एनपीसीआई के यूपीआई सर्वर तक भेजता है।
3. दोनों बैंकों की पहचान: एनपीसीआई का सिस्टम तुरंत पहचानता है कि पैसा भेजने वाले और पाने वाले का अकाउंट किस-किस बैंक में है। इसके लिए यह बैंक की कोर बैंकिंग प्रणाली से सीधा जुड़ता है।
4. आईएमपीएस तकनीक का इस्तेमाल: असली पैसे का ट्रांसफर आईएमपीएस (इमीडिएट पेमेंट सर्विस) के जरिए होता है, जो बैंकों के बीच तुरंत फंड ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल होने वाला मुख्य सिस्टम है। यूपीआई असल में आईएमपीएस के ऊपर बनी एक आसान, यूजर-फ्रेंडली परत है।
5. पिन वेरिफिकेशन: जैसे ही आप अपना यूपीआई पिन डालते हैं, यह एन्क्रिप्टेड (कोडेड) फॉर्म में सीधे आपके बैंक तक भेजा जाता है। ये पिन आपके ऐप या एनपीसीआई के सर्वर पर स्टोर नहीं होता। यही वजह है कि फोन पे या गूगल पे जैसी कंपनियां भी आपका पिन नहीं जान सकतीं।
6. डेबिट-क्रेडिट का इंस्टेंट मैच: बैंक पिन वेरिफाई करते ही भेजने वाले के अकाउंट से पैसा काटता (डेबिट) है और लगभग उसी पल पाने वाले के बैंक को कन्फर्मेशन भेजता है, जो फौरन उसके अकाउंट में पैसा जमा (क्रेडिट) कर देता है।
7. कन्फर्मेशन वापस आपकी स्क्रीन तक: यह पूरा चक्र - रिक्वेस्ट भेजना, दोनों बैंकों से बात करना, पैसा काटना-जमा करना और कन्फर्मेशन लौटाना, सामान्य तौर पर 2 से 5 सेकंड में पूरा हो जाता है।
असली जादू है इंटरऑपरेबिलिटी
यूपीआई की सबसे बड़ी ताकत यह है कि यह पूरी तरह इंटरऑपरेबल है। यानी आप स्टेट बैंक के अकाउंट से गूगल पे ऐप के जरिए किसी ऐसे व्यक्ति को पैसा भेज सकते हैं जिसका अकाउंट एचडीएफसी में है और वह फ़ोन पे इस्तेमाल करता है। यह इसलिए मुमकिन है क्योंकि हर ऐप और बैंक एनपीसीआई के एक ही केंद्रीय नेटवर्क से जुड़े होते हैं। वैसे ही, जैसे सभी मोबाइल नेटवर्क कंपनियां अलग होते हुए भी एक-दूसरे को कॉल कनेक्ट कर पाती हैं।
सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होती है
* टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन: हर ट्रांजैक्शन के लिए आपका फोन (जिस पर ऐप रजिस्टर्ड है) और आपका पिन दोनों की जरूरत पड़ती है, यानी सिर्फ पिन जानकर कोई पैसा नहीं निकाल सकता।
* एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन: आपकी जानकारी सफर के हर चरण में कोडेड फॉर्म में रहती है।
* डिवाइस बाइंडिंग: यूपीआई आपके फोन नंबर और डिवाइस को आपस में 'बांध' देता है, इसलिए किसी और फोन से आपका अकाउंट एक्सेस करना आसान नहीं।
फेल ट्रांजैक्शन में क्या होता है
अगर बीच में नेटवर्क फेल हो जाए और आपके पैसे कट जाएं पर सामने वाले को न पहुंचे, तो घबराने की जरूरत नहीं है। एन पीसीआई का सिस्टम ऐसे मामलों को अपने-आप पहचान लेता है और आमतौर पर 24 से 48 घंटे के भीतर पैसा वापस आपके अकाउंट में क्रेडिट हो जाता है। यह ऑटोमेटेड रिवर्सल मैकेनिज्म भी एन पीसीआई के बैकएंड सिस्टम का ही हिस्सा है।
यूपीआई की विशालता
पिछले पांच वित्त वर्षों में यूपीआई लेनदेन का आंकड़ा लगातार बढ़ता गया है। वित्त वर्ष 2021-22 में जहां 4,595.61 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए, वहीं 2022-23 में यह आंकड़ा बढ़कर 8,371.44 करोड़ हो गया। और अब जुलाई 2026 में सालाना आधार पर ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में 22% और वैल्यू में 19% की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। खास बात यह है कि यह ग्रोथ अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं है बल्कि टियर-2, टियर-3 शहरों और गांवों में भी यूपीआई रोजमर्रा के लेनदेन का हिस्सा बनता जा रहा है।
इतना ही नहीं, यूपीआई अब भारत की सीमाओं से बाहर भी कदम बढ़ा चुका है। फिलहाल भूटान, सिंगापुर, यूएई, फ्रांस, मॉरीशस, श्रीलंका, नेपाल, कतर, कंबोडिया और मालदीव - इन 10 देशों में यूपीआई से मर्चेंट पेमेंट किए जा सकते हैं, और हाल ही में मालदीव के साथ रियल-टाइम पेमेंट कॉरिडोर भी शुरू हुआ है।
याद रखिये कि जो प्रक्रिया आपकी स्क्रीन पर सिर्फ 3-4 सेकंड की लगती है, असल में उसके पीछे बैंकों, एन पीसीआई के सर्वरों, एन्क्रिप्शन प्रोटोकॉल्स और आईएमपीएस नेटवर्क का एक जटिल तालमेल काम करता है। यही वजह है कि यूपीआई को दुनिया के सबसे सफल डिजिटल पेमेंट मॉडल्स में गिना जाता है, और कई देश अब भारत के इस सिस्टम को अपनाने या उससे सीखने की कोशिश कर रहे हैं।


