Rakhi Gift Ideas 2026: चॉकलेट-परफ्यूम से आगे बढ़ा Gen Z का गिफ्ट ट्रेंड

Rakhi Gift Ideas 2026: इस रक्षाबंधन Gen Z के बीच कस्टम गिफ्ट बॉक्स, एनीमे फिगर, फोटो स्ट्रिप और पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स की मांग बढ़ी है। जानें ट्रेंडिंग विकल्प।

Jyotsana Singh
Published on: 19 Aug 2026 3:54 PM IST
Rakhi Gift Ideas 2026: Gen Z Moves Beyond Chocolates and Perfumes
X

Rakhi Gift Ideas 2026: Gen Z Moves Beyond Chocolates and Perfumes

Rakhi Gift Ideas 2026: यूं तो रक्षाबंधन का त्योहार भाई बहन के बीच अटूट संबंध और प्यार का प्रतीक बनकर हर बरस इस एहसास को ताज़ा कर जाता है, लेकिन इस खास मौके पर तोहफों का रिवाज कहीं ज्यादा रंग भरने का जरिया बनता है। बदलते समय के साथ राखी पर गिफ्ट अब सिर्फ चॉकलेट, परफ्यूम या वॉलेट तक सीमित नहीं रह गया है। बाजारों में इस बार कस्टमाइज्ड गिफ्ट बॉक्स, एनीमे कैरेक्टर फिगर, बचपन की तस्वीरों वाली फोटो स्ट्रिप और पर्सनलाइज्ड सामान की मांग बढ़ी है। यानी भाई को वही दिया जा रहा है, जो उसकी पसंद और यादों से जुड़ा हो।

रक्षाबंधन आते ही बाजारों में राखियों के साथ गिफ्ट की खरीदारी भी तेज हो जाती है। पहले जहां भाई के लिए चॉकलेट, परफ्यूम, शर्ट या वॉलेट जैसे पारंपरिक विकल्प सबसे ज्यादा पसंद किए जाते थे, वहीं अब गिफ्टिंग का अंदाज बदल रहा है। खासकर Gen Z के बीच ऐसा तोहफा पसंद किया जा रहा है, जिसमें सिर्फ सामान नहीं, बल्कि सामने वाले की पसंद, व्यक्तित्व और रिश्ते की कोई खास याद भी शामिल हो। इस बदलाव की झलक इन दिनों गिफ्ट स्टोर्स से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक दिखाई दे रही है। ग्राहक तैयार हैम्पर खरीदने के बजाय अपनी पसंद की चीजें चुनकर कस्टम गिफ्ट बॉक्स तैयार करवा रहे हैं। किसी भाई को एनीमे पसंद है तो बॉक्स में उसकी पसंदीदा कैरेक्टर फिगर शामिल की जा रही है, तो किसी बहन को चॉकलेट और कैंडल पसंद है तो उसके लिए पूरा हैम्पर उसी थीम पर तैयार हो रहा है।

‘जो पसंद है, वही गिफ्ट’ का बढ़ा ट्रेंड

गिफ्ट विक्रेता बताते हैं कि इस बार कस्टमाइज्ड गिफ्ट बॉक्स की मांग खास तौर पर देखने को मिल रही है। ग्राहक पहले से बने बॉक्स लेने के बजाय उसमें अपनी पसंद की चीजें शामिल करवा रहे हैं। इससे गिफ्ट ज्यादा व्यक्तिगत लगता है और बजट भी अपनी सुविधा के अनुसार रखा जा सकता है। एस्थेटिक पैकेजिंग ने भी इस ट्रेंड को बढ़ावा दिया है। सामान्य कीमत की चॉकलेट, कैंडल, पर्स या दूसरी छोटी चीजें जब खूबसूरत बॉक्स, रिबन और पर्सनल नोट के साथ सजाई जाती हैं तो पूरा गिफ्ट प्रीमियम नजर आता है। यही वजह है कि कम बजट में भी पर्सनल टच वाला गिफ्ट तैयार हो रहा है।

राखी गिफ्ट में आया ‘एनीमे ट्विस्ट’

Gen Z की पसंद का असर राखी गिफ्टिंग पर भी साफ दिखाई दे रहा है। राखी विक्रेता के मुताबिक, एनीमे कैरेक्टर फिगर्स की मांग युवाओं के बीच बनी हुई है और कुछ फिगर्स की कीमत 10 हजार रुपये तक पहुंच रही है। Naruto और Tanjiro जैसे लोकप्रिय किरदारों से जुड़े कलेक्टिबल्स को खास तौर पर पसंद किया जा रहा है। एनीमे फैंस के लिए इन किरदारों की अहमियत सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है। कई युवा इनके संघर्ष, अनुशासन और मेहनत से खुद को जोड़ते हैं। यही वजह है कि पसंदीदा कैरेक्टर की फिगर भाई की रुचि को समझने वाला गिफ्ट बन जाती है। ऐसे तोहफे में कीमत से ज्यादा मायने इस बात का होता है कि बहन ने भाई की पसंद को कितना समझा।

499 रुपये से शुरू हो रहे क्यूरेटेड हैम्पर

इस बार राखी हैम्पर में भी काफी बदलाव आया है। ऑनलाइन और सोशल मीडिया पर क्यूरेटेड हैम्पर की मांग बढ़ी है। इनमें राखी के साथ डार्क चॉकलेट, कैंडल, सोप, हेयर क्लॉ सेट, एंटी-टार्निश पेंडेंट, पर्स या छोटा पाउच जैसी चीजें शामिल की जा रही हैं।

कुछ हैम्पर में पर्सनल नोट भी जोड़ा जा रहा है। बाजार में ऐसे हैम्पर करीब 499 रुपये से शुरू होकर कई हजार रुपये तक मिल रहे हैं। ग्राहक अपने बजट और सामने वाले की पसंद के हिसाब से सामान चुन सकते हैं।

फोटो बॉक्स खोलेगा बचपन की यादों की ‘स्ट्रिप’

राखी के गिफ्ट में इस बार सबसे भावुक विकल्पों में फोटो स्ट्रिप बॉक्स भी शामिल है। इसे खोलने पर बॉक्स के अंदर लगी तस्वीरों की लंबी स्ट्रिप धीरे-धीरे बाहर आती है। बचपन की तस्वीरों से लेकर हाल की यादों तक को एक साथ सजाया जा सकता है। इसकी कीमत करीब 599 रुपये बताई जा रही है। फोटो वाला एलईडी लैंप भी पसंद किया जा रहा है। इसमें भाई-बहन की तस्वीर के साथ कोई खास संदेश लिखवाया जा सकता है। इस तरह का गिफ्ट कमरे की सजावट का हिस्सा बनने के साथ रिश्ते की याद भी संभालकर रखता है।

रुमाल पर कढ़ाई से लिखा जा रहा भाई-बहन का रिश्ता

पर्सनलाइज्ड हैंड-एंब्रॉयडर्ड रुमाल भी इस बार अलग तरह का गिफ्ट विकल्प बनकर सामने आया है। इस बरसों पुराने ट्रेड को मार्केट में नई पीढ़ी द्वारा काफी ज्यादा पसंद किया जा रहा है। विक्रेता के मुताबिक, रुमाल पर ‘Best Brother Ever’ या ‘Thank You for Being My Strength’ जैसे संदेशों के साथ नाम, शुरुआती अक्षर या निजी संदेश कढ़वाया जा सकता है।

इस तरह के गिफ्ट की खासियत यह है कि यह सिर्फ शोपीस नहीं रहता। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीज पर रिश्ते से जुड़ा संदेश उसे भावनात्मक बना देता है।

महंगा नहीं, तोहफा यादगार होना जरूरी

राखी गिफ्टिंग के इस बदलते ट्रेंड में एक बात सामने निकल कर आई है कि, अब गिफ्ट की कीमत से ज्यादा उसका पर्सनल टच मायने रख रहा है। 500-600 रुपये के फोटो बॉक्स से लेकर हजारों रुपये की एनीमे फिगर तक, हर बजट में विकल्प मौजूद हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि अब ‘क्या देना है’ से ज्यादा सवाल यह है कि ‘उसे क्या पसंद है’।बयही बदलाव राखी की गिफ्टिंग को भीड़ से अलग कर रहा है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story