TRENDING TAGS :
Sugar-Free Sweets: मिठाई में चीनी नहीं तो क्या वह डायबिटीज में सुरक्षित है?
Sugar-Free Sweets: इस रक्षाबंधन घर पर बिना रिफाइंड चीनी के बनाएं अंजीर बर्फी, ड्राई फ्रूट लड्डू, रागी लड्डू और नारियल की मिठाई। जानें आसान रेसिपी।
Sugar-Free Sweets: Easy Homemade Recipes for Raksha Bandhan
Sugar Free Sweets: घर पर त्योहार हो और रसोई से पकवानों के पकने की सुगंध न आए प्रायः ऐसा खासकर भारतीय संस्कृति में संभव नहीं होता। जहां हर त्योहार कोई न कोई खास पकवान से नाता रखता है। होली पर गुजिया हो या रक्षाबंधन पर सेवइयों, अनरसे और घेवर का जिक्र न हो नामुमकिन है। इसी क्रम में अब रक्षाबंधन बेहद करीब आ चुका है। बाजार, हाट सब रंगबिरंगी राखियों से सजे नजर आ रहे हैं। वहीं घरों में राखियों से लेकर कपड़ों और साज सजावट को लेकर खरीदारी का दौर छाया हुआ है। जबकि घर की रसोइयों में महिलायें त्यौहार पर पकवानों की तैयारियों की लिस्ट में मशगूल हैं। इन तैयारियों के बीच सबसे खास बात यह है कि, रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने और उपहार देने का त्योहार नहीं है, यह उस रिश्ते की मिठास को महसूस करने का दिन भी है जो भाई-बहन के बीच बचपन से बना रहता है। राखी बांधने के बाद भाई का मुंह मीठा कराना इस दिन की पुरानी परंपरा है। लेकिन अगर भाई चीनी कम खाता है या परिवार में कोई ऐसा व्यक्ति है जिसे अपनी डाइट में शुगर का ध्यान रखना पड़ता है, तो मिठाई को लेकर थोड़ा समझौता करना पड़ सकता है। ऐसे में बाजार की महंगी और बहुत ज्यादा मीठी मिठाइयों के बजाय घर पर ऐसी मिठाइयां बनाई जा सकती हैं, जिनमें अलग से रिफाइंड चीनी न डाली जाए। ड्राई फ्रूट्स, अंजीर, खजूर, किशमिश, नारियल, ओट्स और रागी जैसी चीजों से स्वादिष्ट मिठाइयां तैयार की जा सकती हैं। हालांकि एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है कि, शुगर फ्री का मतलब यह नहीं कि मिठाई पूरी तरह शुगर-फ्री या डायबिटीज में असीमित मात्रा में सुरक्षित है। अंजीर, खजूर और किशमिश जैसे प्राकृतिक रूप से मीठे खाद्य पदार्थों में भी प्राकृतिक शर्करा और कार्बोहाइड्रेट होते हैं। इसलिए इन्हें भी सीमित मात्रा में ही खाना सुरक्षित होता है।
ड्राई फ्रूट और अंजीर की बर्फी
राखी के लिए यह सबसे आसान मिठाइयों में से एक है। इसके लिए बादाम, काजू, पिस्ता और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स लिए जा सकते हैं। इन्हें हल्का भूनकर बारीक काट लें। अब सूखे अंजीर को छोटे टुकड़ों में काटकर थोड़े समय के लिए गर्म करें, ताकि वह नरम हो जाए। इसके बाद ड्राई फ्रूट्स और अंजीर को अच्छी तरह मिलाकर मिश्रण तैयार करें।
मिश्रण को हाथ से दबाकर लड्डू का आकार दिया जा सकता है या फिर इसे ट्रे में फैलाकर हल्का ठंडा होने के बाद बर्फी के टुकड़ों में काट सकते हैं। इसमें अलग से चीनी या चाशनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती।
ओट्स और ड्राई फ्रूट्स की गुझिया
रक्षाबंधन पर गुझिया का स्वाद ही अलग होता है। अगर आप सामान्य गुझिया की जगह कम मीठा विकल्प चाहती हैं, तो इसकी फिलिंग में ओट्स और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। ओट्स को हल्का भूनकर उसमें बारीक कटे बादाम, काजू, पिस्ता और नारियल का बूरा मिलाएं।
मिठास के लिए थोड़ी मात्रा में बारीक कटे अंजीर या किशमिश मिलाई जा सकती है। इस मिश्रण को गुझिया के आटे में भरकर सामान्य तरीके से तैयार करें। अगर इसे ज्यादा हल्का रखना चाहती हैं तो गुझिया को डीप फ्राई करने के बजाय बेक या एयर फ्राई करने का विकल्प भी चुना जा सकता है।
रागी-कोकोनट लड्डू
रागी और नारियल से बने लड्डू स्वाद के साथ-साथ अलग तरह की पौष्टिकता भी देते हैं। रागी के आटे को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें। इसमें नारियल का बूरा मिलाएं और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद स्वाद के अनुसार गुड़ की थोड़ी मात्रा डालकर सबको अच्छी तरह मिलाएं और लड्डू बना लें। यहां भी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है। गुड़ को सफेद चीनी से बेहतर विकल्प मानकर इसे असीमित मात्रा में खाना सही नहीं है। गुड़ में भी शर्करा होती है, इसलिए डायबिटीज वाले लोगों को इसे अपनी डाइट और डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के अनुसार ही लेना चाहिए।
खजूर-नट्स के छोटे लड्डू
अगर आप बिना चीनी के झटपट मिठाई बनाना चाहती हैं तो खजूर और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। बीज निकाले हुए खजूर को नरम करके मिक्सर में हल्का पीस लें। इसमें भुने हुए बादाम, अखरोट और काजू डालकर मिश्रण तैयार करें। जरूरत लगे तो थोड़ा नारियल बूरा भी मिलाया जा सकता है।
इस मिश्रण के छोटे-छोटे लड्डू बनाकर ऊपर से कटे पिस्ते या नारियल से सजाएं। खजूर की प्राकृतिक मिठास मिठाई को मीठा स्वाद देने के लिए काफी होती है।
नारियल और ड्राई फ्रूट्स की बर्फी
नारियल और ड्राई फ्रूट्स से भी बिना रिफाइंड चीनी वाली मिठाई बनाई जा सकती है। ताजा या सूखे नारियल को हल्का भूनें और इसमें बारीक कटे बादाम, काजू और पिस्ता मिलाएं। मिठास के लिए थोड़ी मात्रा में खजूर का पेस्ट या अंजीर इस्तेमाल किया जा सकता है। मिश्रण को घी की हल्की चिकनाई लगी प्लेट में जमाएं और ठंडा होने के बाद छोटे टुकड़ों में काट लें।
मिठाई में चीनी नहीं तो क्या वह डायबिटीज में सुरक्षित है?
किसी मिठाई में सफेद चीनी नहीं होने का अर्थ यह नहीं है कि उसमें शुगर या कार्बोहाइड्रेट नहीं हैं। अंजीर, खजूर, किशमिश और गुड़ सभी मिठास देते हैं, लेकिन इनमें प्राकृतिक शर्करा मौजूद होती है। इसी तरह ड्राई फ्रूट्स पौष्टिक जरूर हैं, लेकिन इनमें कैलोरी भी काफी होती है। इसलिए अगर भाई को डायबिटीज है, वह वजन नियंत्रित कर रहा है या डॉक्टर ने कार्बोहाइड्रेट सीमित करने की सलाह दी है, तो मिठाई की मात्रा छोटी रखें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या डाइटीशियन से पूछकर ही सामग्री और मात्रा तय करना बेहतर है।
राखी पर मिठाई में रखें स्वाद के साथ सेहत का संतुलन
राखी की मिठास सिर्फ चीनी से नहीं आती। घर पर बनी मिठाई में अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स, नारियल, बीज और प्राकृतिक रूप से मीठी चीजों का संतुलित इस्तेमाल करके स्वादिष्ट विकल्प तैयार किए जा सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि सामग्री आपके सामने होगी और आप मिठाई में कितनी मिठास, घी और ड्राई फ्रूट्स डालने हैं, यह खुद तय कर सकेंगी। इस रक्षाबंधन भाई के मुंह में मिठास घोलने के लिए बाजार की चाशनी में डूबी मिठाई जरूरी नहीं। घर की बनी कम मीठी, संतुलित और प्यार से तैयार की गई मिठाई भी इस रिश्ते को उतना ही मीठा बना सकती है।


