IND VS AUS: मेलबर्न टी20 में भारत की 4 विकेट से हार, ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारत को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। 126 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत दी और 13.2 ओवर में जीत हासिल की। भारत की बल्लेबाजी निराशाजनक रही, जहां अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। वरुण, कुलदीप और बुमराह ने गेंदबाजी में दो-दो विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

Shivam Shrivastava
Published on: 31 Oct 2025 3:54 PM IST (Updated on: 31 Oct 2025 5:40 PM IST)
IND VS AUS: मेलबर्न टी20 में भारत की 4 विकेट से हार, ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
X

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। खराब बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी टीम इंडिया ने निराश किया और मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच को 4 विकेट से गंवा दिया।

126 रन के मामूली लक्ष्य को हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को कप्तान मिशेल मार्श और ट्रेविस हेड ने तेज और मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने 4.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। हेड 15 गेंद पर 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। मार्श ने दूसरे विकेट के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस के साथ 36 रन की साझेदारी की। मार्श 26 गेंद पर 4 छक्कों और 2 चौकों से सजी 46 रन की पारी खेल कर आउट हुए। टिम डेविड 1, इंग्लिस 20, मिचेल ओवन 14 और मैट शॉर्ट 0 पर आउट हुए। स्टोइनिस 6 और बार्टलेट शून्य पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में 6 विकेट पर 126 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया।

भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही थी। पूरी टीम 18.4 ओवर में 125 रन पर सिमट गई।

भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा 68 रन की पारी सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने खेली। अभिषेक ने 37 गेंद की अपनी पारी में 2 छक्के और 8 चौके लगाए। अभिषेक नौंवे विकेट के रूप में आउट हुए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हर्षित राणा ने 33 गेंद पर 35 रन की पारी खेली। राणा ने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। इन दोनों के अलावा कोई भी खिलाड़ी दो अंकों में नहीं जा सका।

ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी की। हेजलवुड ने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लिए। जेवियर बार्टलेट ने 2, नाथ एलिस ने 2, जबकि मार्क्स स्टॉयनिस ने 1 विकेट लिए।

IANS इनपुट के साथ

1 / 4
Your Score0/ 4
Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

Former Content Writer Mail ID - shivam09231@gmail.comshivam09231@gmail.com

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story