Best Hill Station Near Delhi: दिल्ली की गर्मी से चाहिए राहत? वीकेंड पर घूम आइए उत्तराखंड का ‘बादलों वाला’ हिल स्टेशन

Best Hill Station Near Delhi 2026: लैंसडाउन की ठंडी हवाएं, देवदार के जंगल और बादलों से घिरी वादियां जून की गर्मी से राहत दे सकती हैं

Jyotsana Singh
Published on: 27 May 2026 12:54 PM IST (Updated on: 27 May 2026 12:55 PM IST)
Best Hill Station Near Delhi lansdowne hill station uttarakhand best weekend trip near delhi june travel 2026
X

Best Hill Station Near Delhi For June Weekend Trip 2026

Best Hill Station Near Delhi 2026: गर्म हवाओं के साथ शरीर को फूंक देने वाली तपती गर्मी के बीच लंबा ट्रैफिक और रोजमर्रा की भागदौड़ जैसी समस्याएं इन दिनों लोगों को भीतर तक थका रही हैं। ऐसे में कुछ समय के लिए हर किसी का मन किसी ऐसी जगह जाने का करता है, जहां ठंडी हवा हो, चारों तरफ हरियाली हो और बादल आंखों के सामने तैरते नजर आएं। अगर आप भी जून की गर्मी से थोड़ी राहत पाना चाहते हैं और कम समय में एक शानदार ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो उत्तराखंड का खूबसूरत हिल स्टेशन लैंसडाउन आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है।

गढ़वाल की पहाड़ियों में बसा लैंसडाउन अपनी शांत और खूबसूरत वादियों, देवदार के जंगलों और बादलों से घिरे खूबसूरत नजारों के कारण बादलों का देश कहा जाता है। यहां पहुंचते ही आपको ऐसा महसूस होगा जैसे प्रकृति ने अपने सबसे खूबसूरत रंग इसी जगह पर बिखेर दिए हों। यही वजह है कि अब यह जगह तेजी से लोगों की पसंदीदा वीकेंड डेस्टिनेशन बनती जा रही है।

कहां है बादलों का देश, क्यों कहा जाता है इतना खास?


उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित लैंसडाउन समुद्र तल से करीब 1700 मीटर की ऊंचाई पर बसा हुआ है। पहले इस जगह को कालौं का डांडा कहा जाता था। जिसका अर्थ होता है काले बादलों से घिरा पहाड़। यहां का मौसम सालभर सुहावना बना रहता है, लेकिन जून और जुलाई के दौरान इसकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है।

जब बादल पहाड़ों के बेहद करीब आ जाते हैं तो ऐसा लगता है जैसे पूरा शहर बादलों की चादर में लिपट गया हो। यही दृश्य यहां आने वाले पर्यटकों का दिल जीत लेता है।

वीकेंड ट्रिप के लिए बेस्ट


लैंसडाउन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दिल्ली से ज्यादा दूर नहीं है। दिल्ली से यहां की दूरी करीब 258 किलोमीटर है और सड़क मार्ग से यहां पहुंचने में लगभग 5 से 6 घंटे का समय लगता है।

दिल्ली से अगर यहां के लिए शाम को निकलते हैं तो रात तक आराम से यहां पहुंच सकती हैं और पूरा वीकेंड सुकून के साथ बिताया जा सकता है। यही वजह है कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के लोग बड़ी संख्या में यहां घूमने पहुंचते हैं।

पहाड़ों और बादलों के बीच बिताएं सुकून भरे पल


लैंसडाउन उन लोगों के लिए बेहद खास जगह है जो शांति पसंद करते हैं। यहां आपको बड़े शहरों जैसी भीड़भाड़ और शोर नहीं मिलेगा। चारों तरफ फैले देवदार के जंगल, ठंडी हवाएं और पहाड़ों के बीच तैरते बादल इस जगह को किसी फिल्मी लोकेशन जैसा बना देते हैं।

सुबह के समय हल्की धुंध और चिड़ियों की आवाज के बीच यहां का माहौल बेहद खूबसूरत नजर आता है। कई लोग यहां सिर्फ मानसिक सुकून और रिलैक्स महसूस करने के लिए भी आते हैं।

टिप-इन-टॉप व्यू पॉइंट से दिखता है शानदार नजारा


लैंसडाउन का टिप-इन-टॉप व्यू पॉइंट पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां से हिमालय की चोटियों और आसपास की हरी-भरी वादियों का बेहद शानदार नजारा दिखाई देता है।

सूर्योदय और सूर्यास्त के दौरान यहां का दृश्य इतना खूबसूरत होता है कि लोग घंटों बैठकर प्रकृति को निहारते रहते हैं। फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए भी यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं मानी जाती।

भुल्ला ताल की शांति दिल को सुकून देती है


भुल्ला ताल लैंसडाउन की सबसे शांत और खूबसूरत जगहों में गिनी जाती है। यह एक छोटी लेकिन बेहद आकर्षक झील है। जहां लोग बोटिंग का आनंद लेते हैं और परिवार के साथ अच्छा समय बिताते हैं।

झील के आसपास की हरियाली और ठंडी हवा लोगों को काफी पसंद आती है। यहां बैठकर प्रकृति के बीच कुछ पल बिताना एक यादगार अनुभव साबित होता है।

सेंट जॉन चर्च में दिखती है ब्रिटिश दौर की झलक


ब्रिटिश काल में बना सेंट जॉन चर्च आज भी अपनी पुरानी वास्तुकला और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। चर्च के आसपास का वातावरण बेहद सुकून भरा लगता है। यहां पहुंचकर ऐसा महसूस होता है जैसे समय कुछ देर के लिए ठहर गया हो। इतिहास और पुरानी इमारतों में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए यह जगह खास आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।

कालागढ़ वाइल्डलाइफ एरिया


अगर आपको जंगल और वन्यजीव पसंद हैं तो कालागढ़ वाइल्डलाइफ एरिया का आसपास का इलाका जरूर घूमना चाहिए। यहां हरियाली, पहाड़ और जंगल का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह काफी खास मानी जाती है। यहां का शांत माहौल और ताजी हवा शहर की थकान को पूरी तरह दूर कर देती है।

बेहद खास हैं यहां के छोटे कैफे और पहाड़ी खाने का स्वाद

लैंसडाउन में आपको बड़े-बड़े रेस्टोरेंट भले कम दिखें, लेकिन यहां के छोटे कैफे और लोकल फूड लोगों का दिल जीत लेते हैं।

ठंडी हवा के बीच गर्म चाय, मैगी और पहाड़ी स्नैक्स का स्वाद यहां आने वाले पर्यटक खूब एंजॉय करते हैं। सुबह-सुबह पहाड़ों का नजारा देखते हुए चाय पीने का अनुभव यहां की ट्रिप को और भी खास बना देता है।

लैंसडाउन पहुंचना भी है बेहद आसान

अगर आप रोड ट्रिप पसंद करती हैं तो अपनी कार या बाइक से यहां जाना शानदार अनुभव हो सकता है। रास्ते में पड़ने वाले पहाड़ी मोड़ और हरियाली सफर को यादगार बना देते हैं। इसके अलावा दिल्ली से कोटद्वार के लिए डायरेक्ट ट्रेन भी मिल जाती है। कोटद्वार पहुंचने के बाद टैक्सी या कैब के जरिए आसानी से लैंसडाउन पहुंचा जा सकता है। बस सेवाएं भी यहां के लिए उपलब्ध हैं, इसलिए यात्रा को लेकर ज्यादा परेशानी नहीं होती।

जून की गर्मी से राहत दिला सकता है ये खूबसूरत हिल स्टेशन

अगर आप इस गर्मी में किसी ऐसी जगह जाना चाहती हैं जहां सुकून, ठंडा मौसम और खूबसूरत नजारे एक साथ मिल जाएं, तो लैंसडाउन आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकता है। कम बजट, कम दूरी और खूबसूरत मौसम की वजह से यह जगह तेजी से लोगों की पसंद बन रही है। बादलों के बीच बिताए गए यहां के कुछ पल आपकी पूरी थकान दूर कर सकते हैं और यही वजह है कि लोग यहां बार-बार आना पसंद करते हैं।

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story