IRCTC Kashi Teerth Yatra Package 2026: सिर्फ ₹16,700 में 9 दिन की आध्यात्मिक यात्रा, रहना-खाना और दर्शन सब फ्री

IRCTC Kashi Teerth Yatra Package 2026: कम बजट में काशी, अयोध्या और प्रयागराज घूमने का मौका, IRCTC के इस पैकेज में होटल और भोजन की चिंता भी खत्म।

Jyotsana Singh
Published on: 18 Jun 2026 11:26 AM IST
IRCTC Kashi Teerth Yatra Package offers a 9-day spiritual tour covering Kashi, Ayodhya, Prayagraj, Gaya and Bodh Gaya from ₹16,700
X

IRCTC Kashi Teerth Yatra Package 2026

IRCTC Kashi Teerth Yatra Package 2026: अगर आप इस समय किसी कम बजट में धार्मिक यात्रा का प्लान बना रहें हैं और लंबे समय से काशी विश्वनाथ, राम जन्मभूमि और त्रिवेणी संगम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष 'काशी तीर्थ यात्रा' पैकेज लॉन्च किया है। महज 16,700 रुपये से शुरू होने वाले इस पैकेज में यात्रा, भोजन, ठहरने और स्थानीय भ्रमण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। ऐसे समय में जब पर्यटन लगातार महंगा होता जा रहा है, यह पैकेज कम खर्च में कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर दे रहा है।

धार्मिक पर्यटन में बढ़ती रुचि के बीच आया किफायती पैकेज

देश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान धार्मिक पर्यटन में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विस्तार और विभिन्न धार्मिक आयोजनों के कारण बड़ी संख्या में लोग तीर्थ यात्राओं की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हालांकि, अलग-अलग शहरों में जाकर दर्शन करने पर यात्रा और ठहरने का खर्च काफी बढ़ जाता है। ऐसे में आईआरसीटीसी का यह पैकेज उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है जो सीमित बजट में धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं।

नौ दिन की यात्रा में पांच प्रमुख धार्मिक शहरों के दर्शन

आईआरसीटीसी की यह विशेष यात्रा 9 सितंबर 2026 को तिरुनेलवेली से शुरू होगी और 17 सितंबर 2026 को समाप्त होगी। नौ दिनों के इस सफर में श्रद्धालुओं को गया, बोधगया, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा को इस तरह तैयार किया गया है कि श्रद्धालु कम समय में कई महत्वपूर्ण आस्था केंद्रों तक पहुंच सकें और वहां की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से महसूस कर सकें।

बोधगया और गया में आध्यात्मिक अनुभव से होगी शुरुआत

यात्रा के दौरान ट्रेन तीसरे दिन गया पहुंचेगी, जहां यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर ले जाया जाएगा। यह स्थान बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए बेहद पवित्र माना जाता है क्योंकि यहीं भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। अगले दिन विष्णुपद मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे, जिसके बाद यात्रा का अगला पड़ाव वाराणसी होगा।

काशी में मिलेगा बाबा विश्वनाथ के दरबार में माथा टेकने का अवसर

वाराणसी पहुंचने पर श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा देवी मंदिर, काशी विशालाक्षी मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। काशी को दुनिया के सबसे प्राचीन जीवित शहरों में गिना जाता है और यहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान शाम की भव्य गंगा आरती भी दिखाई जाएगी, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक वाराणसी आते हैं। गंगा घाट पर दीपों और मंत्रोच्चार के बीच होने वाली यह आरती श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित होती है।

रामनगरी अयोध्या में होंगे रामलला के दर्शन

काशी के बाद यात्रा अयोध्या पहुंचेगी, जो इस समय देश के सबसे चर्चित धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां श्रद्धालुओं को राम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा हनुमानगढ़ी समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी यात्रा कार्यक्रम में शामिल किया गया है। राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है और सबसे खास बात यह है कि ये पैकेज लोगों को कम खर्च में यहां पहुंचने का अवसर दे रहा है।

प्रयागराज में संगम स्नान और मंदिर दर्शन का मौका

यात्रा का अंतिम प्रमुख पड़ाव प्रयागराज होगा। यहां श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान कर सकेंगे, जिसे हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि यहां स्नान करने से व्यक्ति को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। संगम स्नान के साथ यात्रियों को प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के दर्शन भी कराए जाएंगे। प्रयागराज की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता इस यात्रा को और खास बना देती है।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध है यात्रा पैकेज

आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए इस पैकेज को तीन श्रेणियों में उपलब्ध कराया है। स्लीपर क्लास का किराया 16,700 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। वहीं थर्ड एसी के लिए 26,100 रुपये और सेकंड एसी के लिए 34,100 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं बच्चों के लिए अलग रियायती दरें लागू होंगी। आईआरसीटीसी के अनुसार भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत यात्रियों को पैकेज कीमतों में लगभग 33 प्रतिशत तक की रियायत का लाभ भी मिल रहा है।

भोजन, ठहरने और स्थानीय परिवहन की चिंता खत्म

इस पैकेज की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यात्रियों को अलग से होटल, भोजन या स्थानीय वाहन की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी। यात्रा शुल्क में ट्रेन का किराया, रहने की सुविधा, भोजन, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण पहले से शामिल है। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त खर्च और व्यवस्थाओं की चिंता नहीं करनी होगी।

बजट में धार्मिक यात्रा करने वालों के लिए बेहतरीन विकल्प

आज के समय में यदि कोई व्यक्ति अलग-अलग शहरों की यात्रा स्वयं प्लान करे तो ट्रेन टिकट, होटल और स्थानीय परिवहन पर अच्छा-खासा खर्च हो सकता है। इसके मुकाबले आईआरसीटीसी का यह पैकेज एक तय लागत में संपूर्ण यात्रा का अनुभव उपलब्ध करा रहा है। यही वजह है कि यह पैकेज वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों और धार्मिक पर्यटन में रुचि रखने वाले यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story