TRENDING TAGS :
Famous Villages Spain: दुनिया का मशहूर नीला गांव, जो बना पर्यटन का आकर्षण
Juzcar Blue Village in Spain: स्पेन के अंडालूसी प्रांत में स्थित जुजकार गांव आखिर नीले रंग में कैसे रंग गया? जानिए दुनिया के मशहूर ‘ब्लू विलेज’ और ‘स्मर्फ टाउन’ बनने की दिलचस्प कहानी, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति पर इसका प्रभाव।
Juzcar Blue Village in Spain
Juzcar Blue Village in Spain: हरे-भरे और फूलों-फलों वाले गांव तो हमने खूब देख रखे हैं, मगर क्या कभी 'नीला गांव' के बारे में सुना है। इस गांव का नाम 'जुजकार' है। यह गांव दक्षिणी स्पेन के अंडालूसी प्रांत में स्थित है। अपनी खास विशेषता के कारण इस गांव को दुनियाभर में 'नीला गांव' के नाम से जाना जाता है। हर साल इस गांव की खूबसूरती को देखने के लिए अनगिनत पर्यटक यहां आते हैं और इसे तस्वीरों में कैद करके अपने साथ ले जाते हैं। जुजकार एक सामान्य-सी जगह थी। यहां के लोग साधारण जीवन जीते थे, मगर यही गांव जब से नीले रंग में रंग गया, यह संसारभर के पर्यटन प्रेमियों के लिए एक लोकप्रिय गंतव्य बन गया। यहां आने वाले सैलानी विश्वास ही नहीं कर पाते कि कुछ साल पहले यह स्पेन के साधारण, गांवों में से एक था।
जुजकार गांव जून 2011 में दुनिया का पहला 'स्मर्फ टाउन' बना था। दरअसल, उडी फिल्म 'द स्मर्क्स' के प्रचार के लिए सोनी पिक्चर्स द्वारा एक प्रचार स्टंट के रूप में 200 से अधिक लोगों का घर चुना गया और इस सुंदर अंडालूसी गांव को नीले रंग में रंग दिया गया। नीले रंग में रंगे जाने के साथ-साथ सड़कों को चमकाने वाले छोटे-छोटे नीले कार्टून भी बनाए गए। भित्ति-चित्रों और मूर्तियों की भी विशेष सजावट की गई, जिससे यह जगह एक खास तरह की बन गई, जिसे स्पेन में 'लॉस पिटुफोस' के नाम से जाना जाता है। स्पेन के ये नीले घर हर साल बड़ी संख्या में दुनियाभर के उन पर्यटकों को आकर्षित करने लगे हैं, जो जुजकार को जानते तक नहीं थे। जुजकार गांव अब भी नीला है और नीला ही रहेगा। यहां की स्थानीय परिषद और लोकल बाजार के अनुसार, स्पेन के इस एकमात्र नीले गांव के रूप में जुजकार को पर्यटन से जोड़कर बहुत फायदा हुआ हुआ है। यहां आकर आप स्पेन की स्थानीय संस्कृति को करीब से जान सकते हैं और यहां के खानपान का भी भरपूर आनंद ले सकते हैं।
( साभार ‘ अमर उजाला’। लेखक जाने माने शोधार्थी हैं।)
हरीशचंद्र पांडे


