TRENDING TAGS :
Kainchi Dham Travel: कैंची धाम जाएं तो इन 7 जगहों को न करें मिस, 50 KM के अंदर हैं ये खूबसूरत डेस्टिनेशन
Kainchi Dham Travel: कैंची धाम के आसपास 50 KM के दायरे में नैनीताल, भीमताल, सातताल, घोड़ाखाल, नौकुचियाताल, रामगढ़ और मुक्तेश्वर घूम सकते हैं।
Kainchi Dham Travel: 7 Beautiful Places to Visit Within 50 KM of Kainchi Dham
Kainchi Dham Travel: इन दिनों नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश की चर्चा और उसकी बढ़ती लोकप्रियता के बीच उत्तराखंड में बाबा नीम करोली से जुड़ी आस्था के इस प्रमुख केंद्र में इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है। पहाड़ों के बीच बसे कैंची धाम की यात्रा पर आने वाले लोग अब सिर्फ दर्शन तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि आसपास की खूबसूरत झीलों, पहाड़ी कस्बों और प्राकृतिक स्थलों को भी अपनी ट्रिप में शामिल कर रहे हैं।उत्तराखंड का कैंची धाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बाबा नीम करोली से जुड़े इस प्रसिद्ध आश्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पहाड़ों के बीच बसा कैंची धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक खूबसूरती के लिए भी खास है। ऐसे में अगर आप कैंची धाम जाने का प्लान बना रहे हैं तो सिर्फ आश्रम जाकर वापस लौटने के बजाय आसपास की खूबसूरत जगहों को भी अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं।
कैंची धाम के आसपास करीब 50 किलोमीटर के दायरे में कई ऐसे डेस्टिनेशन हैं, जहां आपको झील, पहाड़, जंगल, मंदिर और शांत वातावरण का अनुभव मिलेगा। इनमें नैनीताल, भीमताल, सातताल, घोड़ाखाल, नौकुचियाताल, रामगढ़ और मुक्तेश्वर प्रमुख हैं। हालांकि पहाड़ी इलाकों में सड़क की स्थिति और चुने गए रूट के अनुसार दूरी और यात्रा का समय थोड़ा बदल सकता है।
नैनीताल में झील और पहाड़ों का लें आनंद
कैंची धाम की यात्रा के साथ नैनीताल जाना सबसे आसान विकल्पों में से एक है। कैंची धाम से नैनीताल सड़क मार्ग से करीब 20 किलोमीटर के आसपास है। नैनीताल की पहचान यहां की खूबसूरत नैनी झील, मॉल रोड और पहाड़ी नजारों से है। यहां पहुंचकर आप झील में बोटिंग कर सकते हैं और मॉल रोड पर घूमते हुए पहाड़ी शहर के माहौल का आनंद ले सकते हैं। नयना देवी मंदिर और स्नो व्यू पॉइंट भी यहां के लोकप्रिय आकर्षण हैं। अगर आप पहली बार इस इलाके में जा रहे हैं तो कैंची धाम के साथ नैनीताल को ट्रिप में शामिल करना अच्छा विकल्प रहेगा।
भीमताल में झील किनारे बिताएं सुकून के पल
भीमताल कैंची धाम के आसपास घूमने वाली लोकप्रिय जगहों में शामिल है। कैंची धाम से यहां तक पहुंचने में आमतौर पर करीब 20 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है। भीमताल की सबसे बड़ी खासियत यहां की विशाल झील है, जिसके आसपास पहाड़ों और हरियाली का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। नैनीताल की तुलना में यहां का माहौल कई लोगों को ज्यादा शांत लगता है। झील के किनारे बैठकर समय बिताने के साथ यहां बोटिंग का आनंद भी लिया जा सकता है। धार्मिक यात्रा के बाद प्रकृति के बीच कुछ घंटे आराम से बिताने के लिए भीमताल बेहतर पड़ाव बन सकता है।
सातताल में जंगल और झीलों के बीच मिलेगा सुकून
अगर आपको भीड़भाड़ वाली जगहों के बजाय शांत और प्राकृतिक माहौल पसंद है तो सातताल आपकी यात्रा में जरूर होना चाहिए। यह इलाका कई झीलों और घने जंगलों के बीच बसा है। पहाड़ों से घिरी झीलें और आसपास की हरियाली यहां का माहौल बेहद खूबसूरत बना देती है। सुबह और शाम के समय यहां का वातावरण खास तौर पर आकर्षक लगता है। सातताल प्रकृति और पक्षियों को पसंद करने वाले लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प है। कैंची धाम के दर्शन के बाद यहां जाकर आप अपनी यात्रा में धार्मिक अनुभव के साथ प्रकृति का आनंद भी जोड़ सकते हैं।
घोड़ाखाल में गोलू देवता मंदिर के दर्शन करें
कैंची धाम के आसपास धार्मिक महत्व वाली एक और जगह घोड़ाखाल है। यह स्थान प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर के लिए जाना जाता है। पहाड़ों के बीच बने इस मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में लगी घंटियां यहां की खास पहचान हैं। श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार मंदिर में घंटियां चढ़ाते हैं। कैंची धाम से घोड़ाखाल की दूरी करीब 12 से 15 किलोमीटर के आसपास बताई जाती है, इसलिए इसे कैंची धाम की यात्रा के साथ आसानी से जोड़ा जा सकता है।
नौकुचियाताल में देखें नौ कोनों वाली झील
झीलों को करीब से देखने का शौक है तो नौकुचियाताल को भी यात्रा में शामिल किया जा सकता है। यह जगह अपनी खूबसूरत झील के लिए जानी जाती है, जिसके नौ कोनों की वजह से इसका नाम नौकुचियाताल पड़ा। चारों तरफ पहाड़ और हरियाली होने के कारण यहां का वातावरण काफी शांत रहता है। भीमताल से नौकुचियाताल की दूरी कम है, इसलिए दोनों जगहों को एक ही दिन में देखा जा सकता है। यहां कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना कैंची धाम की व्यस्त यात्रा के बाद सुकून देने वाला अनुभव हो सकता है।
रामगढ़ में पहाड़ों और फलों के बागान का आनंद लें
कैंची धाम से आगे बढ़ने पर रामगढ़ भी एक खूबसूरत पड़ाव है। यह इलाका अपने शांत वातावरण, हरियाली और फलों के बागानों के लिए जाना जाता है। यहां से पहाड़ी इलाकों के खूबसूरत दृश्य दिखाई देते हैं और मौसम साफ होने पर हिमालय की चोटियों के नजारे भी देखने को मिल सकते हैं। अगर आप ऐसी जगह तलाश रहे हैं जहां पर्यटकों की भीड़ कम हो और पहाड़ों के बीच आराम से समय बिताया जा सके, तो रामगढ़ को अपनी यात्रा में शामिल किया जा सकता है।
मुक्तेश्वर में मंदिर के साथ देखें हिमालयी नजारे
कैंची धाम से करीब 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में मुक्तेश्वर भी एक शानदार डेस्टिनेशन है। यहां पहुंचने के लिए बाकी जगहों की तुलना में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है, लेकिन रास्ते और मंजिल दोनों ही खूबसूरत हैं। मुक्तेश्वर धाम मंदिर यहां का प्रमुख धार्मिक आकर्षण है। इसके अलावा चौली की जाली से आसपास के पहाड़ों और घाटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है। अगर आपके पास कैंची धाम की यात्रा के लिए दो दिन या उससे ज्यादा का समय है तो मुक्तेश्वर को जरूर शामिल किया जा सकता है।
कितने दिन में पूरी हो सकती है कैंची धाम ट्रिप
अगर आपके पास सिर्फ एक दिन अतिरिक्त है तो कैंची धाम के साथ घोड़ाखाल और भीमताल या सातताल को कवर किया जा सकता है। समय थोड़ा ज्यादा हो तो नैनीताल और नौकुचियाताल को भी यात्रा में जोड़ा जा सकता है। वहीं दो से तीन दिन का समय होने पर रामगढ़ और मुक्तेश्वर की यात्रा आराम से की जा सकती है। पहाड़ी इलाकों में कम दूरी तय करने में भी समय ज्यादा लग सकता है, इसलिए एक दिन में बहुत ज्यादा जगहें कवर करने के बजाय कम डेस्टिनेशन चुनकर आराम से घूमना बेहतर रहेगा।


