करोड़ों की McLaren में विराजे भोलेनाथ... मुजफ्फरनगर में इस अनोखी कांवड़ ने सबको चौंकाया

Kanwar Yatra 2026: 5 करोड़ की McLaren जैसी दिखी कांवड़, 8 लाख के मॉडल ने लूटी महफिल

Jyotsana Singh
Published on: 3 Aug 2026 3:42 PM IST
Kanwar Yatra 2026: McLaren-Themed Kanwar Goes Viral in Muzaffarnagar, Lord Shiva Seated Inside
X

Kanwar Yatra 2026: McLaren-Themed Kanwar Goes Viral in Muzaffarnagar, Lord Shiva Seated Inside

Kanwar Yatra 2026: सावन की कांवड़ यात्रा में हर साल श्रद्धालु अपनी कावड़ की साज-सज्जा में आस्था को अलग-अलग भावों को प्रस्तुत करते हैं। लेकिन इस बार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ऐसी कांवड़ देखने को मिली जिसने हर किसी को चौंका दिया। दूर से देखने पर यह करीब 5 करोड़ रुपये की McLaren स्पोर्ट्स कार जैसी दिखाई दे रही थी। लोग इसे असली लग्जरी कार समझ बैठे, लेकिन बाद में पता चला कि यह करीब 8 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया डमी मॉडल है। इस अनोखी कांवड़ में भगवान शिव की प्रतिमा विराजमान है और हरिद्वार से लाया गया गंगाजल भी इसी के भीतर रखा गया है। सड़क पर जहां-जहां यह कांवड़ पहुंची, वहां लोगों की भीड़ इसे देखने और तस्वीरें लेने के लिए उमड़ पड़ी।

दिल्ली के छह शिवभक्त लेकर निकले अनोखी कांवड़

यह विशेष कांवड़ दिल्ली के नवादा गांव के छह शिवभक्त लेकर चल रहे हैं। श्रद्धालुओं ने 28 जुलाई को हरिद्वार की हर की पौड़ी से 40 लीटर गंगाजल उठाया था और अब उसे दिल्ली स्थित अपने गांव के शिव मंदिर में चढ़ाने के लिए यात्रा कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार वे कांवड़ यात्रा को कुछ अलग और यादगार बनाना चाहते थे। इसलिए इस अनोखे मॉडल को तैयार कराया गया।

ऑफिस में हुई चर्चा से जन्मा आइडिया

कांवड़ लेकर चल रहे दीपक शर्मा ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी साथी ऑफिस में बैठे थे और इस बार कुछ नया करने पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथी मोहित ने सुझाव दिया कि भगवान शिव को स्पोर्ट्स कार के अंदर विराजमान कर कांवड़ बनाई जाए। यह विचार सभी को पसंद आया और फिर इसकी डिजाइन तैयार कराने का काम शुरू कर दिया गया। कई दिनों की मेहनत के बाद यह मॉडल तैयार हुआ और अब यह कांवड़ यात्रा का सबसे अलग आकर्षण बन गया है।

करीब 8 लाख रुपये में तैयार हुआ डमी मॉडल

श्रद्धालुओं के अनुसार, जिस McLaren सुपरकार से प्रेरणा लेकर यह मॉडल बनाया गया है। उसकी वास्तविक कीमत करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये बताई जाती है। हालांकि उन्होंने असली कार का उपयोग नहीं किया, बल्कि उसी जैसी दिखने वाली डमी कार तैयार कराई। इसे बनाने में करीब 7 से 8 लाख रुपये खर्च हुए। डिजाइन इस तरह तैयार की गई कि दूर से देखने पर यह बिल्कुल असली सुपरकार जैसी नजर आती है।

भोले बाबा की प्रेरणा से किया यह प्रयास

दीपक शर्मा का कहना है कि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस बार कांवड़ यात्रा में क्या नया किया जाए। अचानक उनके मन में यह विचार आया और उन्हें लगा कि जैसे भोले बाबा ने ही यह प्रेरणा दी हो। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के पीछे कोई बड़ी व्यक्तिगत मनोकामना नहीं है। उनकी इच्छा केवल परिवार में सुख-शांति और सभी लोगों के कल्याण की है।

हर साल नई थीम की कांवड़ खींचती हैं लोगों का ध्यान

कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि इसमें श्रद्धालुओं की रचनात्मकता भी देखने को मिलती है। हर साल कोई कैलाश पर्वत की झांकी बनाता है, कोई विशाल शिवलिंग, कोई नंदी की आकृति तो कोई एलईडी लाइट और धार्मिक संदेशों से सजी कांवड़ लेकर निकलता है। इस बार McLaren स्पोर्ट्स कार जैसी दिखने वाली कांवड़ ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है और सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा का सबसे बड़ा पड़ाव

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले लाखों कांवड़िये मुजफ्फरनगर के रास्ते दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर जाते हैं। इसी वजह से यह जिला कांवड़ यात्रा का प्रमुख पड़ाव माना जाता है। सावन के दौरान यहां सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। बड़ी संख्या में लोग यहां से गुजरने वाली अनोखी कांवड़ों को देखने भी पहुंचते हैं।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story