Kedarnath Temple History: सावन में बाबा केदार के दर्शन क्यों हैं खास? जानिए मंदिर के चमत्कारी रहस्य

Kedarnath Temple History: सावन में केदारनाथ धाम का महत्व, पंच केदार, ज्योतिर्लिंग, मंदिर के रहस्य, भैरवनाथ, गौरीकुंड और पौराणिक मान्यताओं के बारे में जानें।

Jyotsana Singh
Published on: 28 July 2026 4:54 PM IST
Kedarnath Temple History: Why Sawan Darshan Is So Special & the Mysteries Behind Baba Kedar
X

Kedarnath Temple History: Why Sawan Darshan Is So Special & the Mysteries Behind Baba Kedar

Kedarnath Temple History: रोम-रोम में शक्ति का संचार करते हर हर महादेव के जयकारों के बीच चंदन, बेल पत्र, भांग-धतूरा, घृत, दूध और बेलपत्र से महादेव का अभिषेक... सावन में यह दृश्य देश के हर शिवालय में देखने को मिलता है। सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस दौरान देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, लेकिन उत्तराखंड के हिमालय में स्थित केदारनाथ धाम का महत्व सबसे अलग है। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल यह मंदिर न केवल अपनी प्राचीनता और दिव्यता के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यहां से जुड़ी कई ऐसी मान्यताएं भी हैं जो इसे दुनिया के सबसे रहस्यमय शिव धामों में शामिल करती हैं। मान्यता है कि जब छह महीने तक मंदिर के कपाट बंद रहते हैं, तब स्वयं देवता यहां भगवान शिव की पूजा करते हैं। यही वजह है कि सावन में बाबा केदार के दर्शन को विशेष पुण्यदायक माना जाता है।

सावन में क्यों बढ़ जाता है केदारनाथ का महत्व?

शिवभक्तों के लिए सावन का हर सोमवार विशेष होता है। धार्मिक मान्यता है कि इस महीने भगवान शिव की पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन के कष्ट दूर होते हैं। केदारनाथ धाम में सावन के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक का महत्व कई गुना बढ़ जाता है। हिमालय की गोद में स्थित यह धाम शिवभक्तों के लिए आस्था, तप और मोक्ष का प्रतीक माना जाता है।

पंच केदार की सबसे प्रमुख कड़ी है केदारनाथ

महाभारत के अनुसार, युद्ध समाप्त होने के बाद पांडव अपने पापों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की खोज में हिमालय पहुंचे। भगवान शिव उनसे मिलने के इच्छुक नहीं थे और बैल का रूप धारण कर छिप गए। जब भीम ने उन्हें पहचान लिया तो शिव धरती में समाने लगे। उस समय उनका कूबड़ केदारनाथ में प्रकट हुआ, भुजाएं तुंगनाथ में, मुख रुद्रनाथ में, नाभि मदमहेश्वर में और सिर व जटाएं कल्पेश्वर में प्रकट हुईं। यही पांचों मंदिर पंच केदार कहलाते हैं। मान्यता है कि पंच केदार की यात्रा करने से विशेष आध्यात्मिक फल प्राप्त होता है।

नर-नारायण की तपस्या से प्रकट हुए थे महादेव

शिवपुराण की कोटि रुद्र संहिता के अनुसार बदरीवन में भगवान विष्णु के अवतार नर और नारायण प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान शिव की आराधना करते थे। उनकी कठोर तपस्या और भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव वहां प्रकट हुए और भक्तों के कल्याण के लिए ज्योतिर्लिंग रूप में सदैव विराजमान रहने का वरदान दिया। इसी स्थान पर आगे चलकर केदारनाथ धाम की स्थापना हुई।

अर्द्धज्योतिर्लिंग क्यों कहलाता है केदारनाथ?

केदारनाथ द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल है, लेकिन इसे अर्द्धज्योतिर्लिंग भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इसका दूसरा आध्यात्मिक स्वरूप नेपाल के काठमांडू स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में पूर्ण होता है। इसलिए कई श्रद्धालु केदारनाथ के साथ पशुपतिनाथ के दर्शन को भी शुभ मानते हैं।

शंक्वाकार शिवलिंग की होती है पूजा

केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में पारंपरिक शिवलिंग नहीं, बल्कि प्राकृतिक शंक्वाकार चट्टान भगवान शिव के सदाशिव स्वरूप के रूप में पूजी जाती है। यही इस मंदिर की सबसे अनोखी विशेषताओं में से एक है। श्रद्धालु यहां स्पर्श कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

6 महीने बंद रहता है मंदिर, फिर भी जलता मिलता है अखंड दीप

हर वर्ष दीपावली के बाद भारी बर्फबारी के कारण मंदिर के कपाट छह महीने के लिए बंद कर दिए जाते हैं। कपाट बंद होने से पहले गर्भगृह में एक अखंड दीप जलाया जाता है। मान्यता है कि जब अक्षय तृतीया पर मंदिर के कपाट दोबारा खुलते हैं, तब यह दीपक जलता हुआ मिलता है। पुराणों में वर्णित है कि इस दौरान देवगण स्वयं बाबा केदार की पूजा करते हैं।

क्या सचमुच 400 साल तक बर्फ के नीचे रहा मंदिर?

केदारनाथ मंदिर के बारे में यह मान्यता भी प्रचलित है कि एक लघु हिमयुग के दौरान यह मंदिर लगभग 400 वर्षों तक बर्फ से ढका रहा, लेकिन इसकी संरचना सुरक्षित रही। इतिहासकार इसे मंदिर की अद्भुत निर्माण शैली और मजबूत वास्तुकला का उदाहरण मानते हैं। वर्ष 2013 की भीषण आपदा में भी मंदिर का मुख्य ढांचा सुरक्षित बचा, जिसने इसकी ऐतिहासिक मजबूती को और चर्चा में ला दिया।

मोक्ष देने वाला धाम माना जाता है केदारनाथ

काशी केदार महात्म्य और शिवपुराण में केदारनाथ के दर्शन का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि जो श्रद्धालु यहां दर्शन कर पवित्र कुंड का जल ग्रहण करता है, उसे जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति मिलती है। इसी कारण हर वर्ष लाखों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय यात्रा करके बाबा केदार के दरबार पहुंचते हैं।

रेतस कुंड और गौरीकुंड की अनोखी मान्यताएं

केदारनाथ मंदिर के पास स्थित रेतस कुंड को लेकर मान्यता है कि यहां 'ॐ नमः शिवाय' का उच्चारण करने पर पानी में बुलबुले उठते हैं। श्रद्धालु इस जल को पवित्र मानते हैं। वहीं यात्रा का प्रमुख पड़ाव गौरीकुंड है। जहां प्राकृतिक गर्म जल का कुंड मौजूद है। माना जाता है कि माता पार्वती ने इसी स्थान पर भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी।

भैरवनाथ के दर्शन के बिना अधूरी मानी जाती है यात्रा

केदारनाथ मंदिर से थोड़ी दूरी पर स्थित भैरवनाथ मंदिर का विशेष महत्व है। मान्यता है कि बाबा भैरवनाथ इस पूरे क्षेत्र के रक्षक हैं। जब शीतकाल में केदारनाथ के कपाट बंद हो जाते हैं, तब भी इस क्षेत्र की रक्षा भैरवनाथ करते हैं। इसलिए केदारनाथ यात्रा को उनके दर्शन के बिना अधूरा माना जाता है।

आदि शंकराचार्य की समाधि और त्रियुगीनारायण का महत्व

मंदिर के पीछे आदि शंकराचार्य की समाधि स्थित है। माना जाता है कि उन्होंने आठवीं शताब्दी में केदारनाथ मंदिर का पुनरुद्धार कराया और यहीं समाधि ली। वहीं केदारनाथ से आगे स्थित त्रियुगीनारायण मंदिर वह स्थान माना जाता है जहां भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। यहां स्थित अग्निकुंड के बारे में मान्यता है कि इसकी अग्नि तीन युगों से लगातार जल रही है और आज भी विवाह संस्कार के लिए इसे शुभ माना जाता है।

आस्था, इतिहास और रहस्यों का अद्भुत संगम

केदारनाथ धाम केवल एक ज्योतिर्लिंग नहीं, बल्कि भारतीय सनातन परंपरा, पुराणों, हिमालय की आध्यात्मिक विरासत और अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक है। यही वजह है कि सावन के पावन महीने में बाबा केदार के दर्शन का महत्व और बढ़ जाता है। इसी कारण हर वर्ष लाखों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय यात्रा तय कर महादेव के इस दिव्य धाम में पहुंचते हैं और जीवन में सुख, शांति तथा मोक्ष की कामना करते हैं।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story