Ladakh Winter Trip 2026: लद्दाख की सर्दी में डबल रोमांच, बर्फ के बीच मिलेगी स्नो लेपर्ड सफारी

Ladakh Winter Trip 2026: सर्दियों में लद्दाख में स्नो लेपर्ड सफारी का रोमांच मिलेगा। जानें सफारी, हिम तेंदुए, वन्यजीव, घूमने का सही समय और संभावित खर्च से जुड़ी पूरी जानकारी।

Jyotsana Singh
Published on: 14 Aug 2026 5:03 PM IST
Ladakh Winter Trip 2026: Snow Leopard Safari, Wildlife and Adventure in the Snow
X

Ladakh Winter Trip 2026: Snow Leopard Safari, Wildlife and Adventure in the Snow

Ladakh Winter Trip Plan 2026: अगर इस सर्दी किसी ऐसी जगह जाने का प्लान है जहां बर्फीली वादियां, जमी हुई झीलें और रोमांच एक साथ मिलें, तो लद्दाख आपकी लिस्ट में सबसे ऊपर हो सकता है। इस बार इसकी खास वजह सिर्फ बर्फ नहीं है। लद्दाख में भारत की पहली हाई-एल्टीट्यूड वाइल्डलाइफ सफारी शुरू करने की तैयारी है। जिसमें पर्यटक हिम तेंदुए और दुर्लभ हिमालयी पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने की कोशिश कर सकेंगे। प्रशासन ने इस पहल को जिम्मेदार और समुदाय आधारित वन्यजीव पर्यटन से जोड़ने की योजना बनाई है।

क्या है लद्दाख की हाई-एल्टीट्यूड सफारी?

आम तौर पर सफारी का नाम सुनते ही जंगल और जीप का ख्याल आता है, लेकिन लद्दाख की सफारी का अनुभव इससे काफी अलग होगा। यहां पर्यटकों को ठंडे रेगिस्तान, पथरीली पहाड़ियों और बेहद ऊंचाई वाले इलाकों से गुजरते हुए वन्यजीवों की तलाश करनी होगी। प्रस्तावित मॉडल में प्रशिक्षित स्थानीय चालक और गाइड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सफारी के संभावित क्षेत्रों में नुब्रा, जांस्कर, शाम, कारगिल और द्रास जैसे इलाके शामिल हैं। इसके अलावा हेमिस हाई एल्टीट्यूड नेशनल पार्क, चांगथांग हाई एल्टीट्यूड कोल्ड डेजर्ट, वाइल्डलाइफ सेंचुरी और काराकोरम (नुब्रा-श्योक) वाइल्डलाइफ सेंचुरी जैसे संरक्षित क्षेत्रों में भी उपयुक्त मार्गों की पहचान की जा रही है। लद्दाख में ये तीन प्रमुख संरक्षित क्षेत्र पहले से ही दुर्लभ उच्च-ऊंचाई वाले वन्यजीवों के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

सबसे बड़ा आकर्षण होगा हिम तेंदुआ

लद्दाख की नई सफारी में सबसे ज्यादा रोमांच हिम तेंदुए को देखने का होगा। यह ऐसा वन्यजीव है जिसे उसके प्राकृतिक वातावरण में देखना आसान नहीं होता। चट्टानी पहाड़ों के बीच इसका शरीर इस तरह घुल-मिल जाता है कि कई बार अनुभवी वन्यजीव प्रेमियों को भी घंटों इंतजार करना पड़ता है।

इसी वजह से इसे ‘पहाड़ों का भूत’ भी कहा जाता है। सर्दियों में बर्फबारी के दौरान हिम तेंदुए के शिकार यानी ब्लू शीप और अन्य पहाड़ी जानवरों की गतिविधियां बदलती हैं। ऐसे समय में इन्हें ट्रैक करने और हिम तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाने की संभावना बढ़ जाती है।

लद्दाख की खासियत यह भी है कि देश में हिम तेंदुओं की बड़ी आबादी यहीं पाई जाती है। भारत के राष्ट्रीय हिम तेंदुआ आकलन में देश में 718 हिम तेंदुए दर्ज किए गए थे। जिनमें 477 अकेले लद्दाख में पाए गए। यही वजह है कि यह क्षेत्र भारत में स्नो लेपर्ड टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

सिर्फ स्नो लेपर्ड नहीं, ये वन्यजीव भी दिख सकते हैं

लद्दाख की जैव विविधता केवल हिम तेंदुए तक सीमित नहीं है। यहां हिमालयी भूरा भालू, पलास बिल्ली, यूरेशियन लिंक्स, तिब्बती भेड़िया, तिब्बती मृग, जंगली याक, तिब्बती गज़ेल, तिब्बती अर्गली, हिमालयी आइबेक्स, ब्लू शीप, कियांग और तिब्बती लाल लोमड़ी जैसी प्रजातियां भी मिलती हैं। पक्षी प्रेमियों के लिए भी यह सफारी खास हो सकती है। ब्लैक-नेक्ड क्रेन, तिब्बती स्नोकॉक, तिब्बती सैंडग्राउज, सेकर फाल्कन, अपलैंड बजर्ड, आइबिसबिल और लैमर्जियर जैसी दुर्लभ प्रजातियां यहां देखी जा सकती हैं। लद्दाख के आधिकारिक दस्तावेजों में भी इन प्रजातियों को क्षेत्र की महत्वपूर्ण उच्च-ऊंचाई वाली जैव विविधता का हिस्सा बताया गया है।

20 स्थानीय युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

इस हाई-एल्टीट्यूड सफारी परियोजना की खास बात यह है कि इसमें स्थानीय लोगों को भी सीधे जोड़ा जाएगा। प्रशासन की योजना स्थानीय युवाओं को पक्षियों की पहचान, बर्ड वॉचिंग और वन्यजीव अवलोकन का प्रशिक्षण देने की है। महत्वपूर्ण स्थानों पर पक्षी अवलोकन केंद्र विकसित किए जाने की भी योजना है। इससे लद्दाख में पर्यटन से मिलने वाली आमदनी का लाभ स्थानीय समुदाय तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। प्रशासन पहले से ही संरक्षण और स्थानीय आजीविका को जोड़ने पर जोर दे रहा है। जून 2026 में लद्दाख में ‘हिम तेंदुआ और उच्च-ऊंचाई प्रकृति संरक्षण सोसायटी’ (‘Snow Leopard and High-Altitude Nature’) यानी शान कंजरवेशन सोसाइटी को भी मंजूरी दी गई थी। जिसका उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण, वैज्ञानिक प्रबंधन, सामुदायिक भागीदारी और टिकाऊ आजीविका को बढ़ावा देना है।

सर्दियों में क्यों खास होगी सफारी?

अगर आपका मकसद हिम तेंदुआ देखना है तो सर्दी का मौसम सबसे बेहतर माना जाता है। लद्दाख के आधिकारिक पर्यटन दिशा-निर्देशों के मुताबिक स्नो लेपर्ड टूर आमतौर पर नवंबर से अप्रैल के बीच संचालित होते हैं। वहीं हाई-एल्टीट्यूड बर्ड वॉचिंग के लिए साल का बड़ा हिस्सा अनुकूल माना जाता है।

पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी चुनौती

लद्दाख का इकोसिस्टम बेहद नाजुक है। इसलिए सफारी की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि पर्यटन और संरक्षण के बीच कितना संतुलन बनाया जाता है। हाल में प्रशासन ने संरक्षित क्षेत्रों में अवैध ऑफ-रोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की है। जून 2026 में चार मामलों में कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था और प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्रों में ऑफ-रोडिंग पर कार्रवाई जारी रहेगी।

ऐसे में निर्धारित सफारी वाहन, प्रशिक्षित गाइड और तय मार्ग अनियंत्रित पर्यटन की तुलना में बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं।

कितनी होगी सफारी की कीमत?

लद्दाख में मौजूदा निजी हिम तेंदुआ और वन्यजीव टूर की कीमतों को देखते हुए, शुरुआती तौर पर एक सफारी पैकेज का खर्च करीब 35,000 से 85,000 रुपये प्रति व्यक्ति के बीच हो सकता है। यह अनुमान यात्रा की अवधि, ठहरने, वाहन, गाइड और सफारी के क्षेत्र के आधार पर कम या ज्यादा हो सकता है। सरकारी सफारी की अंतिम कीमत प्रशासन द्वारा पैकेज और सुविधाएं तय करने के बाद ही स्पष्ट होगी।नई सरकारी हाई-एल्टीट्यूड सफारी के लिए आधिकारिक टिकट या पैकेज कीमत अभी घोषित नहीं हुई है। जिसके जल्द ही जारी होने की संभावना है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story