TRENDING TAGS :
North Bengal Tourist Destinations: पहाड़, झरने और बादलों का घर... 20 हजार में घूमिए नॉर्थ बंगाल के अनदेखे नजारे
North Bengal Tourist Destinations 2026: मिरिक, रिशोप, लावा, लोलेगांव और सिट्टोंग जैसी खूबसूरत जगहों की सैर सिर्फ ₹20 हजार के बजट में की जा सकती है।
North Bengal Tourist Destinations 2026
North Bengal Tourist Destinations 2026: गर्मी का मौसम आते ही अब मनाली, शिमला या ऋषिकेश जैसे ठंडी जलवायु वाले पर्यटन स्थल सैकड़ों पर्यटकों की भीड़ और ट्रैफिक से चरमरा उठते हैं। पर्यटक यहां लुत्फ उठाने की जगह परेशान हो जाते हैं। तो अपने पर्यटन अनुभव को खास बनाने के लिए इस बार अपना वीकेंड कुछ अलग अंदाज में बिताने का प्लान बनाइए। नॉर्थ बंगाल की पहाड़ियों में छिपी कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां प्राकृतिक सुंदरता, शांत माहौल और शानदार नजारे आपका इंतजार कर रहे हैं। खास बात यह है कि दिल्ली से आने-जाने, रहने और घूमने का पूरा खर्च करीब 20 हजार रुपये के बजट में आराम से पूरा हो सकता है। आइए जानते हैं उन 5 ऑफबीट डेस्टिनेशन के बारे में, जो आपकी अगली बजट-फ्रेंडली ट्रिप को यादगार बना सकते हैं।
क्यों खास है नॉर्थ बंगाल की ऑफबीट ट्रैवल डेस्टिनेशन?
नॉर्थ बंगाल लंबे समय से दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। लेकिन इन मशहूर जगहों के आसपास कई ऐसे छोटे गांव और हिल स्टेशन भी हैं, जहां अभी भी प्रकृति अपनी मूल खूबसूरती के साथ मौजूद है। यहां भीड़ कम, होटल सस्ते और अनुभव कहीं ज्यादा शानदार मिलता है।
दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस के जरिए न्यू जलपाईगुड़ी तक पहुंचने का खर्च करीब 7 हजार रुपये तक पड़ सकता है। वहीं बागडोगरा एयरपोर्ट तक फ्लाइट से भी आसानी से पहुंचा जा सकता है। इसके बाद शेयर टैक्सी और स्थानीय वाहनों से इन जगहों तक पहुंचना आसान है।
1. मिरिक
बागडोगरा एयरपोर्ट से लगभग 53 किलोमीटर दूर स्थित मिरिक एक शांत और खूबसूरत हिल टाउन है। यहां की सबसे बड़ी पहचान सुमेंदु झील है, जिसके आसपास चीड़ के जंगल और चाय बागान फैले हुए हैं। यहां पर्यटक बोटिंग का आनंद ले सकते हैं, झील किनारे घूम सकते हैं और प्राकृतिक वातावरण में समय बिता सकते हैं। साफ मौसम में कंचनजंगा की बर्फीली चोटियां भी दिखाई देती हैं। रामीते दारा व्यूपॉइंट, बोकार मठ और आसपास के चाय बागान भी घूमने लायक हैं। यहां होमस्टे 500 से 800 रुपये प्रति रात में आसानी से मिल जाते हैं।
2. रिशोप
रिशोप एक छोटा सा लेपचा गांव है, जो लावा और लोलेगांव के बीच स्थित है। यह जगह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो भीड़ से दूर पहाड़ों की असली शांति महसूस करना चाहते हैं।
सुबह के समय यहां से दिखने वाला कंचनजंगा का नजारा किसी पोस्टकार्ड जैसा लगता है। सूरज की पहली किरणें बर्फीली चोटियों को सुनहरे रंग में रंग देती हैं। यहां से नियोरा वैली नेशनल पार्क, चांगे फॉल्स और झांडी दारा व्यूपॉइंट भी देखा जा सकता है। बजट ट्रैवलर्स के लिए 1500 रुपये के आसपास अच्छे कॉटेज और होमस्टे उपलब्ध हैं।
3. टेमी टी एस्टेट
अगर आप प्रकृति और चाय दोनों के शौकीन हैं तो दक्षिण सिक्किम का टेमी टी एस्टेट आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह सिक्किम का सबसे प्रसिद्ध और पुराना चाय बागान माना जाता है। हरे-भरे चाय के खेतों के बीच ठहरना अपने आप में अलग अनुभव है। यहां पर्यटक चाय उत्पादन की प्रक्रिया को करीब से देख सकते हैं। टेमी गेस्ट हाउस में करीब 1500 रुपये प्रति व्यक्ति में रहने और खाने की सुविधा मिल जाती है। पास में स्थित रवांगला और नामची भी घूमने के लिए लोकप्रिय स्थान हैं।
4. लावा और लोलेगांव
लावा और लोलेगांव नॉर्थ बंगाल के सबसे खूबसूरत लेकिन अपेक्षाकृत कम चर्चित पर्यटन स्थलों में गिने जाते हैं। समुद्र तल से करीब 7 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित लावा नियोरा वैली नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार माना जाता है। यहां का बौद्ध मठ, घने जंगल और ठंडी हवाएं यात्रियों को आकर्षित करती हैं। वहीं लोलेगांव अपने मशहूर कैनोपी वॉक के लिए जाना जाता है। पेड़ों की ऊंचाई पर बने इस वॉकवे से जंगल का नजारा बेहद रोमांचक लगता है। दोनों जगहों पर 1500 रुपये के आसपास रहने और खाने की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
5. सिट्टोंग
दार्जिलिंग की पहाड़ियों में बसा सिट्टोंग अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संतरे के बागानों के लिए प्रसिद्ध है। इसे ऑरेंज वैली ऑफ दार्जिलिंग भी कहा जाता है। सर्दियों में यहां के संतरे के बाग पूरे इलाके को रंगीन बना देते हैं। हालांकि सालभर यहां की हरियाली, झरने और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। सिट्टोंग मठ, लेपचा फॉल्स, जोगी घाट ब्रिज और अहलदारा व्यूपॉइंट यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। साफ मौसम में कंचनजंगा के शानदार दृश्य भी देखने को मिलते हैं।
20 हजार रुपये में कैसे बन सकता है पूरा ट्रिप प्लान?
यदि आप ट्रेन से यात्रा करते हैं तो आने-जाने का खर्च लगभग 7 हजार रुपये तक रहता है। रहने और खाने पर 6 से 8 हजार रुपये तथा स्थानीय यात्रा पर 4 से 5 हजार रुपये खर्च हो सकते हैं। इस तरह करीब 20 हजार रुपये के बजट में 3 से 5 दिन की शानदार ऑफबीट ट्रिप आराम से पूरी की जा सकती है।
अगर इस बार आपका मन भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशनों से हटकर किसी शांत, खूबसूरत और बजट-फ्रेंडली जगह पर घूमने का है, तो नॉर्थ बंगाल की ये ऑफबीट डेस्टिनेशन आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए। यहां आपको पहाड़, झील, जंगल, चाय बागान और कंचनजंगा के शानदार नजारे एक साथ देखने को मिलेंगे, वो भी बिना आपकी जेब पर ज्यादा बोझ डाले।


