TRENDING TAGS :
Pakistan Tourist Places: बंटवारे के बाद पाकिस्तान में रह गईं ये बेमिसाल जगहें, खूबसूरती देख नहीं हटेगी नजर
Pakistan Tourist Places: बंटवारे के बाद पाकिस्तान में रह गईं इन खूबसूरत जगहों की प्राकृतिक सुंदरता और इतिहास जानिए।
Pakistan Tourist Destination 2026
Pakistan Tourist Destinations 2026: तमाम प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहरों के अकूत भंडार से भरपूर भारत हमेशा ही सैलानियों की पहली पसंद रहा है। वहीं इसी देश का ही कभी अभिन्न अंग रहा पाकिस्तान भी अपनी अदभुत प्राकृतिक सुंदरता के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। ईन दोनों देशों के बीच बंटवारे को लगभग आठ दशक बीत चुके हैं, लेकिन प्रकृति की खूबसूरती आज भी सीमाओं में नहीं बंधी। पाकिस्तान में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जो अपनी बर्फ से ढकी चोटियों, हरी-भरी घाटियों, साफ झीलों, समुद्री तटों और ऐतिहासिक धरोहरों के कारण दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। रोमांच पसंद करने वालों के लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स हैं, तो प्रकृति प्रेमियों के लिए शांत वादियां और इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए सदियों पुरानी इमारतें।आइए जानते हैं पाकिस्तान की उन खूबसूरत जगहों के बारे में, जिन्हें देखने हर साल बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी पहुंचते हैं।
हुंजा वैली- बर्फीले पहाड़ों के बीच बसी जन्नत
गिलगित-बाल्टिस्तान में स्थित हुंजा वैली पाकिस्तान की सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिनी जाती है। चारों ओर बर्फ से ढके पहाड़, नीला आसमान, साफ हवा और हरियाली इस घाटी को बेहद आकर्षक बनाते हैं। वसंत के मौसम में यहां खुबानी और चेरी के पेड़ों पर खिलने वाले फूल पूरी घाटी को रंगों से भर देते हैं। एडवेंचर पसंद पर्यटक यहां राफ्टिंग, कयाकिंग, ट्रेकिंग और कैम्पिंग का आनंद लेते हैं। पास स्थित अट्टाबाद झील और बाल्टिट किला भी पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं।
शोगरान और सिरी पाये- बादलों के बीच बसे हरे-भरे मैदान
उत्तर पाकिस्तान के कागान वैली क्षेत्र में स्थित शोगरान और सिरी पाये अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर हैं। यहां तक पहुंचने के लिए जीप सफारी करनी पड़ती है, जो खुद एक रोमांचक अनुभव है। रास्ते में हरे-भरे घास के मैदान, रंग-बिरंगे जंगली फूल और बादलों से घिरी पहाड़ियां किसी फिल्मी दृश्य जैसी लगती हैं। गर्मियों में यहां बड़ी संख्या में स्थानीय और विदेशी पर्यटक घूमने पहुंचते हैं।
कराची के समुद्र तट- सूर्यास्त का अनोखा नजारा
अगर आपको समुद्र पसंद है तो कराची के समुद्री तट बेहतरीन विकल्प हैं। क्लिफ्टन बीच, हॉक्स बे, पैराडाइज पॉइंट और मनोरा आइलैंड यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। शाम के समय डूबते सूरज का नजारा इन समुद्र तटों को और भी खूबसूरत बना देता है। पर्यटक यहां ऊंट और घुड़सवारी के अलावा समुद्र किनारे लंबी सैर का आनंद भी लेते हैं।
नीलम वैली-'धरती का स्वर्ग' कहलाने वाली घाटी
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित नीलम वैली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण काफी प्रसिद्ध है। ऊंचे-ऊंचे पहाड़, बहती नदियां, घने जंगल और शांत वातावरण इसे बेहद आकर्षक बनाते हैं। यहां शारदा, कुट्टन और जगरान जैसे कई दर्शनीय स्थल हैं। हालांकि यह क्षेत्र नियंत्रण रेखा (LoC) के पास स्थित है, इसलिए यहां यात्रा करने से पहले स्थानीय नियमों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों की जानकारी लेना जरूरी होता है।
खानपुर डैम-एडवेंचर शौकीन लोगों का पसंदीदा ठिकाना
इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा के बीच स्थित खानपुर डैम एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए प्रसिद्ध है। यहां जेट स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, कयाकिंग, बोटिंग और क्लिफ डाइविंग जैसी गतिविधियां होती हैं। साफ पानी और पहाड़ियों से घिरा यह इलाका युवाओं और रोमांच पसंद पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है।
हिंगोल नेशनल पार्क- प्रकृति का खजाना
बलूचिस्तान में स्थित हिंगोल नेशनल पार्क पाकिस्तान का सबसे बड़ा राष्ट्रीय उद्यान माना जाता है। यहां की चट्टानी पहाड़ियां, दुर्लभ वन्यजीव, मड वॉल्केनो और प्राकृतिक चट्टानों की अनोखी बनावट पर्यटकों को अलग अनुभव देती है। इसी क्षेत्र में स्थित 'प्रिंसेस ऑफ होप' नाम की प्राकृतिक चट्टान भी काफी प्रसिद्ध है।
चूर्णा आइलैंड-स्कूबा डाइविंग का शानदार अनुभव
अरब सागर में स्थित चूर्णा आइलैंड पाकिस्तान के बेहतरीन वॉटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन में शामिल है। यहां का साफ नीला पानी, रंग-बिरंगी समुद्री मछलियां और प्रवाल भित्तियां (कोरल रीफ) स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग के शौकीनों को आकर्षित करती हैं। क्लिफ डाइविंग और बोटिंग का रोमांच भी यहां पर्यटकों को खूब पसंद आता है।
गोरख हिल- सिंध का सबसे ऊंचा पर्यटन स्थल
सिंध प्रांत में स्थित गोरख हिल को 'सिंध का मरी' भी कहा जाता है। यह समुद्र तल से करीब 5,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां का मौसम सिंध के मैदानी इलाकों की तुलना में काफी ठंडा रहता है। सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य यहां आने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण होता है। रात में खुले आसमान के नीचे तारों को निहारना भी यहां का यादगार अनुभव माना जाता है।
इन खास जगहों पर इतिहास और संस्कृति की भी मिलती है झलक
प्राकृतिक सुंदरता के अलावा पाकिस्तान में कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल भी मौजूद हैं। सिंध प्रांत का सुक्कुर अपने पुराने पुलों, मस्जिदों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए जाना जाता है। वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों में मुगल और प्राचीन सभ्यताओं की वास्तुकला की झलक भी देखने को मिलती है। यही कारण है कि इतिहास और संस्कृति में रुचि रखने वाले पर्यटक भी इन जगहों की ओर आकर्षित होते हैं।
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर कोई पर्यटक पाकिस्तान घूमने की योजना बना रहा है, तो उसे पहले वीजा, स्थानीय यात्रा नियम और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। कुछ सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश के लिए मशहूर विशेष अनुमति की आवश्यकता हो सकती है। मौसम के अनुसार यात्रा की योजना बनाना भी बेहतर रहता है, क्योंकि पहाड़ी इलाकों में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी होती है।
पाकिस्तान केवल पहाड़ों या रेगिस्तानों का देश नहीं है, बल्कि यहां बर्फीली घाटियां, नीले समुद्र, ऐतिहासिक धरोहरें, राष्ट्रीय उद्यान और रोमांच से भरपूर पर्यटन स्थल भी मौजूद हैं। यही विविधता इसे दक्षिण एशिया के आकर्षक पर्यटन स्थलों में शामिल करती है। प्रकृति, इतिहास और एडवेंचर तीनों का अनोखा संगम देखने के इच्छुक यात्रियों के लिए यहां कई यादगार जगहें मौजूद हैं।


