TRENDING TAGS :
Patna Mahavir Mandir Mystery: कैंसर तक ठीक होने का दावा.. आखिर क्यों इतना खास है पटना का महावीर मंदिर?
Patna Mahavir Mandir Ka Rahasya: पटना जंक्शन के सामने स्थित महावीर मंदिर क्यों है इतना खास? जानिए चमत्कारी मान्यताओं और प्रसाद की कहानी
Patna Mahavir Mandir Mystery
Patna Mahavir Mandir: संकट मोचन बजरंगबली का महात्म्य इतना व्यापक है कि इस धरती के चप्पे चप्पे पर जिसके साक्ष्य आज भी मौजूद हैं। इसी क्रम में बिहार की राजधानी पटना के बीचोंबीच स्थित महावीर मंदिर सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। पटना जंक्शन के ठीक सामने मौजूद यह मंदिर हर दिन हजारों श्रद्धालुओं से गुलजार रहता है। सुबह की आरती से लेकर रात की अंतिम पूजा तक यहां जय श्री राम और बजरंग बली की जय के जयकारे गूंजते रहते हैं। मंगलवार और शनिवार को यहां जो भीड़ उमड़ती है, उसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों के दिलों में इस मंदिर के प्रति लोगों के भीतर कितनी गहरी श्रद्धा है। कोई नौकरी की मनोकामना लेकर आता है, कोई बीमारी से मुक्ति की उम्मीद में, तो कोई सिर्फ बजरंगबली के दर्शन कर आत्मिक शांति पाने के लिए। इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यहां हनुमान जी की युग्म प्रतिमाएं विराजमान हैं। यानी एक साथ दो मूर्तियां। ऐसी मान्यता देश के बहुत कम मंदिरों में देखने को मिलती है। यही वजह है कि हनुमानगढ़ी के बाद इसे हनुमान भक्तों का सबसे बड़ा आस्था केंद्र माना जाता है।
1730 में हुई थी मंदिर की स्थापना
इतिहासकारों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, महावीर मंदिर की स्थापना साल 1730 में स्वामी बालानंद ने की थी। उस समय यह मंदिर आज जितना भव्य नहीं था। कहा जाता है कि यहां पहले एक छोटा सा पूजा स्थल हुआ करता था, जहां साधु-संत बजरंगबली की आराधना करते थे। रामानंद संप्रदाय से जुड़े संन्यासियों ने लंबे समय तक इस मंदिर की देखरेख की। फिर गोसाईं संन्यासियों का प्रभाव यहां बढ़ा। साल 1948 में पटना हाईकोर्ट ने इसे सार्वजनिक मंदिर घोषित कर दिया। इसके बाद मंदिर का विस्तार शुरू हुआ।
आज जो भव्य स्वरूप दिखाई देता है, वह 1983 से 1985 के बीच तैयार हुआ। इसमें आचार्य किशोर कुणाल की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। उन्होंने न सिर्फ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया, बल्कि इसे धार्मिक और सामाजिक सेवा का बड़ा केंद्र भी बनाया।
अंग्रेजों के दौर की कई कहानियां आज भी जिंदा
पटना के पुराने लोग बताते हैं कि कभी महावीर मंदिर के पीछे अंग्रेजों का मुस्लिम कैंटीन हुआ करता था। मंदिर के पास लोहे का बड़ा गेट था, जिसे शाम के बाद बंद कर दिया जाता था। उस समय रात में ट्रेनें नहीं चलती थीं और स्टेशन के आसपास ज्यादा रौनक भी नहीं रहती थी। कहा जाता है कि मीठापुर के रहने वाले झूलन पंडित रोज यहां आकर बजरंगबली की पूजा करते थे। धीरे-धीरे लोगों की श्रद्धा इतनी बढ़ी कि यह स्थान विशाल मंदिर में बदल गया।
आज जहां चारों ओर रोशनी और भक्तों की भीड़ दिखाई देती है, वहां कभी सन्नाटा हुआ करता था। यही बदलाव इस मंदिर की ऐतिहासिक यात्रा को खास बनाता है।
क्या सच में महावीर मंदिर का प्रसाद बीमारी ठीक करता है?
महावीर मंदिर से जुड़ी सबसे चर्चित मान्यताओं में एक इसके प्रसाद को लेकर भी है। यहां मिलने वाले नैवेद्यम लड्डू को लेकर भक्तों के बीच गहरी आस्था है। कई लोग मानते हैं कि इस प्रसाद को श्रद्धा से ग्रहण करने पर गंभीर बीमारियों से भी राहत मिलती है।
कुछ लोगों द्वारा यह भी कहा जाता है कि मंदिर का लड्डू कैंसर जैसी बीमारी तक ठीक कर देता है। हालांकि इस दावे का कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। डॉक्टर और चिकित्सा विशेषज्ञ भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आधुनिक चिकित्सा और विशेषज्ञ सलाह को ही जरूरी मानते हैं।
लेकिन यह जरूर सच है कि आस्था व्यक्ति को मानसिक शक्ति देती है। जब कोई श्रद्धालु पूरी भक्ति और विश्वास के साथ मंदिर आता है, तो उसे भावनात्मक और मानसिक संबल मिलता है। कई बार यही सकारात्मक ऊर्जा लोगों को कठिन परिस्थितियों से लड़ने की ताकत देती है।
नैवेद्यम प्रसाद की है अलग पहचान
महावीर मंदिर का नैवेद्यम प्रसाद देशभर में मशहूर है। यह खास तरह का लड्डू होता है, जिसे पारंपरिक विधि से तैयार किया जाता है। इसकी गुणवत्ता और स्वाद के कारण भक्त इसे बेहद पवित्र मानते हैं।
कई श्रद्धालु तो पटना से लौटते समय अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए खासतौर पर यही प्रसाद लेकर जाते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर इसकी मांग इतनी बढ़ जाती है कि लंबी कतारें लग जाती हैं।
महावीर मंदिर से जुड़ी 3 बड़ी मान्यताएं
1. यहां मांगी गई मनोकामना पूरी होती है
भक्तों का मानना है कि सच्चे मन से मांगी गई हर इच्छा यहां पूरी होती है। नौकरी, शादी, संतान, स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए लोग यहां माथा टेकते हैं। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर फिर से मंदिर आकर प्रसाद चढ़ाते हैं। यही वजह है कि यहां हर दिन लाखों रुपये का चढ़ावा भी आता है।
2. युग्म प्रतिमाओं का विशेष महत्व
महावीर मंदिर में हनुमान जी की दो प्रतिमाएं एक साथ स्थापित हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एक प्रतिमा परित्राणाय साधूनाम यानी भक्तों की रक्षा का प्रतीक मानी जाती है, जबकि दूसरी विनाशाय च दुष्कृताम यानी बुराइयों के नाश का प्रतीक है।
भक्तों का विश्वास है कि इन दोनों स्वरूपों के दर्शन से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।
3. संकटमोचन के रूप में प्रसिद्ध हैं बजरंगबली
यहां आने वाले श्रद्धालु बजरंगबली को संकटमोचन के रूप में पूजते हैं। परीक्षा, नौकरी, बीमारी, कोर्ट-कचहरी या पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे लोग यहां विशेष रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ यहां नियमित रूप से होता है। माना जाता है कि इससे नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं और जीवन में सकारात्मकता आती है।
रामनवमी और हनुमान जयंती पर उमड़ता है आस्था का सैलाब
महावीर मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है, लेकिन रामनवमी और हनुमान जयंती के दौरान यहां का नजारा बिल्कुल अलग होता है।
मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जाता है। भक्त घंटों लाइन में लगकर दर्शन करते हैं। कई लोग पूरी रात भजन-कीर्तन में शामिल रहते हैं।
इन खास मौकों पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी जाती है, क्योंकि लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
मंदिर सिर्फ आस्था नहीं, सेवा का भी केंद्र
महावीर मंदिर ट्रस्ट धार्मिक कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सेवा में भी सक्रिय माना जाता है। गरीबों की मदद, स्वास्थ्य सेवाएं और समाज कल्याण से जुड़े कई काम इस ट्रस्ट द्वारा किए जाते हैं।
इसी वजह से लोगों की श्रद्धा इस मंदिर के प्रति और भी बढ़ जाती है। यहां लोग सिर्फ पूजा करने नहीं, बल्कि सेवा और दान की भावना से भी आते हैं।
क्यों खास है पटना का महावीर मंदिर?
भारत में हनुमान जी के हजारों मंदिर हैं, लेकिन पटना का महावीर मंदिर अपनी अलग पहचान रखता है। इसकी ऐतिहासिक विरासत, चमत्कारों से जुड़ी मान्यताएं, प्रसिद्ध प्रसाद और भक्तों की अटूट श्रद्धा इसे बेहद खास बनाती है।
पटना आने वाला शायद ही कोई व्यक्ति ऐसा हो, जो यहां दर्शन करने न जाए। स्टेशन से बाहर निकलते ही बजरंगबली का भव्य मंदिर श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच लेता है।
यह मंदिर सिर्फ ईंट और पत्थरों की इमारत नहीं, बल्कि विश्वास, इतिहास और भावनाओं का जीवंत प्रतीक है। यहां आने वाला हर व्यक्ति अपने भीतर एक अलग शांति और ऊर्जा महसूस करता है।


