Saudi Arabia Umrah Rules: वीजा है तो भी नहीं कर पाएंगे उमराह, जानें क्यों

Saudi Arabia Umrah Rules के तहत 365 दिन के मल्टीपल-एंट्री वीजा पर भी हर यात्रा में नया सर्विस पैकेज और उमराह परमिट जरूरी होगा।

Jyotsana Singh
Published on: 25 Aug 2026 3:35 PM IST
Saudi Arabia Umrah Rules: Visa Alone Isn’t Enough, Know the New Umrah Rules
X

Saudi Arabia Umrah Rules: Visa Alone Isn’t Enough, Know the New Umrah Rules

Saudi Multiple Entry Umrah Visa Rules: अगर आप उमराह के लिए सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे हैं तो नए वीजा नियम को समझना बेहद जरूरी है। खासकर उन यात्रियों के लिए, जो एक साल में एक से ज्यादा बार उमराह करने की योजना बना रहे हैं। सऊदी अरब ने 20 जुलाई 2026 को एक साल की वैधता वाला मल्टीपल-एंट्री उमराह वीजा शुरू किया है। इस वीजा के जरिए पात्र यात्री 365 दिनों के दौरान कई बार सऊदी अरब जा सकते हैं। लेकिन इसी के साथ यह बात भी सबसे ज्यादा ध्यान देने वाली है कि, हर बार अब सिर्फ पुराना वीजा दिखाकर उमराह नहीं किया जा सकेगा। यानी नए नियम के अनुसार नई यात्रा से पहले सर्विस पैकेज और उमराह परमिट लेना जरूरी होगा।

365 दिन का वीजा, लेकिन ठहरने की सीमा 90 दिन

नए मल्टीपल-एंट्री उमराह वीजा की वैधता जारी होने की तारीख से 365 दिन है। इसका मतलब है कि इस अवधि में पात्र यात्री जरूरत के अनुसार कई बार सऊदी अरब में प्रवेश कर सकते हैं। लेकिन, पूरे साल सऊदी अरब में रहने की अनुमति नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक, सभी यात्राओं को मिलाकर कुल ठहराव 90 दिनों तक सीमित रहेगा। यानी अगर कोई व्यक्ति पहली यात्रा में 20 दिन, दूसरी में 30 दिन और तीसरी यात्रा में 40 दिन रहता है, तो उसकी कुल अवधि 90 दिन होगी। इस तरह 365 दिन वीजा की वैधता और 90 दिन की कुल रहने की सीमा दो अलग-अलग नियम हैं।

हर नई यात्रा पर लेना होगा नया सर्विस पैकेज

इस वीजा की सबसे अहम शर्त उन यात्रियों के लिए है, जो एक से ज्यादा बार उमराह करने की योजना बना रहे हैं। सऊदी हज और उमराह मंत्रालय के अनुसार, हर यात्रा के लिए नुसुक प्लेटफॉर्म पर किसी मंजूर सेवा प्रदाता से नया सर्विस पैकेज खरीदना होगा। इस पैकेज की अवधि वीजा में उपलब्ध बाकी रहने की अवधि से ज्यादा नहीं हो सकती। यानी पहली यात्रा के लिए बुक किया गया पैकेज अगली यात्रा में अपने आप मान्य नहीं रहेगा। दूसरी या तीसरी यात्रा की योजना बनाते समय यात्री को संबंधित तारीखों के लिए फिर से पैकेज लेना होगा।

वीजा है तो भी उमराह परमिट जरूरी

सिर्फ वैध मल्टीपल-एंट्री वीजा होना उमराह के लिए पर्याप्त नहीं है। सऊदी अरब में प्रवेश के लिए संबंधित यात्रा से पहले नुसुक ऐप के जरिए उमराह परमिट जारी कराना होगा। परमिट की तारीखें उस सर्विस पैकेज की तारीखों से मेल खानी चाहिए, जिसे यात्री ने बुक किया है। इसके अलावा यात्रा और सऊदी अरब में प्रवेश से जुड़ी अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा। इसलिए यात्रा की तारीख तय करने के बाद वीजा, पैकेज और परमिट इन तीनों की जानकारी अच्छी तरह जांचना जरूरी है।

पहली बार उमराह वीजा लेने की प्रक्रिया क्या है?

पहली बार आवेदन करने वालों के लिए भी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। मंत्रालय के अनुसार, यात्रा की शुरुआत नुसुक सिस्टम में उपलब्ध मंजूर सेवा प्रदाताओं से सर्विस पैकेज खरीदने से होती है। इसके बाद उमराह वीजा के लिए आवेदन किया जाता है और संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रक्रिया पूरी की जाती है। यात्रा से पहले आवेदक की पात्रता की जांच होती है। सऊदी अरब पहुंचने पर प्रवेश की जानकारी दर्ज की जाती है और बाहर निकलते समय रिकॉर्ड अपडेट किया जाता है। इससे वीजा के तहत बची हुई ठहरने की अवधि का हिसाब भी रखा जाता है।

दूसरी यात्रा में फिर से करनी होगी प्रक्रिया

मान लीजिए किसी यात्री ने अगस्त में उमराह किया और कुछ समय बाद दोबारा उमराह के लिए सऊदी अरब जाने की योजना बनाई। अगर उसका एक साल वाला मल्टीपल-एंट्री वीजा अभी वैध है, तब भी वह पुराने सर्विस पैकेज और पुराने परमिट के आधार पर दूसरी यात्रा नहीं कर सकता। उसे दूसरी यात्रा के लिए नया सर्विस पैकेज खरीदना होगा और नुसुक ऐप से नया उमराह परमिट लेना होगा। इसके बाद यात्रा और प्रवेश की पात्रता पूरी होने पर वह दोबारा सऊदी अरब जा सकेगा।

नुसुक क्यों है अहम?

नुसुक सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय की देखरेख में चलने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए उमराह से जुड़ी कई सेवाओं की योजना और बुकिंग की जा सकती है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, नुसुक पर उमराह यात्रा की योजना बनाने से लेकर परमिट और अन्य सेवाओं तक कई डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हैं। विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नुसुक उमराह सेवा के जरिए वीजा और यात्रा से जुड़ी सेवाओं की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

हज सीजन में नहीं होगा वीजा सक्रिय

एक और जरूरी नियम यह है कि यह मल्टीपल-एंट्री उमराह वीजा हज सीजन में प्रवेश के लिए सक्रिय नहीं रहेगा। सऊदी मंत्रालय के अनुसार, 1 जिल्कादा से 13 जिल्हिज्जा तक इस वीजा को प्रवेश के लिए सक्रिय नहीं किया जाएगा। इसलिए उमराह की यात्रा तय करने वालों को हज सीजन की तारीखों और लागू प्रवेश प्रतिबंधों का भी ध्यान रखना होगा।

यात्रियों को किन बातों का याद रखना चाहिए?

नए नियम का सबसे जरूरी मतलब यह है कि 365 दिन का उमराह वीजा बार-बार प्रवेश की सुविधा देता है, लेकिन हर यात्रा अपने आप मंजूर नहीं हो जाती। हर नई यात्रा के लिए नया सर्विस पैकेज और नया उमराह परमिट जरूरी होगा। साथ ही कुल ठहराव 90 दिनों से अधिक नहीं हो सकता। इसलिए उमराह की टिकट बुक करने से पहले वीजा की बची वैधता, नुसुक पर सर्विस पैकेज, उमराह परमिट की तारीख और सऊदी अरब में बची हुई ठहरने की अवधि जरूर जांच लें। इससे यात्रा के दौरान प्रवेश या परमिट से जुड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story