TRENDING TAGS :
Sindhu Darshan Yatra Scheme: बिहार के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात, सिंधु दर्शन यात्रा पर मिलेगा विशेष अनुदान
Sindhu Darshan Yatra Scheme Bihar 2026: बिहार सरकार की नई योजना के तहत लद्दाख में सिंधु दर्शन करने वाले पात्र श्रद्धालुओं को यात्रा खर्च पर ₹20,000 तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।
Sindhu Darshan Yatra Scheme Bihar 2026
Sindhu Darshan Yatra Scheme Bihar 2026: आप अग़र बिहार में रहते हैं और लद्दाख की वादियों में घूमने के साथ वहां की पवित्र सिंधु नदी के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं तो बिहार सरकार की यह योजना आपके इस सपने को सच करने आई है। बिहार सरकार ने राज्य के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता योजना 2026’ को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना पर मुहर लगाई गई। इसके तहत बिहार के मूल निवासी अब लद्दाख में बहने वाली पवित्र सिंधु नदी के दर्शन के लिए यात्रा कर सकेंगे और सरकार से 20 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि सिंधु नदी भारत की सांस्कृतिक विरासत, सभ्यता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इसके दर्शन का अवसर मिलना चाहिए।
क्या है सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता योजना?
सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता योजना 2026 का उद्देश्य बिहार के नागरिकों को लद्दाख स्थित पवित्र सिंधु नदी के दर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत तीर्थयात्रा पूरी करने वाले पात्र लोगों को यात्रा खर्च पर आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार यात्रा पर हुए कुल खर्च का 50 प्रतिशत या अधिकतम 20 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक अनुदान देगी। यदि खर्च का 50 प्रतिशत 20 हजार रुपये से कम होता है तो उतनी ही राशि मिलेगी। जबकि अधिक होने पर अधिकतम 20 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
क्यों खास मानी जाती है सिंधु नदी?
सिंधु नदी को दुनिया की सबसे प्राचीन नदियों में गिना जाता है। इसी नदी के नाम पर भारत को अंग्रेजी में ‘इंडिया’ और भारतीय सभ्यता को ‘इंडस वैली सिविलाइजेशन’ के नाम से जाना गया। तिब्बत से निकलने वाली यह नदी लद्दाख से होकर बहती है और आगे पाकिस्तान में प्रवेश करती है। भारतीय संस्कृति और इतिहास में इसका विशेष महत्व माना जाता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक सिंधु दर्शन के लिए लद्दाख पहुंचते हैं।
बिहार के लोगों को कैसे मिलेगा फायदा?
लद्दाख भारत के सबसे खूबसूरत लेकिन महंगे पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां पहुंचने के लिए हवाई यात्रा, होटल, स्थानीय परिवहन और अन्य खर्च मिलाकर काफी बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती है। आर्थिक कारणों से कई लोग सिंधु दर्शन का सपना पूरा नहीं कर पाते। नई योजना के लागू होने से यात्रा का एक बड़ा हिस्सा सरकार वहन करेगी, जिससे मध्यम वर्ग और सामान्य परिवारों के लिए भी यह यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुलभ हो जाएगी।
कौन उठा सकेगा योजना का लाभ?
सरकार ने योजना के लिए कुछ स्पष्ट पात्रता शर्तें निर्धारित की हैं। सबसे पहले आवेदक का बिहार का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके अलावा तीर्थयात्री की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। यानी 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और किशोरों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही इस योजना के तहत एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि हर वित्तीय वर्ष में अधिकतम 100 यात्रियों को ही इस योजना के अंतर्गत अनुदान दिया जाएगा। ऐसे में पात्र लोगों को समय पर आवेदन करना होगा।
अनुदान पाने के लिए क्या करना होगा?
सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता योजना 2026 की खास बात यह है कि अनुदान यात्रा शुरू होने से पहले नहीं बल्कि यात्रा पूरी होने के बाद दिया जाएगा। पहले तीर्थयात्री को लद्दाख जाकर सिंधु दर्शन यात्रा पूरी करनी होगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना होगा। आवेदन की जांच और सत्यापन के बाद पात्र व्यक्ति के खाते में अनुदान राशि भेजी जाएगी। पर्यटन विभाग जल्द ही आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों, आवेदन की समय सीमा और भुगतान संबंधी दिशा-निर्देश जारी करेगा।
सिंधु दर्शन महोत्सव से भी जुड़ा है लद्दाख का धार्मिक महत्व
लद्दाख में हर वर्ष सिंधु दर्शन महोत्सव का आयोजन किया जाता है। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लोग भाग लेते हैं। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और भारतीय सभ्यता के गौरव को प्रदर्शित करता है। श्रद्धालु सिंधु नदी के तट पर पूजा-अर्चना करते हैं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं।
पर्यटन और धार्मिक यात्रा को मिलेगा बूस्ट
विशेषज्ञों का मानना है कि सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता योजना 2026 से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बिहार के लोगों में देश की सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। लद्दाख जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी इससे आर्थिक तौर पर मजबूती मिलेगी। साथ ही बिहार से यहां घूमने आए लोगों को भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जड़ों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। बिहार सरकार का कहना है कि, सिंधु नदी केवल जलधारा नहीं बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता और संस्कृति की पहचान है। इसी सोच के साथ यह योजना शुरू की गई है ताकि राज्य के अधिक से अधिक नागरिक इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर के दर्शन कर सकें। सरकार की यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को भारत की गौरवशाली विरासत से परिचित होने का भी अवसर प्रदान करेगी।


