Switzerland Famous Resort: स्विट्जरलैंड का बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट क्यों है दुनिया भर में खास?

Switzerland Burgenstock Resort History: बर्गेनस्टॉक कई ऐतिहासिक वार्ताओं का मंच भी रहा है।1960 और 1995 में यहां मशहूर बिल्डरबर्ग मीटिंग आयोजित हुईं।

Neel Mani Lal
Published on: 21 Jun 2026 7:27 PM IST
Switzerland Famous Burgenstock Resort History
X

Switzerland Famous Burgenstock Resort History

Switzerland Burgenstock Resort History: स्विट्जरलैंड की खूबसूरत लुसर्न झील के पास आल्प्स की पहाड़ियों पर स्थित बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट इन दिनों ग्लोबल डिप्लोमेसी का केंद्र बना हुआ है। यहीं अमेरिका और ईरान के बीच बेहद महत्वपूर्ण शांति वार्ता चल रही हैं। सवाल यह है कि आखिर बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट इतना खास क्यों है और इसे बार बार बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए ही क्यों चुना जाता है?

153 साल पुराना इतिहास

बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट लेक लुसर्न स्विट्जरलैंड के निडवाल्डेन कैंटन के ओबबुर्गेन क्षेत्र में स्थित है। यह रिजॉर्ट लुसर्न झील से लगभग 500 मीटर ऊपर और समुद्र तल से करीब 1,128 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इस रिज़ॉर्ट की शुरुआत 1873 में हुई थी, जब स्विस उद्यमी फ्रांज जोसेफ बुशर और जोसेफ ड्यूरर ने यहां पहला ग्रैंड होटल स्थापित किया था। आज यह 60 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैला एक विशाल लक्ज़री परिसर है।


दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित रिसॉर्ट्स में शामिल बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट अपने आप में शानदार है। इसमें दो लक्ज़री होटल, एक छोटा होटल, निजी रेजिडेंस सुइट्स, 12 रेस्तरां, विशाल स्पा और वेलनेस सेंटर, कॉन्फ्रेंस सेंटर तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन स्थल मौजूद हैं। यहां से लुसर्न झील और स्विस आल्प्स पहाड़ों का अद्भुत नज़ारा दिखाई देता है।

विश्व कूटनीति का मंच

बर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट को सिर्फ एक लक्ज़री टूरिस्ट होटल मानना भूल होगी। पिछले कुछ वर्षों में यह रिसॉर्ट अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। इसकी सबसे बड़ी खूबी इसकी शांत व सुदूर लोकेशन है।पहाड़ की चोटी पर स्थित होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त और प्रभावी बनाई जा सकती है। यहां पहुंचने के रास्ते सीमित हैं और हवाई निगरानी करना आसान है। यहां किसी तरह की घुसपैठ लगभग असम्भव मानी जाती है। यही वजह है कि संवेदनशील वार्ताओं और उच्चस्तरीय बैठकों के लिए इस रिसॉर्ट को पसन्द किया जाता है। स्विस विदेश मंत्रालय ने भी हाल में कहा कि यह जगह गोपनीय और भरोसेमंद माहौल देता है।

कितना महंगा है बर्गेनस्टॉक?

बर्गेनस्टॉक में एक सामान्य कमरे का किराया भी मौसम के अनुसार 700 से 1,500 स्विस फ्रैंक (70 हजार से 1.5 लाख रुपये) प्रति रात तक पहुंच सकता है। झील की ओर खुलने वाले प्रीमियम सुइट्स का किराया 2,000 से 5,000 यूरो (करीब 2 लाख से 5 लाख रुपये) प्रति रात या उससे ज्यादा हो सकता है। कुछ लग्ज़री रेजिडेंस और प्रेसिडेंशियल सुइट्स की कीमत इससे भी कहीं ज्यादा बताई जाती है।


सिर्फ एक लेक व्यू सुइट का किराया 2,000 यूरो प्रति रात से ऊपर पहुंच जाता है। रिसॉर्ट में स्थित प्रसिद्ध इन्फिनिटी पूल, 10,000 वर्ग मीटर का अल्पाइन स्पा, विश्वस्तरीय रेस्तरां और निजी बोट फनिक्युलर क्रूज़ के चलते ये रिसॉर्ट यूरोप के सबसे खास और एक्सक्लूसिव लक्ज़री गंतव्यों में शामिल है।

इसका मालिक कौन है?

आज बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट का मालिक कतर है। इसका स्वामित्व कतर की सरकारी हॉस्पिटैलिटी कंपनी 'कटारा हॉस्पिटैलिटी' के पास है। ये कम्पनी दुनिया भर में कई प्रतिष्ठित होटलों और रिसॉर्ट्स का संचालन और स्वामित्व रखती है।

दिलचस्प बात यह है कि बर्गेनस्टॉक पहले स्विस परिवारों और बाद में विभिन्न निजी कंपनियों के हाथों में रहा। 2000 के दशक में कतर की कंपनियों ने इसे खरीदना शुरू किया। पहले बारवा रियल एस्टेट और बाद में कटारी डीआर के जरिये ये कटर के नियंत्रण में आई।

2014 से 2017 के बीच बर्गेनस्टॉक को बड़े पैमाने पर रिनोवेट किया गया। इसमें लगभग 1 अरब डॉलर तक के निवेश का अनुमान लगाया जाता है। आज इसके परिसर में 30 से अधिक इमारतें, तीन होटल, निजी रेजिडेंस, सम्मेलन केंद्र, स्पा, गोल्फ कोर्स, रेस्तरां और यूरोप की सबसे ऊंची आउटडोर लिफ्टों में से एक शामिल हैं।

दुनिया की कूटनीति में भूमिका

बर्गेनस्टॉक कई ऐतिहासिक वार्ताओं का मंच भी रहा है।1960 और 1995 में यहां मशहूर बिल्डरबर्ग मीटिंग आयोजित हुईं। 2002 में सूडान के गृहयुद्ध के पक्षों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता यहीं हुई, जिसने बाद में शांति समझौते का रास्ता बनाया। 2004 में साइप्रस मुद्दे पर तुर्क और ग्रीक साइप्रियट नेताओं के बीच बातचीत भी यहीं हुई। 2024 में यूक्रेन शांति सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें 90 से अधिक देशों और संगठनों ने भाग लिया। अब 2026 में अमेरिका और ईरान की बातचीत के कारण यह फिर वैश्विक सुर्खियों में है।

नेहरू से ऑड्रे हेपबर्न तक

बर्गेनस्टॉक के मेहमानों की सूची भी बेहद प्रभावशाली है। भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू 1951 में यहां छुट्टियां मनाने आए थे और उनके साथ उनकी बेटी इंदिरा गांधी भी थीं। जर्मनी के चांसलर कॉनराड डेंऔर ने यहां से सरकारी कामकाज तक संभाला था। हॉलीवुड स्टार ऑड्रे हेपबर्न की शादी इसी रिजॉर्ट के चैपल में हुई थी। हॉलीवुड स्टार सोफिया लॉरेन यहां कई वर्षों तक रहीं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर और विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर भी यहां ठहर चुके हैं।

Neel Mani Lal
ABOUT THE AUTHOR

Neel Mani Lal

Next Story