UP Mini Goa Chuka Beach Travel 2026: 5 से 8 हजार में गोवा वाला मजा! यूपी का ये ‘मिनी गोवा’ बना फैमिलीज की पहली पसंद

UP Mini Goa Chuka Beach Travel 2026: जंगल सफारी, बीच जैसा नजारा और ट्री हाउस स्टे… क्यों वायरल हो रहा है चूका बीच?

Jyotsana Singh
Published on: 18 May 2026 3:50 PM IST (Updated on: 18 May 2026 3:52 PM IST)
UP Mini Goa Chuka Beach Pilibhit Budget Weekend Trip Tourism
X

UP Mini Goa Chuka Beach Travel 2026 

UP Mini Goa Chuka Beach Travel 2026: जंगल सफारी, बीच जैसा नजारा और ट्री हाउस स्टे… जानिए क्यों वायरल हो रहा है चूका बीच आज की भगमभाग भरी जिंदगी में आप यदि कुछ पल ऐसे बिताना चाहते हैं, जहां शोर-शराबे, ट्रैफिक और रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर बस सुकून ही सुकून हो। यदि आप पहाड़ों की ठंडी वादियों में खो जाना चाहते हैं, समंदर किनारे बैठकर लहरों की आवाज सुनना चाहते हैं, लेकिन गोवा या बड़े हिल स्टेशन जाना आपके बजट के अनुकूल नहीं है। ऐसे में अगर उत्तर प्रदेश में ही आपको ऐसी जगह मिल जाए, जहां बीच जैसी फील, जंगल का रोमांच और प्रकृति का सुकून एक साथ महसूस हो, तो यकीन मानिए आपका वीकेंड यादगार बन सकता है।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मौजूद चूका बीच इन दिनों ट्रैवल लवर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। घने जंगलों के बीच बना यह खूबसूरत पर्यटन स्थल लोगों को प्रकृति के बेहद करीब ले जाता है। यहां पहुंचते ही ऐसा लगता है जैसे समय थोड़ी देर के लिए थम गया हो। चारों तरफ हरियाली, शांत पानी, ठंडी हवाएं और पक्षियों की आवाज मन को भीतर तक सुकून देती है। यही वजह है कि अब लोग इसे यूपी का 'मिनी गोवा' कहने लगे हैं।

पीलीभीत के जंगलों में छिपा है यह खूबसूरत बीच

चुका बीच (Chuka Beach) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में स्थित है। यह जगह पीलीभीत टाइगर रिजर्व (Pilibhit Tiger Reserve) के मुस्तफाबाद रेंज के अंदर आती है। शारदा सागर डैम और शारदा नहर के पास स्थित यह इलाका अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। पहली नजर में यह जगह किसी फिल्मी लोकेशन जैसी लगती है। पानी के किनारे फैली सुनहरी रेत, दूर-दूर तक फैले पेड़ और शांत वातावरण यहां आने वाले हर पर्यटक को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। खास बात यह है कि यहां भीड़भाड़ बहुत कम देखने को मिलती है, इसलिए जो लोग शांति और प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं, उनके लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं।

क्यों कहा जाता है यूपी का ‘मिनी गोवा’

गोवा का नाम सुनते ही लोगों के मन में समुद्र किनारे फैली रेत, ठंडी हवाएं और रिलैक्सिंग माहौल की तस्वीर उभरती है। चूका बीच भी कुछ ऐसा ही अनुभव देता है। हालांकि यहां समुद्र नहीं है, लेकिन विशाल जलाशय और उसके किनारे का प्राकृतिक दृश्य किसी बीच से कम महसूस नहीं होता। शाम के समय यहां का सनसेट इतना खूबसूरत दिखाई देता है कि लोग घंटों वहीं बैठकर नजारों को निहारते रहते हैं। सोशल मीडिया पर भी इस जगह की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। यही वजह है कि अब युवा इसे वीकेंड ट्रिप के लिए सबसे शानदार डेस्टिनेशन मानने लगे हैं।

चूका बीच सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं, प्रकृति से जुड़ने का भी अनुभव


आज के समय में लोग ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं जहां कुछ समय मोबाइल और इंटरनेट की दुनिया से दूर रहा जा सके। चूका बीच लोगों को वही एहसास देता है। यहां पहुंचने के बाद शहरों की भागदौड़ और तनाव धीरे-धीरे पीछे छूटने लगता है। सुबह के समय जंगलों से आती ताजी हवा और पक्षियों की आवाजें मन को एक अलग ही शांति देती हैं। यहां बैठकर ऐसा महसूस होता है जैसे प्रकृति खुद आपको अपने करीब बुला रही हो। यही कारण है कि यह जगह फैमिली ट्रिप, कपल्स और सोलो ट्रैवलर्स सभी के लिए खास बनती जा रही है।

जंगल सफारी का रोमांच बढ़ा देता है ट्रिप का मजा

चूका बीच की सबसे खास बात यह है कि यहां पहुंचने के लिए जंगल सफारी से होकर गुजरना पड़ता है। निजी गाड़ियों की एंट्री यहां नहीं होती। फॉरेस्ट विभाग की सफारी गाड़ियां पर्यटकों को तय समय पर बीच तक लेकर जाती हैं। जंगल के बीच से गुजरते हुए रास्ते का अनुभव बेहद रोमांचक होता है। कई बार रास्ते में हिरण, मोर और अन्य वन्यजीव भी दिखाई दे जाते हैं। अगर किस्मत अच्छी रही तो जंगल की असली खूबसूरती और भी करीब से देखने को मिल सकती है। यही रोमांच इस ट्रिप को सामान्य पिकनिक से बिल्कुल अलग बना देता है।

ट्री हाउस और हट्स में बिताई गई रात बन जाती है यादगार


चूका बीच पर बने ट्री हाउस और हट्स पर्यटकों को बेहद आकर्षित करते हैं। लकड़ी से बने ये हट्स प्रकृति के बेहद करीब होने का एहसास कराते हैं। रात के समय यहां का वातावरण और भी ज्यादा खूबसूरत हो जाता है। जंगल की हल्की आवाजें, ठंडी हवा और शांत माहौल शहर की थकान को पलभर में दूर कर देते हैं। यही वजह है कि यहां आने वाले ज्यादातर लोग एक रात रुककर इस अनुभव को पूरी तरह महसूस करना चाहते हैं। हालांकि यहां स्टे करने के लिए पहले से बुकिंग करवाना जरूरी होता है।

फोटोग्राफी और सोशल मीडिया रील्स के लिए परफेक्ट जगह

आज के दौर में लोग ऐसी जगहों पर जाना पसंद करते हैं जहां खूबसूरत तस्वीरें और वीडियोज बनाए जा सकें। चूका बीच इस मामले में भी लोगों को निराश नहीं करता। पानी के किनारे बैठकर सनसेट के दौरान क्लिक की गई तस्वीरें बेहद शानदार आती हैं। जंगल के रास्ते, लकड़ी के हट्स और प्राकृतिक बैकग्राउंड इस जगह को इंस्टाग्राम और ट्रैवल व्लॉगिंग के लिए परफेक्ट बनाते हैं।

कम बजट में शानदार वीकेंड ट्रिप का बेहतरीन विकल्प

गोवा या बड़े टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर घूमने में हजारों रुपए खर्च हो जाते हैं, लेकिन चूका बीच कम बजट में शानदार अनुभव देने वाली जगह है। यहां सफारी, बोटिंग और स्टे का खर्च मिलाकर भी ट्रिप काफी किफायती पड़ती है।

अगर आप दोस्तों या परिवार के साथ दो दिन की ट्रिप प्लान कर रही हैं, तो 5 से 8 हजार रुपए के अंदर आराम से यह यात्रा पूरी हो सकती है। यही वजह है कि अब मिडिल क्लास फैमिलीज और युवा ट्रैवलर्स तेजी से इस जगह की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

यहां पहुंचना है काफी आसान

पीलीभीत सड़क और रेल मार्ग दोनों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। बरेली से यह जगह करीब एक घंटे की दूरी पर स्थित है। वहीं दिल्ली से यहां पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे का समय लगता है। पीलीभीत पहुंचने के बाद पर्यटकों को निर्धारित रूट से होकर टाइगर रिजर्व के अंदर जाना पड़ता है। सफारी के जरिए बीच तक पहुंचने का अनुभव ही इस ट्रिप को खास बना देता है।

आसपास की जगहें ट्रिप को बनाती हैं और शानदार

अगर आप नेचर और वाइल्डलाइफ पसंद करती हैं, तो पीलीभीत टाइगर रिजर्व जरूर एक्सप्लोर कर सकती हैं। यहां कई दुर्लभ वन्यजीव और पक्षियों की प्रजातियां देखने को मिलती हैं। इसके अलावा (Katarniaghat Wildlife Sanctuary) कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य भी ज्यादा दूर नहीं है। यह जगह भी नेचर लवर्स के लिए बेहद खास मानी जाती है। भारत-नेपाल सीमा नजदीक होने की वजह से यहां नेपाली खानपान का स्वाद भी लिया जा सकता है, जो ट्रिप को और खास बना देता है।

यात्रा पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

चूका बीच इको-टूरिज्म का हिस्सा है, इसलिए यहां साफ-सफाई और प्रकृति संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाता है। पर्यटकों को फॉरेस्ट विभाग के नियमों का पालन करना जरूरी होता है। यहां प्लास्टिक और कचरा फैलाने की अनुमति नहीं है। तेज आवाज में म्यूजिक बजाने से भी बचना चाहिए ताकि जंगल का प्राकृतिक वातावरण प्रभावित न हो। साथ ही ट्रिप पर जाने से पहले बुकिंग जरूर कर लें, क्योंकि सीजन के समय यहां पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है।

क्यों बन रहा है लोगों की पहली पसंद?

आज के समय में लोग सिर्फ घूमने नहीं बल्कि सुकून तलाशने निकलते हैं। चूका बीच लोगों को वही एहसास देता है। यहां न सिर्फ खूबसूरत नजारे हैं बल्कि प्रकृति के साथ कुछ पल खुद के लिए बिताने का मौका भी मिलता है।

उत्तर प्रदेश का यह छोटा सा पर्यटन स्थल अब तेजी से लोगों की ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो रहा है। अगर आप भी इस वीकेंड कुछ नया, शांत और यादगार एक्सपीरियंस लेना चाहती हैं, तो चूका बीच आपके लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है।

Jyotsana Singh

Jyotsana Singh

Editor

Next Story