TRENDING TAGS :
Baghpat News: राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, तालाब पर हुए अवैध निर्माण को जेसीबी से कराया ध्वस्त
Baghpat News: बागपत में राजस्व विभाग ने तालाब पर हुए अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया
राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई, तालाब पर हुए अवैध निर्माण को जेसीबी से कराया ध्वस्त (photo: social media )
Baghpat News: बड़ौत तहसील क्षेत्र के बिराल गांव में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने एसडीएम बड़ौत भावना सिंह के निर्देश पर तालाब की भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन के माध्यम से निर्माणाधीन पक्का मकान ध्वस्त कर तालाब को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान अवैध कब्जा करने वाले लोगों की ओर से कुछ देर के लिए विरोध और कर्मचारियों से नोकझोंक की स्थिति भी बनी, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई पूरी कर ली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की ओर से शिकायत की गई थी कि गांव का ही एक व्यक्ति सरकारी तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर रहा है और वहां पक्के मकान का निर्माण करवाया जा रहा है। इस अवैध निर्माण के कारण तालाब की जलनिकासी व्यवस्था बाधित हो रही थी, जिससे बरसात के मौसम में गांव में जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम भावना सिंह ने तुरंत जांच के आदेश दिए।
जेसीबी मंगाकर निर्माणाधीन मकान को गिरा दिया
लेखपाल रविश कुमार राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की पुष्टि होने पर जेसीबी मंगाकर निर्माणाधीन मकान को गिरा दिया गया। साथ ही तालाब की खोदाई कराकर मलबा भी हटवाया गया, जिससे जल निकासी सुचारू रूप से हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तालाब जैसी सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करना कानूनन अपराध है और भविष्य में यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से गांव में चर्चा का माहौल बना रहा और स्थानीय लोगों ने विभाग की इस तत्परता की सराहना की।


