×

Banda News: जिंदा भस्म हुए मां-बेटे, सुसाइड, एक्सीडेंट या मर्डर.. जवाब को पुलिस विवेचना की दरकार

Banda News: गैस सिलेंडर का किचन के बजाय बेडरूम मे मिलना आदि मामले को संदिग्ध बनाती हैं। मृतका का मायका पक्ष मामले को सुनियोजित हत्या बता रहा है।

Om Tiwari
Published on: 9 Jun 2025 5:57 PM IST
X

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में 9 माह का मासूम बेटा और मां जिंदा भस्म हो गए। मोहल्ले के लोग दौड़ कर पहुंचे, लेकिन कमरे में दोनों खाक मिले। लोगों के जेहन में सवाल कौंधा.. सुसाइड, एक्सीडेंट या मर्डर? इसका जवाब पुलिस की विवेचना में मिलेगा। लेकिन गैस सिलेंडर का किचन के बजाय बेडरूम मे मिलना आदि मामले को संदिग्ध बनाती हैं। मृतका का मायका पक्ष मामले को सुनियोजित हत्या बता रहा है। हत्या के कारण भी गिना रहा है।

सास के शोर पर दौड़े पड़ोसी, हाथ लगे जले भुने शव

नरैनी कस्बे के देविन नगर मोहल्ले में रविवार रात हड़कंप मच गया, जब यूपी पुलिस में रहे ब्रम्ह प्रकाश दीक्षित की पत्नी सुनीता ने दरवाजे पर खड़े होकर बहू के कमरे में आग लगने का शोर मचाया। मोहल्ले वाले दौड़ कर पहुंचे, लेकिन बहू अनीता पत्नी शुभम (24) और दुधमुंहे बेटे पार्थ पुत्र शुभम के जले भुने शव ही हाथ लगे। बिस्तर जलता मिला। लोगों ने आग बुझाई। पुलिस को सूचना दी गई।

बेडरूम कैसे पहुंचा गैस सिलेंडर और क्यों नहीं चीखी मृतका

CO नरैनी कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मां-बेटे के शव कब्जे में लिए। फारेंसिक नमूने लिए गए। बेड के पास गैस सिलेंडर मिला। सिलेंडर किचन से बेडरूम कैसे पहुंचा? मरते हुए मृतका ने शोर क्यों नहीं मचाया? इन सवालों का जवाब पुलिस विवेचना में मिलेगा। लेकिन फिलहाल, मामला संदिग्ध हो गया है।

घर में अकेली थी सास, बेटा और पति दोनों बताए गए बाहर

मृतका अनीता का मायका छतरपुर (मप्र) जिले का वंशिया गांव है। जून 2022 में ब्रम्ह प्रकाश के बेटे शुभम से विवाह हुआ था। 9 माह पहले बेटा जन्मा था। बेटे का नाम पार्थ रखा था। बेटे के साथ जिंदा भस्म होने के दौरान घर में सास सुनीता भर मौजूद थी। पति शुभम नौकरी पर नोएडा में था। मानसिक अस्वस्थता का शिकार ससुर ब्रम्ह प्रकाश भी बाहर था।

मायका पक्ष बोला, लालची पति और सास दोनों ने मिलकर मारा

जानकारी पाकर सोमवार को नरैनी पहुंचे मृतका अनीता के पिता शिवदत्त त्रिवेदी और कजिन कल्लू त्रिवेदी ने पति शुभम और सास सुनीता पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। कल्लू ने कहा, भरपूर दान दहेज के बावजूद पति और सास का लालच खत्म नहीं हुआ। शादी के बाद दो बार 50-50 हजार रुपए देने पर भी संतुष्ट नहीं हुए। चूंकि अनीता तीन बहनें हैं। सगा भाई नहीं है। लिहाजा, अनीता के हिस्से पर स्वामित्व की चाह जोर पकड़े थी। जमीन लिखाने को मना करने से खफा होकर अनीता को बेटे समेत मारा गया है।

CO केके त्रिपाठी ने कहा, सुसंगत धाराओं में मुकदमा

पुलिस ने घटना के बाबत साफ तौर पर कुछ नहीं कहा। CO नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने घटना की जानकारी देकर कहा, तहरीर लेकर सुसंगत धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story