Banda News: रेप मामले में जाम लगाकर ग्रामीणों का गुस्सा बयां होने के बाद सोते से जागी पुलिस, मुठभेड़ पर सवाल

Banda News: वायरल वीडियो बताते हैं कि घृणित वारदात की सूचना के बावजूद पुलिस उस तरह ऐक्टिव नहीं हुई, जिसकी उससे अपेक्षा होती है।

Om Tiwari
Published on: 4 Jun 2025 12:01 PM IST
banda news
X

banda news

Banda News: चिल्ला थाना क्षेत्र में 3 वर्ष की मासूम बच्ची से बलात्कार कर उसे जंगल में फेंकने की घटना पर पुलिस की तत्परता और कामुक दरिंदे से मुठभेड़ के पुलिसिया दावे को लेकर सोशल मीडिया में वायरल वीडियो वगैरह ने सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार शाम करीब चार बजे घृणित वारदात के बाद पुलिस की तंद्रा देर शाम तब टूटी, जब गुस्साए ग्रामीण सड़क जामकर विरोध प्रदर्शन में आमादा हो गए। इस दौरान ग्रामीण कामुक दरिंदा पुलिस की गिरफ्त में होने का खुलासा कर बच्ची को खोज न पाने के लिए नाराजगी जताते नजर आए। इस सब पर पुलिस ने फिलहाल चुप्पी साधी हुई है।

ग्रामीणों के बयान से पुलिस की फजीहत

वायरल वीडियो बताते हैं कि घृणित वारदात की सूचना के बावजूद पुलिस उस तरह ऐक्टिव नहीं हुई, जिसकी उससे अपेक्षा होती है। बल्कि सड़क जाम कर ग्रामीणों का बयां हो रहा गुस्सा सार्वजनिक होने के बाद पुलिस मानो सोते से जागी। ग्रामीणों की मानें तो कामुक दरिंदा गिरफ्त में आने के घंटों बाद पुलिस देर रात मासूम पीड़िता को खोज पाई। जख्मी हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया।

मुठभेड़ पर उठे सवालों जैसी पुलिसिया प्रेस नोट की भी चुगली

जाम लगाए ग्रामीणों की बातों ने पुलिसिया मुठभेड़ पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया है। कहा जा रहा है, कामुक दरिंदे को गिरफ्त में लेने के बाद मुठभेड़ का स्वांग रचा गया है! इसकी चुगली पुलिस प्रेस नोट भी करता है। अमूमन, मुठभेड़ में अगले की ओर से भागते हुए फायर करने और पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसे घायल होना बताया जाता रहा है, लेकिन कामुक दरिंदे को मुठभेड़ में महज घायल भर बता कर प्रेस नोट की इतिश्री कर दी गई है। मुठभेड़ कहां हुई, कैसे हुई, कितने फायर हुए जैसे सवालों पर पुलिस ने चुप्पी साधना मुनासिब समझा है।

1 / 7
Your Score0/ 7
Om Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Om Tiwari

Next Story