Basti News: वशिष्ठ सभागृह का लोकार्पण, यातायात प्रशिक्षण समापन

Basti News: बस्ती पुलिस लाइन में उच्चीकृत वशिष्ठ सभागृह का एसपी ने किया उद्घाटन, यातायात प्रशिक्षण समापन व सैनिक सम्मेलन का आयोजन भी हुआ।

Amril Lal
Published on: 10 Nov 2025 6:42 PM IST
X

Basti News: बस्ती। जिले की पुलिस लाइन में शुक्रवार को उच्चीकृत एवं नवीनीकृत वशिष्ठ सभागृह का भव्य उद्घाटन पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन ने क्षेत्राधिकारी सदर के साथ संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गान के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।


इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वशिष्ठ सभागृह का उच्चीकरण पुलिस विभाग की कार्यकुशलता और आधुनिकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह सभागृह अब विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सभाओं के लिए एक आधुनिक एवं सुसज्जित स्थल के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने का यह अवसर हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने और देश सेवा के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल करने की प्रेरणा देता है।


क्षेत्राधिकारी सदर ने अपने संबोधन में सभागृह के निर्माण में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने इसे विभाग की प्रगति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।


उद्घाटन के बाद पुलिस लाइन परिसर में यातायात प्रशिक्षण समापन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें हाल ही में नियुक्त पुलिसकर्मियों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण में आरक्षियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, चालक प्रशिक्षण और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई से संबंधित विशेष जानकारी दी गई थी।


समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों के साथ सैनिक सम्मेलन किया। उन्होंने कहा कि यातायात विभाग पुलिस की रीढ़ है, जो सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने नव प्रशिक्षित कर्मियों से आग्रह किया कि वे अपने प्रशिक्षण का उपयोग जनहित और यातायात अनुशासन को बनाए रखने में करें।

1 / 6
Your Score0/ 6
Amril Lal
ABOUT THE AUTHOR

Amril Lal

वरिष्ठ संवाददाता, बस्तीbastiamrillal@newstrackensite.vocalwire.com
Next Story