TRENDING TAGS :
Chandauli News: नाव हादसे के 36 घंटे बाद दो किशोरों के शव बरामद
Chandauli News: चंदौली में नाव हादसे के 36 घंटे बाद मिले दो किशोरों के शव, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने चलाया लंबा सर्च ऑपरेशन
नाव हादसे के 36 घंटे बाद दो किशोरों के शव बरामद (photo: social media )
Chandauli News: चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदोचक के पास चंद्रप्रभा नदी में सोमवार को छठ के पहले दिन हुए नाव हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। इस हादसे में नाव पलटने से छह लोग नदी में डूब गए थे, जिनमें से तीन को तैराकों ने समय रहते बचा लिया। वहीं तीन किशोर अरुण, पीयूष और यश की नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार की रात एक शव बरामद हुआ था, जबकि बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने पीयूष और यश के शव को 36 घंटे की अथक खोजबीन के बाद लगभग 500 मीटर दूर से बरामद किया।
मौके पर राहत और बचाव कार्य के दौरान पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी रहीं। नदी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण खोज अभियान में टीमों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मृतक किशोरों के शव मिलने के बाद क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीनों किशोर आपस में घनिष्ठ मित्र थे
जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर आपस में घनिष्ठ मित्र थे और अक्सर एक साथ समय बिताते थे। हादसे के दिन पीयूष, जो चकिया निवासी था, अपने ननिहाल आया हुआ था। मामा के मना करने के बावजूद वह अपने दोस्तों के साथ नाव पर घूमने और वीडियो बनाने चला गया, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
डीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि दोनों किशोरों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।


