TRENDING TAGS :
Chandauli News: कोटेदारों का धैर्य जवाब दे रहा – 15 जुलाई को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन, 18 को लखनऊ में धरने की चेतावनी
Chandauli News: छह महीने बीत जाने के बाद भी शासन और प्रशासन की चुप्पी से नाराज़ कोटेदार अब आंदोलन के मूड में हैं। 15 जुलाई को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा,
Chandauli News
Chandauli News: जनवरी 2025 से अब तक लाभांश न मिलने के कारण चंदौली जिले के कोटेदारों की रोज़मर्रा की जिंदगी संकट में पड़ गई है। छह महीने बीत जाने के बाद भी शासन और प्रशासन की चुप्पी से नाराज़ कोटेदार अब आंदोलन के मूड में हैं। 15 जुलाई को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा, और यदि तब भी समाधान नहीं निकला, तो 18 जुलाई को लखनऊ स्थित खाद्य आयुक्त कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
लाभांश रुका, कोटेदार बेहाल
चंदौली जिले में कुल 863 कोटेदार हैं, जिनकी आजीविका का एकमात्र स्रोत सरकारी खाद्यान्न वितरण से मिलने वाला लाभांश है। लेकिन जनवरी 2025 से किसी भी कोटेदार को लाभांश नहीं मिला है। इससे कोटेदारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
"जीवन संकट में है, शासन मौन क्यों?"
कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि लगातार लाभांश न मिलने से कोटेदारों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दो-चार दिन में भुगतान नहीं हुआ, तो 15 जुलाई को जिलाधिकारी और जिला आपूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर 18 जुलाई को खाद्य आयुक्त कार्यालय लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
अति पिछड़े क्षेत्रों के कोटेदार और अधिक परेशान
नौगढ़ कोटेदार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम बहाल सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में 46 कोटेदार हैं और यह इलाका अति पिछड़ा है। यहां की पूरी आबादी की आय का स्रोत यही राशन वितरण प्रणाली है। उन्होंने कहा, “दवा, दूध, भोजन, स्कूल की फीस – सब कुछ इसी कमाई पर निर्भर करता है। लाभांश न मिलने से हम बुरी तरह परेशान हैं।”
कोटेदारों की मांग: अविलंब भुगतान किया जाए
कोटेदार संघ ने शासन-प्रशासन से लाभांश का तत्काल भुगतान करने की मांग की है, जिससे कोटेदारों को राहत मिल सके और वे फिर से सामान्य जीवन जी सकें।


