Chandauli News: चंदौली में 100 साल का जल-प्रलय: 24 घंटे की बारिश ने मचाई तबाही

Chandauli News: बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण गड़ई, चंद्रप्रभा और कर्मनाशा जैसी प्रमुख नदियाँ अब ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

Sunil Kumar
Published on: 4 Oct 2025 11:14 AM IST
Chandauli Flood News
X

चंदौली में 100 साल का जल-प्रलय  (photo: social media )

Chandauli News: सौ साल में पहली बार! चंदौली में आसमान से बरसी आफत ने पिछले एक शताब्दी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लगातार 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने ज़िले में जल-प्रलय जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। निचले और वनांचल इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण गड़ई, चंद्रप्रभा और कर्मनाशा जैसी प्रमुख नदियाँ अब ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई गांव जलमग्न हो गए हैं, और सड़कें दरिया में बदल चुकी हैं, जिसने लोगों को सुरक्षित ठिकानों की तलाश में पलायन करने पर मजबूर कर दिया है।

वनांचल में हाहाकार: नौगढ़ में डूबे घर, विस्थापित हुए ग्रामीण

वनांचल क्षेत्र नौगढ़ में कर्मनाशा नदी के किनारे बसे लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, नदी किनारे रह रहे ग्रामीणों को मजबूरी में अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। हालांकि, नौगढ़ बांध के खुलने से पानी का दबाव कुछ कम हुआ है, जिससे निचले क्षेत्रों को अस्थायी राहत मिली है।

घरों में घुसा पानी, आक्रोशित ग्रामीणों का चक्काजाम

बारिश और नदियों के उफान का कहर निचले क्षेत्रों में सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। तियरां गांव में भारी जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की सही निकासी न होने से नाराज़ ग्रामीणों ने अपना विरोध जताते हुए चकिया-चंदौली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद ही चक्काजाम समाप्त हो सका।

प्रशासन हुआ सक्रिय, हाई अलर्ट जारी

मुगलसराय-चकिया रोड पर भी अत्यधिक जलभराव की समस्या बनी हुई है। ज़िले में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए, प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट जारी कर दिया है। राहत-बचाव दल (SDRF/NDRF) को सक्रिय किया गया है, ताकि ज़रूरतमंदों तक तेजी से मदद पहुंचाई जा सके। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और कटाव वाले क्षेत्रों से बिल्कुल दूर रहने की कड़ी अपील की है।

1 / 5
Your Score0/ 5
Monika

Monika

Mail ID - monika.254229@gmail.com

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story