TRENDING TAGS :
Chandauli News: मृत व्यक्ति को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक ने किया जिंदा,जानिए कैसे
Chandauli News: पूर्व विधायक के दबाव और प्रयासों का सकारात्मक असर हुआ। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित जांच शुरू की और अनिल गिरी की जमीन पुनः उनके नाम कर दी गई।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के निदिलपुर गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक जीवित व्यक्ति को सरकारी कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। पीड़ित अनिल गिरी, जो वर्षों से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे थे, आखिरकार समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की पहल से न्याय पा सके।
दरअसल, गांव के लेखपाल द्वारा अनिल गिरी को फर्जी तरीके से मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उनकी 8 बिस्वा जमीन, जो करी गांव के आराजी संख्या 624 में स्थित है, किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज कर दी गई। पीड़ित अनिल गिरी अधिकारियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनके लिए कागजों में खुद को जिंदा साबित करना सबसे बड़ा संघर्ष बन गया था।
जब यह मामला समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के संज्ञान में आया, तो वे तुरंत पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने न केवल पीड़ित की बात सुनी बल्कि जिलाधिकारी से तत्काल संपर्क कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते पीड़ित को न्याय नहीं मिला, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
पूर्व विधायक के दबाव और प्रयासों का सकारात्मक असर हुआ। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित जांच शुरू की और अनिल गिरी की जमीन पुनः उनके नाम कर दी गई। यह जीत सिर्फ अनिल गिरी की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए उम्मीद की किरण है जो सरकारी तंत्र की लापरवाही और भ्रष्टाचार से पीड़ित हैं।
इस मामले के उजागर होने के बाद गांव में चर्चा का विषय बन गया कि कैसे एक जीवित व्यक्ति को "मृत" बना दिया गया था और कैसे एक जनप्रतिनिधि के प्रयासों से वह "फिर से जिंदा" हो गया। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की सक्रियता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता ने एक बार फिर दिखाया कि सही नेतृत्व होने पर अन्याय के खिलाफ लड़ाई जीती जा सकती है।


