Chandauli News: डीडीयू मंडल में एनडीआरएफ के साथ रेलवे ने किया मॉक ड्रिल

Chandauli News: चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर रेलवे और एनडीआरएफ ने संयुक्त मॉक ड्रिल कर आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय की क्षमता का परीक्षण किया।

Ashvini Mishra
Published on: 10 Nov 2025 3:24 PM IST
Chandauli News: डीडीयू मंडल में एनडीआरएफ के साथ रेलवे ने किया मॉक ड्रिल
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के डीडीयू मंडल के डीडीयू जंक्शन पर सोमवार को रेलवे प्रशासन और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की संयुक्त टीम ने एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य रेल दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थिति में रेलवे की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का परीक्षण करना था।

मॉक ड्रिल के दौरान रेल दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलते ही रेलवे के कर्मचारी, अधिकारी, सुरक्षा बल और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्यों को तेजी से शुरू किया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने ट्रेन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने ट्रैक की स्थिति का निरीक्षण कर यथाशीघ्र परिचालन बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की। मौके पर डीडीयू मंडल के अधिकारी और सुरक्षा विभाग के कर्मी भी मौजूद रहे। इस दौरान सभी विभागों के बीच आपसी तालमेल और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉक ड्रिल का आयोजन समय-समय पर किया जाता है ताकि किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर सकें और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने भी रेलवे की तत्परता और राहत कार्यों की सराहना की।इस अभ्यास से रेलवे कर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का अनुभव मिला और यह सुनिश्चित हुआ कि दुर्घटना की स्थिति में राहत-बचाव कार्य कितनी तेजी और कुशलता से किए जा सकते हैं। इस मॉक ड्रिल ने यह संदेश दिया कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

1 / 8
Your Score0/ 8
Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story