TRENDING TAGS :
अखिलेश यादव का पसीजा दिल, सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायल परिवार को देखकर रुकवाया काफिला, की मदद
Etawah News: अखिलेश यादव ने आज इटावा जाते समय सड़क पर घायल परिवार को देखकर अपने काफिले को रुकवाकर उनकी मदद की।
Etawah News
Etawah News: इटावा में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का काफिला आज सुबह जा रहा था। इस बीच रास्ते में अखिलेश की नजर सड़क पर पड़े घायलों पर पड़ी। दरअसल, इटावा-मैनपुरी मार्ग पर सड़क पर खून बिखरा हुआ पड़ा था और एक परिवार घायल अवस्था में मदद की गुहार लगा रहे थे। पति, पत्नी और उनकी बेटी, तीनों जमीन पर खून से लथपथ तड़प रहे थे। ये नजारा जैसे ही अखिलेश यादव ने देखा, उन्होंने तुरंत काफिले को रुकवाया और मदद के लिए आगे आए।
अखिलेश यादव ने बुलाई VIP एंबुलेंस
सड़क पर पड़े घायलों को देखकर अखिलेश यादव ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाने का इशारा किया। उनके साथ सुरक्षा में चल रहे सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। अखिलेश खुद कार से उतरे और घायलों के पास पहुंचे। उन्होंने उनकी हालत देखी, तुरंत अपनी फ्लीट में मौजूद VIP एंबुलेंस बुलवाई और तीनों को सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा।
कैसे हुआ हादसा?
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, यह परिवार बाइक से जा रहा था। तभी तेज रफ्तार डस्टर कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। डस्टर चालक भागने की कोशिश में था, लेकिन अखिलेश यादव के काफिले में मौजूद लोगों ने उसे गाड़ी समेत पकड़ लिया।
कार्यक्रम के रास्ते में मिली जरूरतमंद मदद
अखिलेश यादव अपने चाचा स्व. राजपाल यादव के घर, इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में रक्षाबंधन के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। राजपाल यादव का सात महीने पहले निधन हो गया था, और पूरे यादव परिवार के सदस्य एकत्रित हो रहे थे। अखिलेश के साथ सांसद धर्मेंद्र यादव भी थे। वे सैफई से मात्र 8 किलोमीटर ही निकले थे कि यह दर्दनाक हादसा सामने आ गया।
अखिलेश यादव ने तुरंत दी कार्रवाई की हिदायत
अखिलेश यादव ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और डस्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। घायलों की हालत का पता करने के बाद, उन्होंने लगभग 10 मिनट तक वहीं रुककर व्यवस्था सुनिश्चित की, फिर काफिला आगे रवाना हुआ।
परिवार में रक्षाबंधन का मिलन
इटावा में फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर पर अखिलेश यादव, डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, शिवपाल यादव, सांसद आदित्य यादव समेत पूरा परिवार एक साथ मौजूद था। अखिलेश के बेटे अर्जुन यादव, बेटियां टीना यादव और अदिति यादव भी अपनी मां के साथ पहुंचीं।


