TRENDING TAGS :
Fatehpur News: मृतक हरिओम के परिजनों से मिले यूपी मंत्री, 13.5 लाख रुपये आर्थिक सहायता
Fatehpur News: फतेहपुर में मृतक हरिओम के परिजनों से यूपी सरकार के दो मंत्री मिले और 13.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। अधिकारियों ने आरोपी लोगों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
Fatehpur News
Fatehpur News: यूपी के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के तुरवबली का पुरवा निवासी गंगादीन पासवान के 40 वर्षीय पुत्र हरिओम की 1 अक्टूबर को रायबरेली जिले के गदागंज में ग्रामीणों ने चोर बताकर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक के मरते समय राहुल गांधी का नाम लेने की बात सामने आई थी। हरिओम की हत्या के बाद कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा मृतक के घर पर जमा होने लगा।
शनिवार को यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और समाज कल्याण मंत्री अरुण आशीम अपने काफिले के साथ मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने मृतक के पिता गंगादीन पासवान को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की।मंत्री राकेश सचान ने बताया कि हरिओम किसी काम से रायबरेली जिले गए थे, जहां गदागंज के ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझकर निर्मम हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि हत्या के मामले में रायबरेली पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर 21 लोगों को चिन्हित किया है, जिनमें से 12 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
समाज कल्याण मंत्री अरुण आशीम ने कहा कि मृतक की पत्नी और बेटी रायबरेली में रहती हैं, जबकि माता-पिता, भाई-बहन फतेहपुर में हैं। इसी कारण सरकार की ओर से कुल 13.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दोनों स्थानों पर वितरित की गई। इसके साथ ही मृतक की बहन कुसुम और भाई शिवम को योग्यता के अनुसार नौकरी दी जाएगी।मंत्री अरुण आशीम ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग “ड्रोन आया, चोर आया” जैसी अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा, “जिन लोगों की अवैध दुकानें मुख्यमंत्री द्वारा बंद करवाई गई हैं, वे इस तरह अफवाह फैला रहे हैं। किसी भी आपत्तिजनक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”


