TRENDING TAGS :
Hapur: अमरोहा में व्यापारी से एक करोड़ की रंगदारी, फायरिंग के बाद हिस्ट्रीशीटर समेत 9 पर मुकदमा दर्ज
Hapur News: अमरोहा के व्यापारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों पर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
Hapur News
Hapur News: अमरोहा के थाना गजरौला के गांव यकबगड़ी निवासी एक व्यापारी से हाफिजपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर ने अपने गिरोहबंद नौ साथियों संग मिलकर करीब एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। जब व्यापारी ने रंगदारी देने से मना कर दिया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आरोपियों ने पीड़ित को देहात थाना क्षेत्र के जरोठी रोड पर स्थित एक जमीन को खरीदने का लालच दिया था। रंगदारी और जमीन का बैनामा नहीं होने से परेशान व्यापारी ने अपने रुपये वापस मांगे तो उससे रंगदारी मांगी गई। अब इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सभी नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है मामला?
गांव यकबगड़ी निवासी वेदपाल सिंह ने बताया कि जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव घुंघराला निवासी अरूण उर्फ कोमल और सदर कोतवाली क्षेत्र के खुर्जा पेंच निवासी विजय अग्रवाल कुछ समय पहले उनके पास आए थे। दोनों ने जरोठी रोड पर स्थित एक जमीन के बिक्री होने का झांसा दिया था। जिस पर उन्होंने प्लाटिंग कराकर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे रुपये ऐंठने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए और रंगदारी मांगने लगे।
फायरिंग की घटना
बीती 06 अक्टूबर 2025 को वह फ्रीगंज रोड पर आये हुए थे। तभी हिस्ट्रीशीटर ने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें वह बाल-बाल बच गए। इस संबंध में स्थानीय कोतवाली और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया गया। लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। जिसके बाद पीड़ित ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की न्यायालय में शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


