TRENDING TAGS :
गैंगस्टर का शिकंजा: प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड समेत 10 कुख्यात अपराधियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
Hapur News : हापुड़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड समेत 10 कुख्यात अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
Hapur Gangster News ( Image From Social Media)
Hapur News:-जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो थाना क्षेत्रों में सक्रिय 10 गैंगस्टरों पर शिकंजा कस दिया है। कपूरपुर पुलिस ने चर्चित प्रॉपर्टी डीलर बलवीर सिंह हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध किया है, जबकि सदर कोतवाली पुलिस ने छह शातिर अपराधियों पर कार्रवाई की है। इस खबर के फैलते ही अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड से उठा पर्दा, रोहताश बना गैंग लीडर
कपूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि गांव पारपा निवासी बलवीर सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। उन्होंने गांव के ही रोहताश को करीब 25 लाख रुपये उधार दिए थे। पैसे की मांग करने पर रोहताश ने 19 जनवरी 2025 को अपने साथियों के साथ मिलकर बलवीर की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गुलावठी-धौलाना मार्ग पर कंदौला के जंगल में फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया था।इस वारदात को अंजाम देने वाले रोहताश को गैंग लीडर बनाया गया है, जबकि उसके साथी सोनू उर्फ प्रदीप, सतीश (गांव पारपा) और साजिद (मिठ्ठेपुर, बुलंदशहर) को गैंग सदस्य घोषित किया गया है। पुलिस रिपोर्ट में बताया गया है कि ये आरोपी लंबे समय से गिरोह बनाकर लूट, धमकी और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देते रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
सदर कोतवाली पुलिस ने भी की बड़ी कार्रवाई
वहीं, सदर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट और एसपी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत छह और शातिर अपराधियों को निरुद्ध किया गया है। इनमें शामिल हैं जफर उर्फ जफर आलम (गैंग लीडर), निवासी कोटला मेवतियान,सावेज उर्फ शहावेज (लिसाड़ी गेट, मेरठ)
सोनी उर्फ वकील (सिकंदरगेट)
वाहिद उर्फ वाजिद (देहली गेट)
नदीम (कोटला मेवतियान)
सादिक (मजीदपुरा गली नंबर-11) ये सभी आरोपी गिरोह बनाकर मारपीट, अवैध हथियारबंदी, उगाही और आतंक फैलाने जैसे अपराधों में लिप्त रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ये लोग सामाजिक और आर्थिक लाभ के लिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते थे, जिससे आम जनता में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था।
गैंगस्टरों की तलाश तेज, जल्द होगी गिरफ्तारी
एसएचओ देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अब इन अपराधियों की संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस का सख्त संदेश अपराधियों की खैर नहीं
जिले में गैंगस्टर की कार्रवाई से अपराध जगत में खलबली मच गई है। पुलिस ने साफ कहा है कि जो भी व्यक्ति गिरोह बनाकर अपराध करेगा, उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी और उसकी अवैध संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा।


