Hapur News: हापुड़ जंक्शन पर बड़ी लापरवाही! स्लीपर लेकर जा रहा इंजन बेपटरी, मौके पर मचा हड़कंप

Hapur News: इंजन का एक पहिया अचानक पटरी से उतर जाने से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना यार्ड क्षेत्र में हुई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।

Avnish Pal
Published on: 10 Oct 2025 10:23 AM IST
Hapur News
X

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार सुबह रेल प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई। पटरियों की मरम्मत के लिए स्लीपर लेकर जा रहा एक इंजन यार्ड में ही बेपटरी हो गया। इंजन का एक पहिया अचानक पटरी से उतर जाने से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना यार्ड क्षेत्र में हुई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।

कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह रेलवे यार्ड से स्लीपर लेकर मेरठदृखुर्जा रेल लाइन की दिशा में जा रहा इंजन जैसे ही लाइन बदलने के लिए आगे बढ़ा, उसका एक पहिया पटरी से उतर गया। इंजन चालक ने तुरंत ट्रेन को रोककर रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना दी। देखते ही देखते यार्ड में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।कुछ ही मिनटों में स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह, रेलवे इंजीनियरों और तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने हालात का जायजा लिया और तुरंत रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इंजन का पहिया दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया।

राहत की बात,नहीं रुकी कोई ट्रेन

इस घटना से यात्रियों को राहत मिली क्योंकि यह हादसा मुख्य लाइन पर नहीं बल्कि यार्ड में हुआ। इससे किसी ट्रेन के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। रेल अधिकारियों के मुताबिक, यदि यह घटना मुख्य लाइन पर होती तो मेरठ से लखनऊ और दिल्ली की ओर जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन ठप हो सकता था और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।

यार्ड की पटरी की हालत चिंताजनक

स्थानीय रेलवे सूत्रों के अनुसार, हापुड़ रेलवे यार्ड में पिछले कुछ महीनों से पटरियों की स्थिति खराब बनी हुई है। कई बार कर्मचारियों ने पटरी के नीचे की बैलास्टिंग और जॉइंट ढीले होने की शिकायत की थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते इनकी मरम्मत नहीं की गई। इससे पहले भी यार्ड में इंजन के बेपटरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि “रेलवे यार्ड की कई लाइनें जर्जर स्थिति में हैं। यहां भारी इंजन या मालगाड़ी का संचालन जोखिम भरा है। अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया, लेकिन हर बार जांच के नाम पर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।”

रेलवे प्रशासन का बयान

घटना के संबंध में स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि,“यार्ड में स्लीपर ले जाने वाला इंजन पटरी बदलने के दौरान एक पहिया बेपटरी हो गया था। रेलवे की टीम क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू कर दिया। इस घटना से रेल संचालन पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है। इंजन के बेपटरी होने की वजह की जांच की जा रही है।”

जांच शुरू, रिपोर्ट जाएगी मुरादाबाद मंडल को

रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल मुख्यालय को भेजी जाएगी। इंजीनियरिंग विभाग को पटरियों की तकनीकी जांच के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल इंजन को सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है और यार्ड की पटरियों की स्थिति का परीक्षण चल रहा है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story