TRENDING TAGS :
मैं विधायक बाद में...पहले एक पत्नी हूं जिसके..., सपा से निष्कासन के बाद MLA पूजा पाल का छलका दर्द
Pooja Pal: विधायक पूजा पाल ने सपा से निष्कासन पर कहा कि प्रयागराज की उन सभी महिलाओं की बात शायद नहीं सुन पाए जोकि मुझसे भी अधिक परेशान थी।
MLA Pooja Pal
Pooja Pal: उत्तर प्रदेश विधानसभा में योगी सरकार की तारीफ करना विधायक पूजा पाल को भारी पड़ गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कौशांबी जनपद के चायल से विधायक पूजा पाल को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में निष्कासित कर दिया है। सपा प्रमुख ने यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पूजा पाल के योगी सरकार की तारीफ करने पर यह कार्यवाही की है। पूजा पाल ने सदन में कहा था कि माफिया अतीक अहमद को मिट्टी में मिलाकर मुख्यमंत्री ने उनको न्याय दिलाया है। पार्टी से निष्कासित किये जाने के बाद विधायक पूजा पाल ने पहली प्रतिक्रिया दी है।
विधायक पूजा पाल ने सपा से निष्कासन पर कहा कि प्रयागराज की उन सभी महिलाओं की बात शायद नहीं सुन पाए जोकि मुझसे भी अधिक परेशान थी। लेकिन मुझे विधायक चुन विधानसभा भेजा है। इसलिए मैं उन सभी की माताओं-बहनों की आवाज हूं। जिन्होंने अपनों को खो दिया है। पूजा पाल ने आगे कहा कि प्रयागराज में अतीक अहमद के आतंक से सीएम ने केवल पूजा पाल को ही न्याय नहीं दिलाया है बल्कि सभी पीड़ितों के साथ न्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बात वह आज से ही नहीं बल्कि पहले ही दिन से कह रही हैं। जब वह पार्टी में थी और वह अपनी बात पर हमेशा कायम रहेगीं। विधायक पूजा पाल ने कहा कि वह विधायक बाद में हैं। इससे पहले वह एक महिला और एक पत्नी हैं। उनके साथ जो कुछ हुआ। वह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
पीडीए पर भी बोला हमला
विधायक पूजा पाल ने सपा से निष्कासित किये जाने के बाद बागी तेवर में कहा कि वह पीडीए की हमेशा बात करते हैं। लेकिन वह भी तो पिछड़े समाज से आती हैं। भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि वह घर से बाहर इसलिए निकली। क्योंकि उनके पति की सरेराह हत्या कर दी गयी। वह उस समय नई-नवेली दुल्हन थीं और घर पर कोई भी नहीं था। इस कार्यवाही से उन्होंने यह साबित कर दिया है कि वह पीडीए के खिलाफ ही हैं। वहीं विधायक पूजा पाल के सपा से निष्कासन पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, उनके खिलाफ यह कार्रवाई बेहद निंदनीय है।


