TRENDING TAGS :
Jaunpur News: सराय पड़री में युवक की ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या, गांव में फैली सनसनी
Jaunpur News: भाभी प्रियंका ने आरोप लगाया कि मनोज शराब नहीं पीता था, लेकिन दोस्तों ने जबरन शराब पिलाई और ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
युवक की ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या (Photo- Newstrack)
Jaunpur News: जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के सराय पड़री गांव में शुक्रवार रात्रि 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह शव मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान मनोज कुमार यादव पुत्र स्व. भगेलु राम यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, मनोज शनिवार रात अपने घर से करीब 500 मीटर दूर पाही पर दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। भोजन के लिए उसकी भाभी प्रियंका ने 14 वर्षीय भतीजे प्रदीप को चावल-रोटी देकर भेजा था, जबकि मुर्गा वहीं पाही पर पक रहा था। देर रात तक घर न लौटने पर सुबह प्रदीप पाही पर पहुंचा तो छत पर मनोज का लहूलुहान शव पड़ा मिला।
दोस्तों ने शराब पिलाने के बाद कर दी हत्या
सूचना पाकर सीओ बदलापुर गोल्डी गुप्ता, महराजगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय, बदलापुर थानाध्यक्ष शेष कुमार शुक्ला समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाभी प्रियंका ने आरोप लगाया कि मनोज शराब नहीं पीता था, लेकिन दोस्तों ने जबरन शराब पिलाई और ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व गांव के ही कुछ लोगों से विवाद के बाद मनोज पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, ऐसे में रंजिश या प्रेम प्रसंग की वजह से हत्या की आशंका है। मनोज चार भाइयों में सबसे छोटा था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। एक साल पहले सड़क हादसे में दो बड़े भाइयों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीसरा भाई दिल्ली में नौकरी करता है। मनोज ट्रैक्टर चलाकर भाइयों के बच्चों की परवरिश कर रहा था।
पुलिस ने बताया
एसओजी प्रभारी के.के. सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से पत्तल, बर्तन और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार थानों की फोर्स लगाई है। सीओ बदलापुर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


