Jhansi News: झांसी सांसद अनुराग शर्मा का बुंदेलखंड को विकसित भारत 2047 में अग्रणी बनाने का संकल्प

Jhansi News: सांसद अनुराग शर्मा ने बुंदेलखंड को 'विकसित भारत 2047' में अग्रणी क्षेत्र बनाने का संकल्प लिया

Gaurav kushwaha
Published on: 24 Oct 2025 6:23 PM IST
Jhansi News: झांसी सांसद अनुराग शर्मा का बुंदेलखंड को विकसित भारत 2047 में अग्रणी बनाने का संकल्प
X

Jhansi News: झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा ने देश के रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने रक्षा मंत्री को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान करते हुए, झांसी-ललितपुर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए उनके सतत मार्गदर्शन और प्रयासों के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि राजनाथ सिंह के कुशल नेतृत्व में बुंदेलखंड क्षेत्र आज आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक निर्णायक भूमिका निभा रहा है। झांसी अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उभरता हुआ केंद्र बन चुका है। यह केवल क्षेत्र की आर्थिक प्रगति का नहीं, बल्कि देश की सामरिक शक्ति और तकनीकी आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के संकल्प को साकार करने हेतु झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र को विकास और आत्मनिर्भरता के बीच एक सशक्त पुल बनाने का उनका संकल्प अटल है।

झांसी-ललितपुर की भूमिका केवल क्षेत्रीय विकास तक सीमित नहीं

सांसद ने स्पष्ट किया कि झांसी-ललितपुर की भूमिका केवल क्षेत्रीय विकास तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह संपूर्ण बुंदेलखंड को ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में अग्रणी क्षेत्र के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि 2047 तक आत्मनिर्भर विकसित भारत के निर्माण में झांसी-ललितपुर एक ऐसा अग्रणी क्षेत्र बने जो रक्षा उत्पादन, औद्योगिक प्रगति, कृषि नवाचार और सामाजिक सशक्तिकरण के माध्यम से विकास का आदर्श मॉडल प्रस्तुत करे — यही मेरा संकल्प है।”

इस मुलाकात के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने रक्षा मंत्रालय द्वारा झांसी और आसपास के क्षेत्रों में चल रही रक्षा कॉरिडोर परियोजनाओं, निवेश की संभावनाओं, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों और उद्योगों के स्थानीयकरण पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि झांसी-ललितपुर क्षेत्र में रक्षा औद्योगिक निवेश से न केवल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे।

पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद अनुराग शर्मा द्वारा प्रस्तुत सुझावों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया। सांसद ने बताया कि भेंट के दौरान कई राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री का मार्गदर्शन सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। संगठनात्मक मजबूती, जनसेवा और राष्ट्रीय विकास की दिशा में उनका दृष्टिकोण अत्यंत स्पष्ट और दूरदर्शी है। उनके सुझाव न केवल संसदीय कार्यों में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, बल्कि जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।”

1 / 6
Your Score0/ 6
Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Next Story