TRENDING TAGS :
Jhansi News: रेलवे स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, सचखंड एक्सप्रेस से उतारी गई थी गर्भवती
Jhansi News: प्लेटफार्म पर हुई डिलीवरी, मां और बच्चा सुरक्षित; रेलवे अस्पताल में भर्ती, रेलवे प्रशासन की तत्परता की सराहना
रेलवे स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म (photo: social media )
Jhansi News: भारतीय रेलवे की ट्रेनों में अक्सर गर्भवती महिलाएं सफर करती हैं, और रेलवे उनका विशेष ख्याल रखता है। ऐसा ही एक ताजा मामला वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर सामने आया, जहां सचखंड एक्सप्रेस से उतारी गई एक गर्भवती महिला ने प्लेटफार्म पर ही एक बच्चे को जन्म दिया। रेलवे प्रशासन की तत्परता और कुशल प्रबंधन की यात्रियों और उपस्थित जनसमूह ने खुले दिल से सराहना की है। मां और नवजात दोनों को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार और निगरानी हो रही है।
गाड़ी संख्या 12715 (सचखंड एक्सप्रेस) के सामान्य कोच से भुसावल से मथुरा की ओर यात्रा कर रही महिला यात्री मोनिका भोसले को झांसी स्टेशन आते-आते अचानक तीव्र प्रसव पीड़ा हुई। सूचना प्राप्त होते ही रेल प्रशासन तत्काल एक्टिव मोड पर आ गया। रेल सुरक्षा बल और रेलवे डॉक्टर की टीम तुरंत प्लेटफार्म क्रमांक 4/5 पर पहुंची। टीम की त्वरित कार्रवाई से शिशु की डिलीवरी हुई और मां व बच्ची दोनों का स्वास्थ्य स्थिर था।
हालांकि, महिला यात्री अपनी यात्रा पूरी करना चाहती थीं, परंतु डॉक्टरों की टीम ने उनके और बच्चे के स्वास्थ्य की दृष्टि से उन्हें रेलवे अस्पताल में आगे के उपचार और निगरानी के लिए भेजने की सिफारिश की। काफी समझाने-बुझाने के पश्चात मोनिका तैयार हुईं, और वर्तमान में रेलवे अस्पताल में जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों और मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे प्रशासन की इस मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता और कुशल प्रबंधन की खुले दिल से सराहना की। इस सकारात्मक पहल ने रेलवे की छवि को एक बार फिर मानवीय मूल्यों से जोड़ दिया है, जो संकट की घड़ी में यात्रियों के साथ खड़े रहने की रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
क्या नवजात को मिलेगी आजीवन फ्री यात्रा?
अक्सर ऐसी बातें सुनी जाती हैं कि ट्रेन या प्लेन में पैदा होने वाले बच्चे को आजीवन फ्री यात्रा की सुविधा मिलती है। हालांकि, असल में इसे लेकर इंडियन रेलवे में कोई नियम नहीं है। प्रसव के दौरान रेलवे द्वारा मुफ्त चिकित्सा मदद मिल जाती है, लेकिन लाइफ टाइम फ्री यात्रा का भारतीय रेलवे में कोई प्रावधान नहीं है। इस तरह, रेलवे की मेडिकल टीम और स्टेशन स्टाफ की समय पर की गई कार्रवाई ने मां और नवजात दोनों की जान बचाकर एक मिसाल पेश की है।


