TRENDING TAGS :
Jhansi News: यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा-2025 का रिजल्ट 24 घंटे में, 3.44 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार होगा खत्म
Jhansi News: योगी सरकार ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी थी, जिसने रिकॉर्ड समय में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम तैयार कर लिया है।
यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा-2025 का रिजल्ट 24 घंटे में, 3.44 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार होगा खत्म (Photo- Newstrack)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2025 के नतीजों की घोषणा की तारीख आ गई है। नतीजे मंगलवार, 17 जून को घोषित किये जाएंगे। इसी के साथ तीन लाख 44 हजार अभ्यर्थियों के इंतजार की घड़ियां खत्म हो जाएंगी। योगी सरकार ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी थी, जिसने रिकॉर्ड समय में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम तैयार कर लिया है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में योगी सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी परीक्षा परिणाम जारी करेंगे।
1 जून, 2025 को हुआ था परीक्षा का आयोजन
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय ने पूरी शुचिता, पारदर्शिता और गोपनीयता के साथ परीक्षा प्रक्रिया को संपन्न कराया है। परीक्षा का आयोजन 1 जून, 2025 को प्रदेश के 69 जिलों में बनाए गए 751 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सफलतापूर्वक किया गया था।
इस वर्ष बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 3,44,546 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें 1,96,700 महिला और 1,47,846 पुरुष अभ्यर्थी शामिल थे। मूल्यांकन का कार्य पूरा होने के बाद रिजल्ट को ऑनलाइन घोषित करने के लिए संबंधित एजेंसी को भी सौंप दिया गया है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देखें परिणाम
परीक्षा परिणाम की औपचारिक घोषणा मंगलवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पुस्तकालय भवन में होगी। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी और प्रमुख सचिव एम. पी. अग्रवाल की उपस्थिति में परिणाम जारी करेंगे। परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे।


