TRENDING TAGS :
Lucknow में कूड़ा घर के विरोध में स्थानीय लोगों का प्रदर्शन, नगर निगम की JCB को रोका... जानें मामला
Lucknow News: स्थानीय पार्षद संदीप शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोग ढाई घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक जोनल अधिकारी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
Lucknow News: लखनऊ के ऐशबाग इलाके में लोगों के घरों के सामने जमा कचरे के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी लोगों ने नगर निगम की जेसीबी (JCB) को मौके पर ही रोक दिया जो कूड़ा हटाने के लिए पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने निगम के कर्मचारियों को कूड़ा उठाने नहीं दिया। इसकी जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करवाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी नगर आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
कूड़े के कारण पूरे इलाके में फैली दुर्गंध
स्थानीय पार्षद संदीप शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोग ढाई घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक जोनल अधिकारी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारियों ने पिछले 12 दिनों से कूड़ा नहीं हटाया है, जिसके चलते घरों के सामने तक कूड़ा पड़ा हुआ है। इस भारी मात्रा में जमा कूड़े के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई, जिससे निवासियों का जीना मुश्किल हो गया। शिकायत के बावजूद नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की और अधिकारी निवासियों की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। इसके संबंध में लोग अधिकारियों को पत्र भी लिख चुके हैं।
कूड़ा घर के बाहर कचरा फेंकते कर्मचारी
कूड़ा घर के पास रहने वाले निवासी भानु ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि कई दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण सड़क पर कचरे का विशाल ढेर लग गया है, घर में बदबू आने लगी है, बैठना तक मुश्किल हो रहा है। इससे सभी निवासी नाराज हैं। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लोग गंदगी के कारण अपना घर छोड़ने तक को मजबूर हो रहे हैं, लेकिन कोई बात सुनने वाला नहीं है। उन्होंने निगम से शिकायत की कि कर्मचारी कूड़ा घर के अंदर कूड़ा रखने के बजाय उसे बाहर ही फेंक जाते हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है।


