TRENDING TAGS :
अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर बने पंडाल में विराजेंगे 'मनौतियों के राजा', 27 अगस्त से शुरू होगा 20वां गणेश उत्सव, भक्त देखेंगे ब्रह्मोस्त्र मिसाइल
Lucknow News: लखनऊ के झूलेलाल वाटिका में आगामी 27 अगस्त से 6 सितम्बर तक चलने वाले इस 20वें गणेशोत्सव में भक्तों को इस बार महोत्सव की भव्यता के साथ-साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर जैसी झलक देखने को मिलेगी।
Lucknow Ganesh festival
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में गणेश उत्सव की तैयारियां जोरों पर है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कमेटियां नई-नई थीमों के आधार पर गणेश उत्सव की तैयारी पर जोर देते हुए भव्य पंडालों का निर्माण कर रही है। इसी बीच लखनऊ के झूलेलाल वाटिका में आगामी 27 अगस्त से 6 सितम्बर तक चलने वाले इस 20वें गणेशोत्सव में भक्तों को इस बार महोत्सव की भव्यता के साथ-साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर जैसी झलक देखने को मिलेगी। 85 फीट ऊंचे वातानुकूलित पंडाल, मुंबई सिद्धिविनायक शैली की 6 फीट ऊंची मूर्ति और ब्रह्मोस्त्र मिसाइल की प्रतिकृति इस आयोजन के विशेष आकर्षण होंगे। महोत्सव के दौरान वहां आने वाले लाखों श्रद्धालु 'मनौतियों के राजा' यानी गणपति के दरबार में अपनी चिट्ठियां लिखकर बप्पा से आशीर्वाद लेंगे।
85 फीट ऊंचा होगा गणपति का पंडाल, आकर्षण का केंद्र रहेगी ब्रह्मोस्त्र मिसाइल
लखनऊ में श्री गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से आयोजित 20वां गणेश महोत्सव इस बार और भी विशेष होने जा रहा है। गोमती नदी के किनारे बसी झूलेलाल वाटिका में 15,000 वर्ग फुट में वातानुकूलित और वाटरप्रूफ पंडाल दिल्ली के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है। 85 फीट ऊंचा यह पंडाल कोलकाता से आए कारीगरों की कारीगरी का अद्भुत उदाहरण पेश करता है। पंडाल में आपरेशन सिंदूर में प्रयोग की गई ब्रह्मोस्त्र मिसाइल की प्रतिकृति भी देखने को मिलेगी, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।
राजस्थान से लेकर कोलकाता के कलाकार देंगे प्रस्तुति
गणेश महोत्सव में आने वाले भक्तों के लिए केवल दर्शन ही नहीं बल्कि भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी प्रबंध किया गया है। इस कार्यक्रम में राजस्थान के बीकानेर के भजन गायक प्रवेश शर्मा 29 अगस्त को प्रस्तुति देंगे, जबकि खलीलाबाद के रोमी सरदार 31 अगस्त को भजनों की वर्षा करेंगे। इसके साथ ही ग्वालियर के मनोज शर्मा 2 सितम्बर को और देवघर के प्रसिद्ध गायक मनोज अजीत भी मंच पर अपने भजनों के माध्यम से भक्तिरस में डूबी प्रस्तुति देंगे। कोलकाता के संजय शर्मा के नेतृत्व में नृत्य नाटिका और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
सुरक्षा के नजरिए से कमेटी ने किए खास इंतजाम, बच्चों के लिए गेमिंग जोन की होगी सुविधा
विशेष पंडाल के साथ आयोजित होने वाले गणेश महोत्सव में इस बार भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलेगी। ऐसे में आयोजन समिति ने सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए खास प्रबंध किए हैं। पंडाल के भीतर व बाहर 60 CCTV कैमरे, 25 महिला व 25 पुरुष सुरक्षाकर्मी भक्तों की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। इतना ही नहीं, महोत्सव स्थल पर पंडाल के बाहर 14 हजार वर्ग फुट में भक्तों के बैठने की सुविधा होगी। महोत्सव में भक्तों के लिए फूड जोन, किड्स जोन, गेम जोन और शॉपिंग जोन भी बनाए जा रहे हैं। खास बात यह है कि श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ रुपये का बीमा और भगवान गणेश के लिए 25 लाख रुपये का बीमा कराया गया है।
6 सितंबर को निकलेगी गणपति की शोभा यात्रा
6 सितम्बर को भगवान गणपति की शोभा यात्रा दोपहर 1 बजे झूलेलाल वाटिका से शुरू होकर विश्वविद्यालय मार्ग, आईटी चौराहा, रामकृष्ण मठ, शंकरनगर, नजीरगंज, डालीगंज होते हुए वापस झूलेलाल वाटिका पर समाप्त होगी। शोभा यात्रा के बाद प्रतिमा का भू-विसर्जन किया जाएगा। हर वर्ष लाखों भक्त चिट्ठियों के माध्यम से बप्पा से अपनी मनौतियां मांगते हैं और इस बार भी गणेश महोत्सव में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ की उम्मीद है।


