TRENDING TAGS :
LULU मॉल में भारतीय सेना बैंड की गूंज ! सेना की प्रस्तुति ने दिलों को छुआ, देशभक्ति धुनों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
Lucknow Today News: रविवार शाम एक बेहद खास आयोजन का साक्षी बना, जब भारतीय सेना के प्रतिष्ठित बैंड ने अपनी प्रस्तुति से समूचे माहौल को देशभक्ति की भावनाओं से भर दिया।
Lulu Mall Lucknow
Lucknow Today News: राजधानी के लुलु मॉल में रविवार शाम एक बेहद खास आयोजन का साक्षी बना, जब भारतीय सेना के प्रतिष्ठित बैंड ने अपनी प्रस्तुति से समूचे माहौल को देशभक्ति की भावनाओं से भर दिया। मॉल के एट्रियम में आयोजित इस शानदार संगीत कार्यक्रम ने दर्शकों को न केवल मंत्रमुग्ध किया, बल्कि उनमें गर्व और सम्मान की भावना भी भर दी।
इस दौरान भारतीय सेना के बैंड ने पारंपरिक मार्शल धुनों से लेकर लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों तक का ऐसा समावेश किया कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। देशभक्ति गीतों की गूंज और सैन्य अनुशासन के साथ सधे हुए प्रदर्शन ने उपस्थित हर शख्स के दिल को छू लिया। इंडियन आर्मी के इस बैंड में शामिल अत्यधिक प्रशिक्षित संगीतकारों ने अपनी कला से यह दर्शाया कि भारतीय सेना सिर्फ रणभूमि में ही नहीं, सांस्कृतिक मंचों पर भी अद्वितीय है।
नागरिकों से जुड़ाव की पहल
बता दें कि यह आयोजन सेना के आउटरीच कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करना है। इस प्रयास के तहत भारतीय सेना आमजन तक पहुंच बनाकर न केवल अपने जज़्बे को साझा कर रही है, बल्कि युवाओं को भी प्रेरित कर रही है। इस बेहद खास मौके पर बैंडमास्टर ने कहा लखनऊ के लोगों के सामने प्रस्तुति देना हमारे लिए गर्व का क्षण है। हमारा संगीत उन सैनिकों के साहस और समर्पण का प्रतीक है जो राष्ट्र की सेवा में हमेशा तत्पर रहते हैं। हमें उम्मीद है कि हमारे संगीत ने आज यहां हर दिल में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित किया होगा।
दर्शकों ने की गर्मजोशी से सराहना
लुलु मॉल में हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों से पूरा मॉल परिसर गूंज उठा। कई दर्शक देशभक्ति गीतों के साथ सुर मिलाते नजर आए। यह आयोजन न केवल एक मनोरंजक अनुभव था, बल्कि यह भारतीय सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का एक माध्यम भी बना।
लुलु मॉल प्रबंधन ने जताया आभार
इस विशेष आयोजन को लेकर लुलु मॉल लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक समीर वर्मा ने कहा कि हमारे मॉल में भारतीय सेना बैंड का प्रदर्शन होना हमारे लिए गर्व की बात है। यह अनुभव हमारे संरक्षकों के लिए न केवल एक सांस्कृतिक दावत था, बल्कि प्रेरणा का स्रोत भी बना। हम भारतीय सेना के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हैं। वहीं कार्यक्रम का समापन जबरदस्त तालियों और भारत माता की जय’ के नारों के बीच हुआ, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों के मन में एक गहरी छाप छोड़ी। यह आयोजन भारतीय सेना की उस अदृश्य डोर को दर्शाता है, जो देश की जनता से उन्हें जोड़ती है सेवा, समर्पण और सम्मान की डोर।


