लखनऊ में लिफ्ट देने के बहाने युवक से लूट, 8 मिनट में अकाउंट से ट्रांसफर हुए 98 हजार रुपए, FIR दर्ज

Lucknow News: लखनऊ में लिफ्ट के बहाने युवक से लूट, बैंक खाते से 98 हजार रुपए ट्रांसफर

Hemendra Tripathi
Published on: 10 Sept 2025 1:48 PM IST
लखनऊ में लिफ्ट देने के बहाने युवक से लूट, 8 मिनट में अकाउंट से ट्रांसफर हुए 98 हजार रुपए, FIR दर्ज
X

Lucknow News

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में राह चलते लोगों से अलग अलग हथकंडे अपनाकर टप्पेबाजी और लूट करने की घटनाएं तेजी के साथ बढ़ती जा रही हैं। ऐसा ही मामला एक बार फिर लखनऊ के चारबाग इलाके से सामने आया, जहां बदमाशों ने लिफ्ट देने का झांसा देकर युवक को निशाना बना डाला। बताया जाता है कि चारबाग रेलवे स्टेशन के पास खड़े पीड़ित युवक को एक अज्ञात कार सवार ने मदद करने के बहाने कार में बैठाया और फिर रास्ता बदलकर उसका मोबाइल छीन लिया। हैरानी की बात यह रही कि मोबाइल छीनने के महज आठ मिनट के भीतर ही शातिर बदमाशों ने उसके बैंक खाते से 98 हजार की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

दादी से मिलने बाराबंकी लखनऊ आया था युवक

बताया जाता है कि बाराबंकी के रहने वाले रोहित कुमार अपनी दादी से मिलने लखनऊ आए थे। देर रात चारबाग रेलवे स्टेशन पर किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। बताया जाता है कि तभी एक अज्ञात युवक ने खुद को मददगार बताकर उसे अपनी कार में बैठा लिया और कहा कि वह पॉलिटेक्निक चौराहे तक छोड़ देगा। कार चालक की बात का भरोसा करके रोहित कार में बैठ गया। पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी ने रास्ता बदलकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास गाड़ी रोकी और रोहित का मोबाइल फोन छीन लिया।

8 मिनट में बैंक अकॉउंट से निकाले 98 हजार रुपए

पीड़ित ने बताया कि शातिर कार सवार बदमाश ने सुबह करीब सवा बजे से अगले 8 मिनट के अंदर ही पीड़ित के बैंक खाते से 98 हजार की रकम अलग-अलग जगहों पर ट्रांसफर कर डाली। अचानक हुए इस डिजिटल फ्रॉड से रोहित घबरा गया। पीड़ित ने घटना के बाद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। उसकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच टीम कार सवार बदमाश की पहचान और मोबाइल ट्रांजैक्शन की लोकेशन खंगालने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि साइबर क्राइम एक्सपर्ट्स की मदद से जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

1 / 7
Your Score0/ 7
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story