TRENDING TAGS :
लखनऊ पुलिस ने 2 शातिर चोर किए गिरफ्तार! 25 लाख की ज्वैलरी के साथ स्कूटी और बाइक बरामद
गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने करीब 25 लाख के आभूषणों के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में बंद पड़े मकानों की रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कार्रवाई के बीच मंगलवार को लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हुए अभियुक्तों की पहचान आनंद मौर्या और बबलू कुमार के रूप में हुई। पुलिस टीम के अनुसार गिरफ्तार के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से करीब 25 लाख से अधिक की कीमत के सोने व चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके साथ ही इस घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी व अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गैंग गोमतीनगर और खरगापुर इलाके में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
हिमालयन तिराहे के पास से गिरफ्तार हुए दोनों शातिर चोर
पुलिस टीम ने बताया कि बीते 18 अगस्त को गोमतीनगर विस्तार थाने में पीड़ित की ओर से घर में हुई चोरी की जानकारी देते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम ने बताया कि मामले में जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल खरगापुर अंडरपास, हिमालयन तिराहे के पास बांटा जा रहा है। इस पर गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने छापा मारकर 24 वर्षीय आनंद मौर्या और 32 वर्षीय बबलू कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस की ओर से हुई पूछताछ में अभियुक्तों ने गोमतीनगर के विवेकखंड में हुई एक अन्य चोरी का भी खुलासा किया।
अभियुक्तों के कब्जे से 25 लाख से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस टीम ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान टीम ने अभियुक्तों के कब्जे से पीली और सफेद धातु के आभूषणों की भारी खेप बरामद की, जिनकी अनुमानित कीमत 25 लाख से अधिक है। इन आभूषणों में चेन, अंगूठियां, झुमके, कंगन, पायल और मंगलसूत्र शामिल हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी और अपाचे बाइक को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बबलू कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, बबलू कुमार पर लखनऊ के बीबीडी, चिनहट, इंदिरानगर और गाजीपुर थाने में चोरी और अन्य धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इन पुराने मामलों को भी खंगाल रही है ताकि इन अपराधों में उसकी भूमिका की पुष्टि हो सके।


