TRENDING TAGS :
लखनऊ में 'क्राइम टूरिज्म' करता था फर्रुखाबाद का कुलदीप! हफ्ते में 2-3 बार आता था जेबें काटने, 16 मुकदमों में वांछित
Lucknow News: लखनऊ पुलिस ने मुठभेड़ में फर्रुखाबाद के शातिर बदमाश कुलदीप को दबोचा। वह सप्ताह में 2–3 बार लखनऊ आकर पॉकेटमारी करता था और लौट जाता था। आरोपी पर 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
Crime Tourism Thief from Farrukhabad Busted in Lucknow Police Encounter Accused of 16 Thefts
Lucknow News: लखनऊ के महानगर इलाके में देर रात हुए एनकाउंटर में पुलिस के हत्थे चढ़ा पॉकेटमार कुलदीप सिर्फ एक आम चोर नहीं, बल्कि एक ऐसा शातिर अपराधी निकला, जिसने ‘क्राइम टूरिज्म’ जैसा तरीका अपना रखा था। पुलिस की मानें तो वह फर्रुखाबाद से हफ्ते में दो से तीन बार लखनऊ आता, जेबकतनी करता और फिर लौट जाता। खास बात यह कि वह कभी शहर में नहीं रुकता था, सीधे हाईवे पकड़कर वापस निकल जाता था।
रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और बाजार को बनाता था टारगेट
मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार हुए शातिर कुलदीप उर्फ ढेला ने पुलिस की ओर से हुई पूछताछ में बताया कि वह आमतौर पर भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाता था जैसे चारबाग रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, बाजार और ब्रिज के नीचे सोते लोग। वो एक ही दिन में कई पॉकेटमारी की घटनाएं कर लेता और फिर बाइक से वापस फर्रुखाबाद भाग जाता।
चार दिन पहले ही काटी थी 47 हजार की जेब
मिली जानकारी के अनुसार, महानगर थाना क्षेत्र में 4 दिन पहले एक व्यक्ति की जेब काटकर 47 हजार रुपए उड़ाने की घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। तीन टीमों को लगाया गया और बुधवार देर रात को इंदिरा नगर ब्रिज के पास मुठभेड़ के दौरान वह पुलिस की गोली लगने के बाद घायल अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान कुलदीप की जेब से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, नकदी से भरा पर्स और एक कीपैड मोबाइल मिला। पुलिस का मानना है कि यह मोबाइल वह सिर्फ अपराध की प्लानिंग के लिए इस्तेमाल करता था।
गिरफ्तार अभियुक्त पर 16 से ज्यादा केस, अब नेटवर्क पर फोकस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कुलदीप पर विभिन्न जिलों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। एडीसीपी ममता चौधरी के मुताबिक अब उसका नेटवर्क खंगाला जा रहा है। आशंका है कि उसके जैसे कई और 'क्राइम टूरिस्ट' राजधानी में सक्रिय हैं।


